नई दिल्ली: भारत के दिग्गज स्पिन गेंदबाज हरभजन सिंह ने शुक्रवार को क्रिकेट के सभी फॉर्मेट से संन्यास का ऐलान कर दिया| उन्होंने शुक्रवार (24 दिसंबर) को सोशल मीडिया पर अपने संन्यास का एलान किया। हरभजन ने भारत के लिए 23 साल में 711 विकेट लिए| हरभजन सिंह ने साल 1998 में अपना डेब्यू किया था| महज 17 साल की उम्र में हरभजन सिंह ने अपने क्रिकेट की शुरुआत की थी और आज वह 41 साल के हो चुके हैं|
हरभजन सिंह ने साल 1998 में चेन्नई में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट मुकाबले के साथ अपने अंतरराष्ट्रीय करियर की शुरुआत की| इसके बाद उसी साल न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे डेब्यू किया| साल 2006 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ उन्होंने अपना टी20 डेब्यू किया| साल 2016 में नीले रंग की जर्सी में आखिरी बार नजर आए थे।
उन्होंने पूरे 16 साल तक देश के क्रिकेट खेली और दौरान खूब सफल भी रहे। उन्होंने भारतीय टीम के लिए 103 टेस्ट मैच, 236 वनडे मैच और 28 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले थे। टेस्ट क्रिकेट में उन्होंने 417 विकेट लिए थे जबकि वनडे में उनके नाम पर 269 विकेट दर्ज हैं तो वहीं टी20 इंटरनेशनल मैचों में वो 25 विकेट लेने में सफल रहे थे।
हरभजन ने संन्यास का एलान करते हुए ट्विटर पर लिखा- सभी अच्छी चीजें खत्म हो जाती हैं और आज जब मैं उस खेल से विदा लेता हूं। इस खेल ने मुझे जीवन में सब कुछ दिया है। मैं उन सभी को धन्यवाद देना चाहता हूं जिन्होंने इस 23 साल की लंबी यात्रा को सुंदर और यादगार बनाया।
राजनीति में जाने की तेज है चर्चा
पिछले दिनों पंजाब के प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू ने हरभजन सिंह से मुलाकात की थी| उसी समय से चर्चा चल रही है कि हरभजन सिंह जल्द ही राजनीति से जु़ड़ सकते हैं| हालांकि तब दिग्गज खिलाड़ी ने इसे महज अफवाह करार दिया था और कहा था कि वह नवजोत सिंह सिद्धु को एक क्रिकेटर के तौर पर मिले थे| वहीं कुछ समय पहले यह खबर भी आई थी कि पंजाब का यह स्टार रिटायरमेंट के बाद किसी आईपीएल टीम के बतौर सपोर्ट स्टाफ जुड़ सकता है|हालांकि इसकी पुष्टि भी भी नही हुई है|