नई दिल्ली : दिल्ली में कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव संगठन केसी वेणुगोपाल के साथ बैठक के बाद उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा,''कांग्रेस अध्यक्ष के पास हमेशा ये विशेषाधिकार रहा है कि चुनाव के बाद पार्टी बैठती है, कांग्रेस अध्यक्ष को नेता के संबंध में अपनी राय देते हैं और कांग्रेस अध्यक्ष नेता तय करती हैं। रावत ने कहा,''कैंपेन कमेटी के चेयरमैन के रूप में मैं चुनाव का नेतृत्व करूंगा|
बता दें कि, हरीश रावत के साथ पार्टी प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, पूर्व मंत्री यशपाल आर्या, नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह, सांसद प्रदीप टम्टा, पूर्व अध्यक्ष किशोर उपाध्याय सहित पार्टी के तमाम वरिष्ठ नेताओं को दिल्ली तलब किया गया था। राहुल गांधी सभी नेताओं के साथ बैठकर बातचीत के बाद इस इस मामले पर बात करके समाधान निकालेंगे। प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने इस बीच प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के निर्देश पर आज और कल होने वाली पार्टी स्तर की सभी बैठकें और कार्यक्रम भी स्थगित कर दिए हैं।
पार्टी नेताओं की पहले राष्ट्रीय महासचिव संगठन केसी वेणुगोपाल के साथ बैठक होगी। इसके बाद राहुल गांधी पहले सभी नेताओं से एक-एककर मिलेंगे। पार्टी प्रदेश प्रभारी और उनकी टीम से भी बात की जाएगी। इसके बाद सभी से एक टेबल पर बैठकर बातचीत होगी। बताया जा रहा है कि इस पूरे प्रकरण में सोनिया गांधी हरीश रावत से अलग से भी बात कर सकती हैं।