नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस ने कोरोना वायरस महामारी के बीच ऑक्सीजन कंसंट्रेटर की ‘जमाखोरी करने और उनकी कालाबाजारी करने’ के आरोपी कारोबारी नवनीत कालरा को रविवार-सोमवार रात गिरफ्तार कर लिया| दिल्ली पुलिस ने बताया,''ऑक्सीजन कंसंट्रेटर की कालाबाजारी करने वाले कारोबारी नवनीत कालरा को गिरफ्तार कर लिया गया है|
ऑक्सीजन कंसंट्रेटर्स की कालाबाजारी के आरोपी नवनीत कालरा को दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार करने के बाद मैदान गढ़ी थाना लेकर पहुंची| सोमवार को दिल्ली पुलिस ने दिल्ली की अदालत से ऑक्सीजन जमाखोरी मामले में नवनीत कालरा को हिरासत में लेकर पूछताछ करने का अनुरोध किया|
दिल्ली में कालरा के तीन रेस्टोरेंट से कुछ दिन पहले 500 से ज्यादा ऑक्सीजन कंसंट्रेटर जब्त हुए थे और वह उसके बाद फरार था| बता दें कि COVID संक्रमण की दूसरी लहर में ऑक्सीजन कंसंट्रेटर की भारी मांग है|
दिल्ली हाई कोर्ट ने शुक्रवार को कालरा को गिरफ्तारी से अंतरिम राहत देने से इनकार कर दिया था| एक सत्र अदालत की ओर से राहत देने से इनकार किए जाने के बाद 13 मई देर शाम कालरा ने हाई कोर्ट का रुख किया था| हाल में पुलिस की छापेमारी में कालरा के तीन रेस्टोरेंट- खाना चाचा, नेगा जू और टाउन हॉल- से 524 ऑक्सीजन कंसंट्रेटर बरामद किए गए थे| इस मामले की जांच बाद में दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा को सौंप दी गई थी|
पुलिस ने दावा किया था कि इन ऑक्सीजन कंसंट्रेटर को चीन से आयात किया गया था और 50 से 70 हजार रुपये में बेचा जा रहा था जबकि इनकी वास्तविक कीमत 16 से 22 हजार के बीच थी|