नई दिल्ली: दिल्ली के पर्यावरण मंत्री गोपाल राय (Environment Minister Gopal Rai) कोरोना से संक्रमित पाए गए हैं| गोपाल राय ने अपने ट्विटर पर जानकारी साझा करते हुए लिखा कि, 'शुरुआती लक्षणों के बाद कोरोना टेस्ट कराया था जिसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। पिछले कुछ दिनों में जो लोग भी मेरे संपर्क में आए हैं, कृपया वो अपना ध्यान रखें और टेस्ट करवा लें।'
गोपाल राय से पहले दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन और उपमुख्यमंत्री व शिक्षा मंत्री मनीष सिसोदिया भी कोरोना संक्रमित हो चुके हैं। इसके साथ ही आप विधायक आतिशी व अन्य कई आप विधायक व नेता भी कोरोना संक्रमित हो चुके हैं, हालांकि अब सभी स्वस्थ हैं।
कोरोना वायरस (Coronavirus) की तीसरी लहर का सामना कर रही देश की राजधानी दिल्ली में बुधवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 5246 नए मामले सामने आए जिसके बाद यहां संक्रमितों का आंकड़ा बढ़कर 5,45,787 हो गया| वहीं 99 और मरीजो की मौत होने से मृतकों की संख्या बढ़कर 8720 हो गई|
पिछले 24 घंटे में 5361 मरीज ठीक भी हुए जिन्हें मिलाकर अब तक कुल 4,98,780 लोग ठीक हो चुके हैं| राजधानी में पहली बार RT-PCR टेस्ट की संख्या रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच गई और पहली बार 26 हज़ार के पार RT-PCR टेस्ट किए गए|यहां रिकवरी रेट 91.38% है जबकि एक्टिव मरीज़ों की दर 7.01% और डेथ रेट 1.6% है| वहीं पॉजिटिविटी रेट 8.49% हो गया है|पिछले 24 घंटों में दिल्ली में कुल 61,778 टेस्ट हुए जिनमें से 26,080 RT-PCR और 35,698 एंटीजन टेस्ट शामिल हैं| अब तक यहां कुल 59,76,437 टेस्ट हो चुके हैं|