नई दिल्ली: दिल्ली में शुक्रवार की रात 2 कैब ड्राइवरों की हत्या का मामला सामने आया है| घटना दिल्ली सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट की है पुलिस ने मामले में 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है| दो कैब चालकों की हत्या और उनका सामान चोरी मामले में शनिवार को पुलिस ने कहा कि इस मामले में 19 वर्षीय दो लड़कों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों की पहचान आनंद पर्वत इलाके के आकाश उर्फ अक्कू और जुनैद के रूप में की गई है।
मध्य जिला पुलिस ने जानकारी दी कि छविनाथ ओला-उबर कैब चलाता था| गुरुवार रात 12:30 बजे के बाद एक अनजान शख्स ने आनंद पर्वत इलाके से उसकी कैब बुक की थी| बाद में परिजनों को 1:00 बजे रात के बाद से छविनाथ का कोई भी सुराग नहीं मिला, ना ही उसके नंबर से संपर्क हो पाया| इस बीच गुलाबी बाग पुलिस ने हरियाणा नंबर की कैब को लावारिस हालत में बरामद किया| यह बरामदगी शुक्रवार सुबह हुई| नंबर प्लेट के आधार पर पुलिस ने छानबीन शुरू की तो छविनाथ के परिजनों से संपर्क हुआ और पता चला कि कैब छविनाथ की है| इसी दौरान भारत नगर इलाके के एक नाले से छविनाथ की लाश भी बरामद हो गई|
इसी दिन आनंद पर्वत इलाके में भी कैब में अनिल यादव नाम के ड्राइवर की भी लाश मिली| यह दोनों ही मामले एक जैसे लग रहे थे| लिहाजा मध्य जिला पुलिस ने टेक्निकल सर्विलांस के जरिए दो बदमाशों आकाश और जुनैद को गिरफ्तार कर लिया| पुलिस इनके साथ ही और मास्टरमाइंड प्रीतम की तलाश कर रही है| पूछताछ में पता चला कि इन लोगों ने चोरी के मोबाइल से कैब बुक की थी| इनका इरादा लूटपाट करने का था, जिसके बाद कैब ड्राइवर का कत्ल कर दिया गया |
दिल्ली सेंट्रल की DCP श्वेता चौहान ने बताया,''कल आनंद पर्वत पुलिस स्टेशन इलाके से एक कैब में एक शव बरामद हुआ, हमने इसमें हत्या का मुकदमा दर्ज़ किया। हमने इस मामले में दो लोगों को गिरफ़्तार किया है| हमें इनसे पता चला कि इन्होंने ऐसा ही एक और वाक्या उसी रात को भारत नगर इलाके में भी किया, इन्होंने कैब ड्राइवर को मार दिया और उसका सामान लूट लिया|
DCP श्वेता चौहान ने कहा कि आरोपियों ने पूछताछ के दौरान स्वीकार किया कि उन्होंने ऑनलाइन माध्यम से कैब बुक करने और उसके बाद चालकों को लूटने की साजिश रची। अधिकारी ने कहा कि देर रात एक बजे आरोपियों ने कमल टी-पॉइंट से एक कैब बुक की और कुछ दूर जाकर पीछे से चालक का गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद उन्होंने उसका मोबाइल फोन ले लिया और शव व कार को अलग-अलग जगह पर ठिकाने लगा दिया|
डीसीपी ने बताया कि इसके बाद दोनों ने आनंद पर्वत से एक और कार बुक की और लूट एवं हत्या का वही तरीका अपनाया। अधिकारी ने कहा कि आरोपियों ने कैब चालक का शव और कार रामजस ग्राउंड के पास ठिकाने लगाया और बटुआ एवं फोन लेकर भाग गए। पुलिस ने कहा कि शुक्रवार को सुबह पौने नौ बजे कार पाई गई और उसके अंदर चालक का शव मिला| मृतक की पहचान महावीर एन्क्लेव के निवासी अनिल यादव (48) के रूप में की गई है। उसका मोबाइल और बटुआ गायब था।
अधिकारी ने कहा कि दूसरे कैब चालक, नोएडा के छविनाथ का शव उत्तर पश्चिमी दिल्ली के भरत नगर इलाके में पाया गया और उसकी कार गुलाबी बाग में मिली। चौहान ने कहा कि तकनीकी सर्विलांस की सहायता से आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।