नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के बेगमपुर इलाके में आज सुबह एक मकान ढहने से 2 लोगों की मौत हो गई और 1 लोग घायल हुए हैं। बेगमपुर इलाके में तड़के सुबह एक मकान गिर गया जिसकी वजह से मकान के 4 लोग दब गए| इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई जबकि एक गंभीर रूप से घायल है| बताया जा रहा है, 15 दिन पहले किराए के मकान में रहने आए पिता केदार जिनकी उम्र 60 वर्ष थी और पुत्र सोनू जिनकी उम्र 30 वर्ष थी, सुबह 5 बजे सो रहे थे जब ये हादसा हुआ| सोनू (30) और केदार (65) की हादसे में मौत हो गई| वहीं प्रमोद (43) गंभीर रूप से घायल हो गया वहीं अनिल (40) को सकुशल रेस्क्यू कर दिया गया|
दिल्ली फायर सर्विस ने बताया,''दिल्ली के बेगमपुर इलाके में आज सुबह लगभग 4:15 बजे एक मकान गिर गया, जिसकी वजह से मकान में रह रहे 4 लोग दब गए। इस हादसे में 2 लोगों (सोनू और केदार ) की मौत हो गई और 1 लोग घायल हुए हैं| वही एक को रेस्क्यू कर लिया गया है। घायल को अंबेडकर अस्पताल में भर्ती कराया गया है|
जानकारी के मुताबिक मकान के पहले मंजिल की छत अचानक भरभरा कर गिर गई| कमरे में सो रहे दोनो लोगों की मृत्यु मौके पर ही हो गई| उनकी चीखें पड़ोसियों ने सुनी, वे उन्हें और मकान में मौजूद दो और लोगों को बचाने की कोशिशों में जुट गए लेकिन पिता और पुत्र को जब तक मलबे से बाहर निकाला गया तब तक उनकी मौत हो चुकी थी|
तीसरे व्यक्ति प्रमोद को जैसे-तैसे निवासियों ने मलबे से बाहर निकाला, वो जिंदा तो बच गए हैं लेकिन फिलहाल सर पर लगी गंभीर चोट के कारण जिंदगी और मौत से जूझ रहे हैं| वहीं चौथे व्यक्ति अनिल सुरक्षित हैं|
पड़ोसियों के अनुसार पिता और पुत्र करीब 15 दिन पहले ही इस इलाके में किराए पर रहने आए थे| दूसरे पड़ोसी बताते हैं कि हमें सुबह जोर से मकान गिरने की आवाज आई, हम भागे तो मलबे में दबे इन सभी लोगों के चिल्लाने की आवाज आई| बचाने की बहुत कोशिश करने के बावजूद वो जिंदा बाहर नहीं आ पाए|