नई दिल्ली दिल्ली पुलिस ने आज नीरज बवानिया गैंग के गैंगस्टर नवीन भांजा को गिरफ्तार कर लिया है| दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने नीरज बवानिया गैंग के गैंगस्टर नवीन को गिरफ़्तार किया है। वह रोहिणी कोर्ट कॉम्प्लेक्स में जितेंद्र गोगी हत्याकांड का आरोपी है। उसकी गिरफ़्तारी पर 50 हज़ार रुपए का इनाम था। उसके खिलाफ दिल्ली के विभिन्न थानों में कई मामले दर्ज़ हैं।
दिल्ली पुलिस ने गैंगस्टर नवीन उर्फ विक्की को मुजफ्फरनगर-मेरठ टोल से गिरफ्तार किया है| गैंगस्टर नवीन हरियाणा के रोहतक का रहने वाला है| उस पर यूपी, दिल्ली, हरियाणा में हत्या, फिरौती समेत कई संगीन धाराओं में अलग-अलग पुलिस स्टेशनों में केस दर्ज हैं|
पुलिस ने एक गुप्त सूचना के आधार पर एक टीम बनाकर नवीन को धर दबोचा| खबर के मुताबिक गैंगस्टर नवीन 2011 में नीरज बवानिया गैंग में शामिल हुआ था| शार्प शूटर अब दिल्ली पुलिस की गिरफ्त में है|
बता दें कि रोहिणी कोर्ट में हुए गैंगवार में जितेंद्र गोगी की हत्या के पीछे टिल्लू ताजपुरिया गैंग का हाथ होने की बात सामने आई थी| जितेंद्र गोगी को उसके विरोधी गैंग ने कोर्ट परिसर में पेशी के दौरान गोलियों से भून दिया था| वहीं पुलिस ने भी दो बदमाशों को मार गिराया था| यह घटना सितंबर 2021 की है|अब मामले में आरोपी गैंगस्टर नवीन को दिल्ली पुलिस ने मुजफ्फरनगर-मेरठ टोल से गिरफ्तार कर लिया है|