नई दिल्ली: रोहिणी कोर्ट में लो इंटेसिटी ब्लास्ट मामले में डीआरडीओ के एक वैज्ञानिक का नाम सामने आया है| आरोपी की पहचान डीआरडीओ के वरिष्ठ वैज्ञानिक भारत भूषण कटारिया (47) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि आरोपी वैज्ञानिक भारत भूषण ने पड़ोस में रहने वाले वकील को निशाना बनाने के लिए घटना को अंजाम दिया| यह ब्लास्ट 9 दिसम्बर को हुआ था| नौ दिसंबर को कोर्ट रूम संख्या 102 में हुए विस्फोट में एक पुलिसकर्मी घायल हो गया था।
दिल्ली पुलिस ने बताया कि कटारिया ने कोर्टरूम के अंदर एक टिफिन बॉक्स के अंदर विस्फोटक लगाया था क्योंकि अपने एक पड़ोसी को मारना चाहता था, जो एक वकील है। घटना वाले दिन आरोपी दो बैग लेकर कोर्टरूम में सुबह 9.33 बजे दाखिल हुआ, जिनमें से एक बैग वह कोर्टरूम में छोड़ आया। वह कोर्ट परिसर से 10.35 बजे निकला। इसके बाद उसने बाइक के रिमोट कंट्रॉल से विस्फोटक में धमाका कर दिया था। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि दोनों ही पक्षों ने एक-दूसरे पर कई केस दर्ज किए हैं। वे पड़ोसी हैं और एक ही इमारत में रहते हैं। कटारिया वकील से ईर्श्या करता है।
दिल्ली पुलिस आयुक्त राकेश अस्थाना ने कहा,''रोहिणी कोर्ट विस्फोट मामले में भारत भूषण कटारिया नामक एक व्यक्ति को गिरफ़्तार किया गया है। उसके घर से वो बैग बरामद किया गया है जिसमें विस्फोटक को कोर्ट ले जाया गया था। विस्फोट से पहले और बाद तक के CCTV फुटेज में भी उसकी मौजूदगी देखी गई है|
राकेश अस्थाना ने कहा,''अब तक की जांच में पाया गया है कि भारत भूषण की एक लंबी कानूनी लड़ाई चल रही है और जिस वकील के साथ इनकी क़ानूनी लड़ाई चल रही है उन्हें इस विस्फोटक से निशाना बनाया जाना था। वो वकील जहां बैठते हैं वहीं पर इस बैग को रखा गया था|