नई दिल्ली: दिल्ली में 'छोटी सरकार' का मुखिया चुने जाने से पहले बवाल हो गया। दिल्ली मेयर चुनाव के लिए वोटिंग शुरू होने से पहले सिविक सेंटर में हंगामा शुरू हुआ। सिविक सेंटर में शुक्रवार को दिल्ली मेयर चुनाव के पहले भाजपा और आम आदमी पार्टी के सदस्यों ने हंगामा किया।वोटिंग शुरू होने से पहले, आम आदमी पार्टी (आप) और बीजेपी के पार्षदों में धक्का मुक्की हुई। इस दौरान नारेबाजी की गई और पर्चे उछाले गए। बीजेपी और आप के पार्षद एक-दूसरे के खिलाफ नारेबाजी में लगे रहे। हंगामे को आम आदमी पार्टी ने 'बीजेपी की गुंडागर्दी' करार दिया। वहीं बीजेपी ने कहा कि आम आदमी पार्टी (आप) डर गई है।
BJP सांसद मीनाक्षी लेखी ने कहा,'' ये (AAP) अराजक लोग है और इनका काम अराजकता फैलाना है। जब संख्या इनके पास है तो इनको डर किस बात का है। ये जो दबंगई है ये इनके सांसदों द्वारा राज्यसभा में भी देखने को मिलती है और यहां पर भी यही हो रहा है|
मेयर चुनने के पहले इस तरह का हंगामा, ये दिखाता है कि 'AAP' नैतिक रूप से हार चुकी है: बीजेपी
सदन में हंगामे के बीच मनोज तिवारी ने ''AAP' पर निशाना साधा| बीजेपी सांसद मनोज तिवारी ने कहा,''आम आदमी पार्टी को डर किस बात का है? क्या नैतिक रूप से आम आदमी पार्टी हार चुकी है? क्या उनको समझ आ गया है कि उनके पार्षद उनका साथ नहीं देंगे? मेयर चुनने के पहले ही इस तरह का हंगामा, ये निश्चित रूप से दिखाता है कि आम आदमी पार्टी नैतिक रूप से हार चुकी है|
मनोज तिवारी ने कहा,'49 से 134 होते ही AAP के पार्षदों ने शुरू की गुंडागर्दी.. धक्के मारना, लड़ना झगड़ना , क़ानून को ना मानना ये ही सच है इस गुंडा पार्टी का .. केजरीवाल ख़ुद अपने घर बुला कर अफ़सर और नेतायो को धमकाते और पिटवाते हैं तो उनके चेलों से और क्या उम्मीद कर सकते हैं .
भाजपा की गुंडागर्दी: AAP
AAP पार्षद प्रवीण कुमार ने कहा, आज गैर कानूनी तरीके से भाजपा की गुंडागर्दी देखने को मिली। सबसे पहले मनोनीत पार्षदों का शपथ ग्रहण कराया जा रहा था। जब हमने इसका विरोध किया और पहले निर्वाचित पार्षदों का शपथ ग्रहण कराने की मांग की तो हंगामा हो गया। उन्होंने (भाजपा) मेरे ऊपर एक मोमेंटो फेंका|
दिल्ली नगर निगम (MCD) के पिछले साल एकीकृत होने के बाद दस वर्षों में दिल्ली अपना पहला एकल महापौर चुनने के लिए तैयार है। सबकी निगाहें मेयर और डिप्टी मेयर पद के चुनाव पर टिकी हैं। 4 दिसंबर को हुए हाई-ऑक्टेन निकाय चुनावों में, आम आदमी पार्टी ने एमसीडी में भारतीय जनता पार्टी के 15 साल के शासन को समाप्त कर 250 में से 134 सीटें जीतीं।
आप ने मेयर चुनाव के लिए आशु ठाकुर के साथ शैली ओबेरॉय को मैदान में उतारा है। शालीमार बाग से तीन बार की पार्षद रेखा गुप्ता मेयर चुनाव के लिए भाजपा की उम्मीदवार हैं। आप ने डिप्टी मेयर पद के लिए आले मोहम्मद इकबाल और जलज कुमार को राम नगर पार्षद कमल बागरी के खिलाफ खड़ा किया है। हालाँकि, मेयर और डिप्टी मेयर के पद के चुनाव विवादों में घिर गए हैं, क्योंकि दिल्ली के उपराज्यपाल द्वारा भाजपा पार्षद सत्य शर्मा को एमसीडी के पीठासीन अधिकारी के रूप में नियुक्त करने और बाद में नगर निकाय में दस एल्डरमैन की नियुक्ति के फैसले पर आप विरोध कर रही है। .