धर्मशाला: हिमाचल प्रदेश के योल के समीप धौलाधार पर्वत शृंखला के राइजिंग स्टार हिल टॉप के पीछे स्लाइडिंग जोन के लिए शनिवार को ट्रैकिंग पर निकले चार दोस्तों में से दो की मौत हो गई| रविवार देर सायं दो को रेस्क्यू कर उपचार के लिए जोनल अस्पताल धर्मशाला पहुंचाया गया| स्लेट गोदाम गांव के 18 वर्षीय रोहित पुत्र राजकुमार, 17 वर्षीय सत्यम पुत्र सागर, 16 वर्षीय रोहित पुत्र परमजीत और मोंटी धीमान निवासी नूरपुर शनिवार को राइजिंग स्टार हिल टाप के लिए निकले थे| मोंटी अंबाला में कार्य करता था|
बताया जा रहा है कि भारी बर्फबारी के बीच वह रास्ता भटक गए| इस दौरान किसी तरह उन्होंने इसकी सूचना स्वजन को दी| इसके बाद रेस्क्यू टीम ने उन्हें ढूंढने के लिए अभियान चलाया| रविवार को भारी बारिश और बर्फबारी के बीच उन्हें ढूंढ लिया गया| इसके बाद रोहित पुत्र राजकुमार और सत्यम को धर्मशाला अस्पताल पहुंचाया गया, जबकि रोहित पुत्र परमजीत और मोंटी धीमान की ठंड की वजह से मौत हो गई थी|
कांगड़ा के ASP पुनीत रघु ने बताया,'' पुलिस को सूचना मिली कि खान्यारा के पास 4 स्थानीय युवक ट्रैकिंग के लिए गए थे और शाम तक जब वे वापस नहीं पहुंचे थे तो युवकों की तलाश के लिए सर्च टीमें भेजी थी लेकिन खराब मौसम के कारण टीम उन्हें सर्च नहीं कर पाई|
ASP पुनीत रघु ने बताया,'' रविवार सुबह फिर से सर्च ऑपरेशन किया तो 4 युवकों में से 2 युवक मृत पाए गए और 2 ज़ख्मी मिले। ज़ख्मी युवकों को अस्पताल में भर्ती किया गया है और वे अब खतरे से बाहर है। उनसे पूछताछ की जाएगी|
पुलिस अधीक्षक कांगड़ा डॉ. खुशहाल शर्मा ने बताया कि भारी बर्फबारी के बीच फंसे किशोरों व युवकों को पुलिस व बचाव दल ने अभियान चलाया| काफी मशक्कत के बाद उन्हें ढूंढा गया, लेकिन उनमें से दो की मौत हो चुकी थी| दो को क्षेत्रीय अस्पताल धर्मशाला पहुंचाया गया है| उनकी हालत खतरे से बाहर है|