इटावा (उत्तर प्रदेश): समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने लगभग छह साल के तनावपूर्ण संबंधों के बाद रविवार को इटावा के सैफई में एक चुनावी सभा में मंच पर अपने चाचा शिवपाल यादव के पैर छुए। समाजवादी पार्टी के चीफ अखिलेश यादव ने मैनपुरी उपचुनाव के लिए जसवंतनगर विधानसभा के सैफ़ई में आयोजित "पार्टी कार्यकर्ता सम्मेलन" में प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (लोहिया) प्रमुख और चाचा शिवपाल सिंह यादव के पैर छुए।
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा "आज चाचा से राजनीतिक दूरियां भी दूर हो गईं।अब घबराहट तो बीजेपी को हो रही होगी।"
अखिलेश यादव ने कहा "नेताजी ने कभी भी जसवंतनगर के लोगों को दूर का नहीं समझा बल्कि अपने परिवार का सदस्य समझकर ही ज़िंदगी भर यहां के लोगों के बीच में काम किया।" "अगर जसवंतनगर ने मन बना लिया और करहल साथ चल दिया। मैनपुरी ठीक हो गई, किश्नी के लोग मन बनाए हैं और भोगांव में भी जीतने वाले हैं, तो सोचो परिणाम इस बार क्या होगा।"
शिवपाल यादव ने कहा, "मैं जब भी यहां आता था और जसवंतनगर के किसी भी कोने में जाता था तो लोग एक ही बात कहते थे कि एक हो जाइए तो ही बीजेपी को मात दे सकते हैं तो आज हम एक हो गए हैं। शिवपाल यादव ने कहा, " "भारतीय जनता पार्टी की सरकार बहुत झूठी सरकार है। हम जानना चाहते हैं इन 10 सालों में कहीं पर भी जनता के लिए भाजपा की सरकार ने कोई काम किया है?"
प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (लोहिया) प्रमुख शिवपाल यादव ने कहा, "भाजपा ने गरीबी, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार को बढ़ावा दिया। पूरे प्रदेश की जनता को परेशान करने का काम किया। किसी भी कार्यालय में यदि जनता को जाना पड़ता है रिश्वत देनी ही पड़ती है। -
शिवपाल यादव ने कहा, "हम पूछना चाहते हैं जसवंतनगर के चारों ब्लॉक में जबसे भारतीय जनता पार्टी आई है सड़क, ट्यूबवेल, बिजली के क्षेत्र में कोई एक भी काम हुआ है?"
रामगोपाल यादव ने कहा, "देश में तानाशाही सरकार चल रही है। सबके साथ अत्याचार हो रहा है,किसी को राहत नहीं है। भाजपा के लोग कल हमसे कह रहे थे पहले की सरकार में जो काम 100 रू में हो जाता था अब 1000 से कम नहीं लगता है। थानों और तहसीलों में लूट हो रही है।" "मैनपुरी लोकसभा सीट से जब आप भाजपा को बुरी तरह से हरा देंगे तो लोगों को यह एहसास हो जाएगा भारतीय जनता पार्टी को हराया जा सकता है। सिर्फ मैनपुरी से नहीं बल्कि उत्तरप्रदेश और देश से भी।"
बता दें, समाजवादी पार्टी के संस्थापक तथा संरक्षक मुलायम सिंह यादव के निधन के कारण खाली मैनपुरी लोकसभा सीट पर पांच दिसंबर को उपचुनाव को होने वाले है। मैनपुरी को समाजवादी पार्टी का गढ़ माना जाता है और इस सीट को बचाने के लिए पार्टी ने पूर्व सांसद डिंपल याद को चुनाव के मैदान में उतारा है। उनके खिलाफ भारतीय जनता पार्टी ने समाजवादी पार्टी से दो बार लोकसभा सदस्य रहे रघुराज सिंह शाक्य को मैदान में उतारा है।