गौतमबुद्ध नगर: उत्तर प्रदेश के गौतम बुद्ध नगर जिले के दादरी में कोविड संक्रमण से 26 लोगों की मौत हो गई। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में कोरोना संक्रमण की वजह से 26 लोगों की मौत हो चुकी है| कोविड-19 संक्रमित मरीजों को अस्पताल में न तो बेड मिले और न ही ऑक्सीजन। इतना ही नहीं, हॉस्पिटल ने डॉक्टर न होने का हवाला देकर मरीजों को भर्ती करने से इनकार कर दिया।
दादरी गांव के एक ग्रामीण संजय पाल ने बताया कि गांव में कई लोग ऑक्सीजन की कमी की वजह से मर गए| हॉस्पिटल ने डॉक्टर न होने का हवाला देकर मरीजों को भर्ती करने से इनकार कर दिया|
बता दें कि यूपी में अब कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या में हर दिन कमी आ रही है| उत्तर प्रदेश अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य अमित मोहन प्रसाद ने बताया कि,''पिछले 24 घंटों में COVID19 के 6,725 नए मामले सामने आए हैं और 13,590 लोग डिस्चार्ज हुए। राज्य में सक्रिय मामलों की कुल संख्या 1,16,434 है|
अमित मोहन प्रसाद ने बताया कि,''रिकवरी दर 91.8% हो गया है। पिछले 24 घंटे में प्रदेश में 2,91,156 सैंपल की जांच की गई है। संक्रमण से कल 268 लोगों की मृत्यु हुई है। अब तक उत्तर प्रदेश में 4,58,22,409 कोरोना टेस्ट किए गए हैं| राज्य में अब तक 1,23,42,160 लोगों को वैक्सीन की पहली डोज़ दी जा चुकी है और 33,04,290 लोगों को वैक्सीन की दूसरी डोज़ लगाई गई है। 18-44 साल के बीच आने वाले 7,46,875 लोगों को वैक्सीन की पहली डोज़ दी जा चुकी है|