नोएडा: गौतम बुद्ध नगर जिले के ग्रेटर नोएडा के बीटा-2 थाना क्षेत्र में शनिवार रात पराठे की दुकान नहीं खोलने पर बदमाशों ने रेस्टोरेंट संचालक की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देकर बदमाश मौके से फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने दोनों बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है।
बता दें कि बीटा-2 थाना क्षेत्र के ओमेक्स आर्केड में एसआर फूड सर्विस के नाम से कपिल (27) ऑनलाइन किचन चलाता था। शनिवार रात करीब 3 बजे दो युवक उसकी दुकान पर आए और पराठा मांगने लगे। कपिल ने युवकों से कहा कि अभी पराठा नहीं है। युवक जबरन पराठा देने के लिए कहने लगे, लेकिन कपिल ने मना कर दिया। इससे गुस्साए युवक उसके साथ गाली-गलौज करने लगे। इस पर उसने पुलिस को फोन कर दिया। पुलिस के आने से पहले ही दोनों युवक मौके से फरार हो गए।
मौके पर पहुंची पुलिस कपिल से पूछताछ करके ???ापस चली गई। कुछ देर बाद गाली-गजौल करने वाले दोनों युवक असलहा लेकर दुकान पहुंचे और कपिल को गोली मार दी। आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना देकर घायल कपिल को यथ्यार्थ अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
ग्रेटर नोएडा पुलिस ने बताया,''एक जनवरी 2022 को रात 3:30 बजे थाना बीटा-2 क्षेत्रान्तर्गत पीसीआर को सूचना मिली कि ओमेक्स आर केड मॉल के पास कुछ लोगों में झगड़ा हो रहा है| इस सूचना पर मौके पर पुलिस पहुंची तो एक व्यक्ति लहूलुहान पड़ा था जिसे उसके साथियों के साथ यथार्थ अस्पताल में उपचार के लिए ले जाया । गया जहां उसे चिकित्सकों द्वारा मृत घोषित कर दिया गया।
मृतक की पहचान कपिल पुत्र नेत्रपाल निवासी ग्राम पारपा थाना धौलाना जनपद हापुड़ के रूप में हुई। मृतक के फुफेरे भाई की तहरीर पर थाना बीटा-2 पर मुकदमा पंजीकृत कर पंचायतनामा की कारवाई की जा रही है। दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया है तथा पिस्टल भी बरामद कर ली गयी है। अन्य आवश्यक विधिक कार्यवाही प्रचलित है।
ग्रेटर नोएडा के DCP अमित कुमार ने बताया,'1 जनवरी 2022 को थाना क्षेत्र बीटा-2 इलाके के ओमेक्स आरकेडिया मॉल में एक ऑनलाइन फूड ज्वाइंट पर रात को दो व्यक्ति एक दुकान पर खाना मांगने गए लेकिन दुकान बंद होने के कारण दुकान मालिक नें उन्हें मना कर दिया। उनके बीच बहस और गाली-गलौज हुई| उसके बाद दोनों व्यक्ति वहां से चले गए। 2 घंटे बाद दोनों व्यक्ति हथियार लेकर फिर दुकान पर आए और दुकान मालिक को गोली मार दी। दुकान मालिक को घायल अवस्था में अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मृत्यु हुई। दोनों अभियुक्तों को गिरफ़्तार किया गया। मामले में जांच जारी है|