नई दिल्ली: तृणमूल कांग्रेस (TMC) की गोवा इकाई को बड़ा झटका लगा है| गोवा के पूर्व विधायक लवू मामलेदार सहित तृणमूल कांग्रेस के 5 प्राथमिक सदस्यों ने शुक्रवार को पार्टी से इस्तीफा दिया। गोवा के पूर्व विधायक लवू मामलेदार का महज 3 महीने के भीतर TMC से मोह भंग हो गया| इस दौरान सभी सदस्यों ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और TMC सुप्रीमो ममता बनर्जी को अपना इस्तीफा सौंपा है|
नेताओं ने इस्तीफा देने के कारणों का भी खुलासा किया है, जहां पर सौंपे गए उनके त्याग पत्र में कहा गया है कि पार्टी की मंशा गोवा के लोगों को आपस में बांटना है, और यही वजह है कि पांचों प्राइमरी सदस्यों ने TMC से दूरी बनी ली है|
गोवा के पूर्व विधायक लवू मामलेदार ने बताया कि वह सितंबर में TMC में शामिल हुए थे| उन्होंने कहा कि वह बंगाल विधानसभा चुनाव में ममता बनर्जी के प्रदर्शन से काफी प्रभावित हुए थे| साथ ही लवू मामलातदार ने पार्टी पर सांप्रदायिक होने का आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदेश में वोट के लिए हिंदुओं और ईसाइयों को बांटने की कोशिश की| ऐसे में सितंबर में कुछ अन्य स्थानीय नेताओं के साथ ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली पार्टी में शामिल होने के लगभग 3 महीने बाद उनका इस्तीफा आया है|
BJP से भी बदतर TMC
लवू मामलेदार ने आरोप लगाया कि मैं इस धारणा में था कि टीएमसी एक बहुत ही धर्मनिरपेक्ष पार्टी है। लेकिन पिछले 15-20 दिनों में मैंने जो कुछ भी देखा है, उससे मुझे पता चला है कि यह भाजपा से भी बदतर है।
बता दें कि सितंबर के आखिरी हफ्ते में लवू मामलेदार ने TMC ज्वाइन की थी लेकिन अब सांप्रदायिकता का आरोप लगाते हुए उन्होंने TMC छोड़ दी है| करीब 3 महीने के भीतर ही पार्टी से उनका मोह भंग हो गया है| वहीं, बता दें TMC ने फरवरी 2022 में होने वाले गोवा विधानसभा चुनाव में सभी 40 सीटों पर चुनाव लड़ने का फैसला लिया है| ऐसे में लवू मामलेदार ने आरोप लगाया है कि TMC महिलाओं के लिए कल्याणकारी योजनाएं शुरू करने के नाम पर लोगों का डेटा इकट्ठा कर रही है|
बंगाल के बाहर जहां TMC चुनाव लड़ेगी यही होगा: TMC
गोवा के पूर्व विधायक लवू ममलेदार द्वारा तृणमूल कांग्रेस से इस्तीफा देने पर पश्चिम बंगाल विधानसभा में विपक्ष के नेता सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि,''TMC की तुष्टीकरण की राजनीति का भंडाफोड़ हुआ है। TMC की हालत त्रिपुरा में जो हुई वही गोवा में भी होगी। बंगाल के बाहर जहां TMC चुनाव लड़ेगी यही होगा|