गोण्डा: सोमवार , 5 जुलाई को गोण्डा दौरे पर पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राजकीय मेडिकल कॉलेज, गोण्डा पहुंचकर अधिकारियों के साथ निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि मेडिकल कॉलेज के संचालन से संबंधित सभी आवश्यक औपचारिकताओं को पूरा कराते हुए बेहतर तरीके से कॉलेज का संचालन सुनिश्चित किया जाए।
इससे पहले, CM योगी आदित्यनाथ ने देवीपाटन मण्डल के पुलिस अधिकारियों के साथ अपराध एवं कानून-व्यवस्था के संबंध में समीक्षा बैठक की। उन्होंने मण्डल के सभी पुलिस अधीक्षक को निर्देश दिए कि जीरो टॉलरेंस की नीति को अपनाते हुए जनपद में अपराध पर पूर्ण लगाम लगाई जाए। ऐसे अराजक तत्व, जिनके द्वारा समाज में भय उत्पन्न करने की संभावना हो, उनको चिन्हित कर जेल भेजा जाए।
साथ ही, उन्होंने कहा, ऐसे पुलिसकर्मी जिनकी छवि पूर्व में खराब रही हो, उन्हें थानों में कोई भी महत्वपूर्ण पद न दिया जाए। अंतरराष्ट्रीय बॉर्डर की निगरानी में लगे सुरक्षाकर्मियों की ड्यूटी नियमित रूप से चेंज की जाए...।
सिंगल यूज प्लास्टिक पर पूर्ण रूप से बैन लगाया जाए:CM योगी
पूरे मण्डल में सिंगल यूज प्लास्टिक पर पूर्ण रूप से बैन लगाया जाए। सिंगल यूज प्लास्टिक पर रोक लगने से ही कूड़े की समस्या पर लगाम लगेगी। सभी जिलाधिकारी सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट पर विशेष ध्यान दें। नगर विकास विभाग के साथ रणनीति बनाकर सॉलिड वेस्ट का समुचित निस्तारण कराएं व शहर को स्वच्छ रखें...।
गांव में रोस्टर के अनुसार पर्याप्त मात्रा में बिजली उपलब्ध कराई जाए
CM योगी ने बिजली आपूर्ति के संबंध में निर्देश दिए कि गांव में रोस्टर के अनुसार पर्याप्त मात्रा में बिजली उपलब्ध कराई जाए। खराब ट्रांसफार्मर को समय से बदला जाए। बिजली विभाग के अधिकारी फीडर वाइज नियमित रूप से समीक्षा भी करें।
सभी DM-SP उद्यमियों और बैंक प्रतिनिधियों के साथ योजनाओं की समीक्षा करें:CM
CM ने कहा,''सभी जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक नियमित रूप से उद्यमियों और बैंक प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर संचालित विभागीय योजनाओं की समीक्षा करें।
'...कार्यदायी संस्था व ठेकेदार द्वारा लापरवाही बरतने पर संस्था के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए':CM
CM ने कहा,'' जल निगम द्वारा जल जीवन मिशन के कार्यों के तहत सड़कों को खोद दिया जाता है, जिससे लोगों को आवागमन में परेशानी होती है। ऐसे में जल जीवन मिशन के तहत पाइप डालने हेतु खोदी गई सड़कों की मरम्मत कराकर पूर्व की तरह बनाया जाए।'' उन्होंने कहा,''जिलाधिकारी जल जीवन मिशन के सभी कार्यों की नियमित रूप से समीक्षा करें। कार्यदायी संस्था व ठेकेदार द्वारा लापरवाही बरतने पर संस्था के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।'
CM ने जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाई गई समस्याओं के त्वरित निराकरण हेतु निर्देश भी दिए
CM ने बैठक के दौरान देवीपाटन मण्डल के सभी जनप्रतिनिधियों से अपने-अपने क्षेत्र की समस्याओं के बारे में जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक व अन्य संबंधित अधिकारियों को जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाई गई समस्याओं के त्वरित निराकरण हेतु निर्देश भी दिए।
जनप्रतिनिधियों के साथ बैठकर विकास कार्यों की समीक्षा करें DM, CDO
जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी जनप्रतिनिधियों के साथ बैठकर विकास कार्यों की नियमित रूप से समीक्षा करें। सभी जिलाधिकारी, सीडीओ, एसपी महीने या दो महीने में बैठक कर जनप्रतिनिधियों के द्वारा उठाई गई समस्याओं को चिन्हित कर लें। उसके बाद जिले के अन्य अधिकारियों के साथ बैठक कर जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाई गई समस्याओं का प्रभावी निस्तारण कराएं। इससे जनपद की समस्याओं में कमी आएगी। सभी अधिकारी प्रतिदिन जनसुनवाई कर जनता की शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करें।
राजस्व से संबंधित वादों का अभियान चलाकर समयबद्ध निस्तारण कराया जाए:CM
उन्होंने कहा,''राजस्व से संबंधित वादों का अभियान चलाकर समयबद्ध निस्तारण कराया जाए। लेखपाल, कानूनगो, नायब तहसीलदार, तहसीलदार, उप जिलाधिकारी आदि की जवाबदेही तय करते हुए मिशन मोड पर राजस्व वादों का निस्तारण कराया जाए। किसी भी दशा में राजस्व वादों को निर्धारित समय-सीमा के बाद लंबित न रखा जाए।
सभी विभाग अलर्ट मोड में रहें, बाढ़ आने पर कोई भी जनहानि नहीं होनी चाहिए:CM
सितंबर माह तक बाढ़ की संभावना के दृष्टिगत जनपद में बाढ़ से संबंधित सभी तैयारियां सुनिश्चित कर लें। सभी विभाग अलर्ट मोड में रहें, बाढ़ आने पर कोई भी जनहानि नहीं होनी चाहिए। बाढ़ की संभावना होने पर लोगों को सुरक्षित स्थान पर राहत शिविरों में रखने के साथ ही, उनके भोजन की व्यवस्था की जाए। बाढ़ से प्रभावित पीड़ितों को राहत सामग्री वितरण में लापरवाही बिल्कुल न बरती जाए। बाढ़ पीड़ितों को पर्याप्त मात्रा में राहत सामग्री उपलब्ध कराई जाए। बाढ़ से खराब हुई फसलों के संबंध में सर्वे कराकर किसानों को उचित मुआवजा दिलाया जाए..।
खनन माफियाओं के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करें, उन्हें पनपने न दे:CM
CM ने देवीपाटन मण्डल के सभी जिलाधिकारियों को संचारी रोग नियंत्रण अभियान को प्रभावित ढंग से संचालित करने, कार्यालय में प्राइवेट व्यक्तियों से काम न लेने, खनन माफियाओं के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए उन्हें पनपने न देने तथा खराब सड़क मार्गों की सूची बनाकर शासन को भेजने के निर्देश दिए।