हजारीबागः हज़ारीबाग जिले के इचाक थाना क्षेत्र के लोटवा डैम में डूबने से छह छात्रों की मौत हो गयी| 5 बच्चों का शव पानी से निकाला जा चुका है। जबकि एक की तलाश जारी है। पुलिस और स्थानीय गोताखोर डैम में बच्चों की तलाश में जुटे हैं।'' मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन (Hemant Soren) ने हादसे पर शोक व्यक्त करते हुए जिला प्रशासन को राहत और बचाव के लिए अभियान चलाने को कहा है|
पुलिस के अनुसार ,छात्र स्कूल जाने के बजाय नेशनल पार्क के सालपर्ण जंगल से सटे लोटवा डैम पहुंचे गए थे। वे सभी डैम में नहाने के लिए उतरे थे। इस दौरान यह हादसा हुआ। डूबने वाले बच्चों का नाम रजनीश पांडेय, सुमित कुमार, मयंक कुमार, प्रवीण गोप, ईशान सिंह और शिवसागर शामिल है।
हज़ारीबाग ज़िले के लोटवा डैम में बच्चों के डूबने की घटना पर पुलिस उपाधीक्षक राजीव कुमार ने बताया, "6 बच्चों के डूबने की सूचना मिली थी, जिनमें से 5 के शव बरामद कर लिए गए हैं। एक की तलाश जारी है।"
हज़ारीबाग ज़िले के लोटवा डैम में बच्चों के डूबने की घटना पर पर झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने बताया, "कुल 7 छात्र गए थे और उनमें से एक सुरक्षित है। 6 में से 4-5 के शव बरामद कर लिए गए है और अन्य 1-2 के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। हम अधिकारियों के संपर्क में हैं। यह एक दुखद घटना है।"
सीएम हेमंत सोरेन ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा, “हजारीबाग जिले के लोटवा डैम में छह बच्चों के डूबने की दुःखद खबर से मन व्यथित है। जिला प्रशासन द्वारा राहत और बचाव कार्य किया जा रहा है। परमात्मा, हादसे में मरने वाले बच्चों की आत्मा को शांति प्रदान कर शोकाकुल परिवारजनों को दुःख की यह विकट घड़ी सहन करने की शक्ति दे।“