तेलंगाना प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष रेवंत रेड्डी तेलंगाना के नए मुख्यमंत्री और भट्टी विक्रमार्क उपमुख्यमंत्री बने। रेवंत रेड्डी ने एलबी स्टेडियम में तेलंगाना के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। राज्यपाल तमिलिसाई सौंदर्यराजन ने उन्हें पद की शपथ दिलाई। भट्टी विक्रमार्क ने हैदराबाद के एलबी स्टेडियम में तेलंगाना के उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली।
तेलंगाना में सरकार बनाने के लिए कांग्रेस को भारी बहुमत मिलने के तीन दिन बाद रेवंत रेड्डी ने हैदराबाद के एलबी स्टेडियम में दोपहर 1.04 बजे तेलंगाना के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। रेवंत रेड्डी तेलंगाना के पहले कांग्रेसी मुख्यमंत्री और 2014 में तत्कालीन आंध्र प्रदेश के विभाजन के बाद बने राज्य के दूसरे मुख्यमंत्री बने।
इसके अलावा, पोंगुलेटी श्रीनिवास रेड्डी, पोन्नम प्रभाकर, कोंडा सुरेखा और अनसूया सीथाक्का ने तेलंगाना कैबिनेट में मंत्री पद की शपथ ली। उत्तम कुमार रेड्डी, सी दामोदर राजनरसिम्हा, कोमाटिरेड्डी वेंकट रेड्डी , डी. श्रीधर बाबू थुम्मला नागेश्वर राव और जुपल्ली कृष्ण राव ने मंत्री के रूप में शपथ ली।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, केसी वेणूगोपाल सहित अन्य प्रमुख नेता शामिल हुए।