भोपाल: मध्य प्रदेश पुलिस में सिपाही राकेश राणा को मूंछ का शौक़ पड़ा भारी| मध्य प्रदेश पुलिस ने लंबी मूंछ रखने के कारण कांस्टेबल ड्राइवर राकेश राणा को सस्पेंड कर दिया है। राकेश राणा ने बताया, "''मूँछ तो कटवाऊँगा नही, राजपूत परिवार से हूँ, स्वाभिमान का सवाल है, निलंबन स्वीकार है पर मूँछ नहीं कटवाऊँगा। राजपुताना राइफल्स के जवान ऐसी मूंछ रखते हैं।राजपूत हूं,मूंछ नहीं कटाऊंगा।आप नौकरी रख लो,मैं आत्मसम्मान।
मामला राजधानी भोपाल को-ऑपरेटिव फ्रॉड एवं लोक सेवा गारंटी विंग का है। विभाग में राकेश राणा कॉन्स्टेबल के पद पर तैनात हैं। वे स्पेशल डीजी का वाहन चलाने का काम करते थे मगर उन्हें मूंछों का शौक भारी पड़ रहा है। विभाग के अधिकारियों ने उन्हें मूंछें हटाने की हिदायत दी लेकिन वे अपने लुक के साथ कोई समझौता करने को तैयार नहीं हुए। नाराज़ अधिकारियों ने उन्हें सस्पेंशन आर्डर थमा दिया। इस सस्पेंशन ने मूछों वाले पुलिस जवान को रातों-रात शहर में चर्चा का विषय बना दिया है।
राकेश राणा ने बताया, "मुझसे अपनी मूछों को काटने के लिए कहा गया था, लेकिन मैंने मना कर दिया। इससे पहले कभी भी मेरी सेवा में मुझे ऐसा करने के लिए नहीं कहा गया था।"