मुख्य सामग्री पर जाएँ
24 अगस्त 2026

विधानसभा चुनाव 2022 : लोगों को मिला मौका, बीजेपी पर करें वोट की चोट: कांग्रेस ने कहा- 'भाजपा को हराइए- महंगाई को हराइए, किसानों को न्याय दिलाएं..बेरोजगारी भगाइए, महिलाओं पर अत्याचार से निजात पाइए

नई दिल्ली: चुनाव आयोग (ECI) ने शनिवार को यूपी ,पंजाब सहित पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों की तारीखों (Vidhan Sabha Chunav 2022 Dates) की घोषणा कर दी। उत्तर प्रदेश सहित पांच राज्यों के नतीजे 10 मार्च…

विधानसभा चुनाव 2022 : लोगों को मिला मौका, बीजेपी पर करें वोट की चोट: कांग्रेस ने कहा- 'भाजपा को हराइए- महंगाई को हराइए, किसानों को न्याय दिलाएं..बेरोजगारी भगाइए, महिलाओं पर अत्याचार से निजात पाइए
विधानसभा चुनाव 2022 : लोगों को मिला मौका, बीजेपी पर करें वोट की चोट: कांग्रेस ने कहा- 'भाजपा को हराइए- महंगाई को हराइए, किसानों को न्याय दिलाएं..बेरोजगारी भगाइए, महिलाओं पर अत्याचार से निजात पाइए | फ़ोटो: TVL News

नई दिल्ली:  चुनाव आयोग (ECI) ने शनिवार को यूपी ,पंजाब सहित पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों की तारीखों (Vidhan Sabha Chunav 2022 Dates) की घोषणा कर दी।  उत्तर प्रदेश सहित पांच राज्यों के नतीजे 10 मार्च को आएंगे| चुनाव आयोग द्वारा 5 राज्यों में चुनाव की तारीखों की घोषणा के बाद कांग्रेस पार्टी के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि पांच राज्यों के चुनाव की घोषणा भारत के चुनाव आयोग द्वारा आज की गई है, पर परिणाम काफी पहले तय हो चुके हैं। कांग्रेस पार्टी का हर कार्यकर्ता और हर नेता पांचों राज्यों में इन चुनावों को मजबूती से लड़ेगा और भारतीय जनता पार्टी की सरकारों को चार राज्यों के अंदर जबरदस्त तरीके से पटखनी देगा और पंजाब में एक बार फिर कांग्रेस का झंडा लहराएगा।



कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा कि,'पांचो प्रदेशों की जनता के पास अब स्वर्णिम अवसर आया है। भारतीय जनता पार्टी को परास्त करें, भाजपा को हराएं और महंगाई को भी हराएं। पेट्रोल, डीजल, रसोई गैस, खाने का तेल, दालें, इनके दामों ने इन पाचों प्रदेश और देश में लोगों की जिंदगियां दूभर कर दी हैं। मौका है इन पांचो प्रदेशों में उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, गोवा, पंजाब, मणिपुर के अंदर कि भारतीय जनता पार्टी को हराएं और महंगाई को भी हराएं।




उन्होंने कहा,''किसानों के पास इन प्रदेशों में, खासतौर से उत्तर प्रदेश में, उत्तराखंड में और पंजाब में मौका है कि किसानों की लखीमपुर खीरी में जीप के टायरों के नीचे कुचल कर हत्या करने वाले और उन लोगों को मंत्री पद, देश का होम मिनिस्टर बैठा कर बनाने वाले भारतीय जनता पार्टी को सजा दें। किसान के न्यूनतम समर्थन मूल्य पर एक वाकई में रचनात्मक आकार और कंपल्सरी आकार देने के किसान के सपने को, जिस पर 380 दिन से अधिक आंदोलन लड़ा गया, उसे एक नया आकार और शक्ल दें। 25 लाख करोड़ की खेती के व्यापार को चंद पूंजीपतियों की ड्योढ़ी पर बेचने का मोदी जी और भाजपा के षडयंत्र को वोट की चोट से हराएं।



सुरजेवाला ने कहा कि,''इसके साथ-साथ इन पाचों राज्यों में युवाओं को भी एक मौका है, बेरोजगारी पर चोट करने का, भाजपा को वोट से चोट करिए और बेरोजगारी को हराइए। भारतीय जनता पार्टी को परास्त करिए और 10 प्रतिशत तक पहुंच गई बेरोजगारी को भी हरा दीजिए। उत्तराखंड जैसे कई प्रांतों में तो बेरोजगारी की दर 30 और 40 प्रतिशत पहुंच गई है। उत्तर प्रदेश में शायद नौजवान करोड़ों की संख्या में बेरोजगार हैं। इसलिए बेरोजगारी को हराना है, तो भाजपा को हराना है। केवल ये याद रखकर वोटिंग बूथ तक जाना है।



कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि,'हमारी महिला बहनों के पास भी एक स्वर्णिम मौका है। भारतीय जनता पार्टी को हराइए, महिलाओं पर अत्याचार से निजात पाइए। भारतीय जनता पार्टी को हराइए और महंगाई से निजात पाइए। ये और मौका है। उन्होंने कहा,'''इन पाचों राज्यों के हमारे दलित, पिछड़े भाइयों के पास भी मौका है। भारतीय जनता पार्टी को हराइए और दलित, पिछडों पर जो अत्याचार हो रहे हैं और अधिकारों पर जो कुठाराघात हो रहा है, उससे मुक्ति पाइए।



उन्होंने कहा,''भारतीय जनता पार्टी, याद करिए, और मोदी सरकार वो महंगाई से नहीं घबराती, बेरोजगारी से नहीं घबराती, दलितों या पिछड़ों पर अत्याचार से नहीं घबराती, महिलाओं के खिलाफ होते हुए शोषण से नहीं घबराती, किसानों को जीप के टायरों के नीचे रौंदने से नहीं घबराती, युवाओं के पेपर लीक हों या दर-दर की ठोकरें खाएं, उससे नहीं घबराती, केवल और केवल चुनावी हार से घबराती है और उस चुनावी हार के लिए एक ये स्वर्णिम रास्ता, एक सुनहरा मौका आया है। इन पांच राज्यों में भाजपा को हराइए, महंगाई को भी हराइए, बेरोजगारी को भी हराइए, किसान विरोधी ताकतों को भी हराइए, महिला अत्याचार को भी हराइए और दलितों और पिछड़ों के अधिकारों पर कुठाराघात करने वाली ताकतों को भी हराइए। इसलिए हमारा ये आह्वान है, हमें ये विश्वास है कि पंजाब में एक बार फिर कांग्रेस का परचम फहराएगा और उसके साथ-साथ उत्तराखंड, जहाँ तीन-तीन मुख्यमंत्री बदल कर एक भ्रष्टाचारी सरकार दी है, जहाँ कोई ऐसा शायद किरदार नहीं, भ्रष्टाचार का, जिसका आधार नहीं। इस प्रकार के हालात पैदा हो गए हैं। वहाँ उत्तराखंड की देवभूमि एक नए सूर्योदय के इंतजार में है और वो रास्ता केवल कांग्रेस पार्टी है।




रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा कि,''यही गोवा के अंदर भी है। जहाँ एक नाजायज सरकार भारतीय जनता पार्टी ने बहुमत का अपमान करके बनाई। अल्पमत को पैसों की, सिक्कों की खनक से बहुमत बना कर पूर्ण तौर से भ्रष्टाचार के आतंक में डूबी हुई सरकार का गठन किया। वहाँ भी एक नया मौका है और वहाँ की जनता जाति और धर्म के विभाजन से ऊपर उठकर एक बार फिर कांग्रेस की ओर देख रही है।



सुरजेवाला ने कहा कि,'उत्तर प्रदेश में प्रियंका गांधी जी के नेतृत्व में हमारी बेटियों, लड़कियों, युवाओं, किसानों, उनका एक अनूठा समागम और एक नया एजेंडा हम लेकर आए हैं, तरक्की का, विकास का, समावेशी विकास का। उत्तर प्रदेश में अब उत्तम प्रदेश बनेगा, उसके बदलाव के लिए तैयार है और मणिपुर में जिस प्रकार से 'मैती', जो पूरी संस्कृति को, उसको नष्ट किया गया भारतीय जनता पार्टी के द्वारा, इसके लिए अब लोग बदला लेने के इंतजार में हैं। उन्होंने कहा,''इन चारों राज्यों के अंदर डबल इंजन की सरकार डबल फेलियर साबित हुई हैं और जनता का शोषण किया है। इन चुनावों के माध्यम से हमें उम्मीद है कि देश में इन पांच राज्यों के साथ-साथ एक नए बदलाव की शुरुआत होगी। 



कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि,'हम चुनाव आयोग से भी अपील करते हैं कि लैवल प्लेइंग फील्ड इंश्योर की जाए और ये सुनिश्चित करें कि वो सारे मापदंड, जिनकी घोषणा आज की है, वो वाकई में जमीनी स्तर पर लागू हों और सत्ता के लोभ में समाज का बंटवारा करने वाली ताकतें जो हैं, भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाली, उन ताकतों पर अंकुश लगाया जाए ताकि कानून और संविधान की अनुपालना हो। 



एक अन्य प्रश्न पर कि जब चुनाव आयोग से पूछा गया कि जब ये कहा जा रहा है एक्सपर्ट्स द्वारा कि 15 फरवरी तक कोरोना का पीक आ सकता है, तो आप इसको क्यों नहीं मानकर चल रहे हैं कि पहले से ही बड़ी रैलियों पर रोक लगा देनी चाहिए इस पर चुनाव आयोग ने कहा है कि ये कोई अंदाजा नहीं लगा सकता है, क्या कहेंगे, श्री सुरजेवाला ने कहा कि जहाँ तक चुनावी रैलियों का प्रश्न है, अगर बहुत बड़ी और मोदी जी पिछले लगभग दो- ढाई महीने से लगातार बड़ी-बड़ी चुनावी रैली सरकारी खर्चे पर, करोड़ों रुपए जनता के खजाने का नुकसान करके सरकारी खर्चे पर बसें करके, सरकारी खर्चे पर लोगों को एक जगह से दूसरी जगह तक ले जाकर कर रहे थे, तो हमने तब भी कहा था कि ये अपने-आप में सुपर स्प्रैडर रैलियाँ हैं, तो लाखों की भीड़ शायद इस माहौल में जब ओमीक्रोन का प्रकोप चार???ं तरफ है, इकट्ठे करना मुनासिब नहीं होता और इस एक्सटेंट तक हम चुनाव आयोग से सहमत थे|



पर अब चुनाव आयोग से अनुरोध जरुर करेंगे कि जो नुक्कड़ सभाएं हैं, जहाँ कुल संख्या सौ-डेढ़ सौ से ज्यादा नहीं होती और वो सबसे इफैक्टिव प्रचार का माध्यम भी है, कम से कम मेरा मानना है, आप सीधा लोगों तक पहुंच सकते हैं, कोविड प्रोटोकॉल की पालना हो सकती है, तो नुक्कड़ सभाएं, 15 जनवरी के बाद जरुर परमिट होंगी। डोर टू डोर कैंपेन अभी परमिटिड हैं और ये मैं सहमत हूँ चुनाव आयोग से कि देखिए, इवॉल्विंग सिचुएशन है, आगे कैसी स्थिति बनती है, उसके बाद हम भी उस पर देखकर, परखकर टिप्पणी करेंगे|



एक अन्य प्रश्न पर कि पंजाब में कांग्रेस पार्टी का चेहरा कौन होगा, श्री सुरजेवाला ने कहा कि आदरणीय मित्र, पहले तो आपको साधुवाद और मैं ये भी जोड़ दूँ कि गोवा, मणिपुर और उत्तर प्रदेश इन तीनों के अंदर भी कांग्रेस की यह स्थिति है, जब चुनाव के नतीजे आएंगे, तो आप भी ये पाएंगे। तो हम न केवल पंजाब और उत्तराखंड में सरकार बनाएंगे, बल्कि गोवा और मणिपुर में अपने बलबूते पर सरकार बनाएंगे और उत्तर प्रदेश में कांग्रेस के बगैर कोई सरकार नहीं बन सकती। प्रियंका जी ने जो इतना खूबसूरत जनता से जुड़ा कैंपेन चलाया है।



सुरजेवाला ने कहा कि,''जहाँ तक आपने पंजाब का प्रश्न किया। जब भी कोई इंकंवेंट सरकार होती है, तो हमारी पॉलिसी क्या है- आज से नहीं ये स्टेटेड पॉलिसी है। हमारे मुख्यमंत्री सरदार चरनजीत सिंह चन्नी हमारा चेहरा होंगे; हमारे संगठन के अध्यक्ष सिद्धू साहब हैं, नवजोत सिंह जी, वो भी हमारा चेहरा होंगे, क्योंकि वो भी संगठन का प्रतिनिधित्व करते हैं और ये एक और एक ग्यारह की जोड़ी और उनके साथ-साथ सुनील जाखड़ भी हैं, जो कैंपेन कमेटी के चेयरपर्सन हैं; 111 की जोड़ी तो ये है और 111 की जोड़ी के साथ लाखों-करोड़ों कांग्रेस के लोग मिलकर ये चुनाव लड़ेंगे और जीतेंगे।




एक अन्य प्रश्न पर कि सपा के एक नेता ने कहा है कि कांग्रेस का परफॉर्मेंस यूपी में जीरो होगा,और दूसरा, नफरत भरे भाषण जो सोशल मीडिया पर चलते हैं, उनको लेकर चुनाव आयोग ने कहा है कि निगरानी बरती जाएगी, सख्ती बरती जाएगी''' जिसके जवाब.. श्री सुरजेवाला ने कहा कि मैं आपके पहले दूसरे सवाल का जवाब दूंगा, फिर दूसरे वाला। जिस प्रकार का विषैला और नफरत भरा, बंटवारे भरा माहौल पैदा किया जा रहा है, उसके लिए जिम्मेदार कौन है? आज आईआईटी बैंगलोर, आईआईटी अहमदाबाद के छात्रों ने, अध्यापकों ने खुद प्रधानमंत्री को लिखा और ये कहा कि प्रधानमंत्री जी, आप जिस प्रकार से नफरत, बंटवारे और विषैलेपन को सेंक्शन करते हैं, अपनी मूक सहमति देकर, हमें इससे खेद है, क्योंकि आपसे उम्मीद है देश के प्रधानमंत्री के तौर पर कि आप कार्रवाई करेंगे।



सुरजेवाला ने कहा कि,''जब देश के छात्र, देश के शिक्षक, देश के प्रधानमंत्री को नसीहत दे रहे हैं कि आप कहीं न कहीं नफरत और बंटवारे को मूक सहमति, प्रत्यक्ष या परोक्ष सहमति दे रहे हैं, तो प्रधानमंत्री को भी अपने विवेक से सोचना होगा, जेपी नड्डा साहब को भी सोचना होगा, भाजपा के लोगों को भी सोचना होगा, क्योंकि इस देश के अंदर नफरत और बंटवारा और समाज में बंटवारे का विषैलापन घोलने का काम केवल और केवल भाजपा के लोग करते हैं और प्रधानमंत्री जी कहीं न कहीं उन्हें मूक सहमति देते हैं, इसलिए मैं सहमत हूँ और उम्मीद है कि चुनाव आयोग बगैर डरे, निष्पक्ष तरीके से संवैधानिक दायित्व निभाते हुए इस पर कार्रवाई करेगा। हम भी और आप भी, पत्रकार मित्र भी एक मुस्तैद प्रजातंत्र के सिपाही की तरह इस पर कड़ी नजर रखेंगे और जहाँ लगेगा कि चुनाव आयोग डर रहा है, या कोताही कर रहा है, तो हम वहाँ चुनाव आयोग से विनम्र अनुरोध करेंगे कि वो संवैधानिक जिम्मेदारियों का दायित्व निभाएं।



उन्होंने कहा,''जहाँ तक उत्तर प्रदेश का प्रश्न है, पिछले 5 साल से विपक्ष की भूमिका कौन निभा रहा है- केवल और केवल प्रियंका गांधी वाद्रा और कांग्रेस पार्टी। हर जगह जनता की आवाज कौन बना? हर जगह महिलाओं का शोषण हो, किसानों पर आक्रमण हो, युवाओं के अधिकारों को छीना जा रहा हो, गन्ना किसान की पेमेंट न हुई हो, भ्रष्टाचार का आलम हो, यहाँ तक कि भगवान राम की जन्मभूमि में उनके मंदिर के नाम की लूट हो, उसे भी उजागर करने के लिए केवल और केवल कांग्रेस पार्टी सबसे आगे खड़ी हुई है, इसलिए मैं दूसरे दलों का सम्मान करता हूँ, प्रजातंत्र में रामगोपाल जी के दल की भी जगह है, मेरे दल की भी जगह है, पर हम अपनी परफॉर्मेंस के आधार पर, अपनी एक्टिविटी के आधार पर,हमारी नेता की क्रियाशीलता के आधार पर ये दावा करते हैं कि उत्तर प्रदेश की जनता सही निर्णय करने वाली है।



एक अन्य प्रश्न पर कि क्या कांग्रेस पार्टी उत्तर प्रदेश में अकेले अपने दम पर चुनाव लड़ेगी या किसी गठबंधन के साथ जाएगी; दूसरा, पंजाब में जो घटनाक्रम हुआ है, क्या वो आने वाले पांच राज्यों के चुनावों में मुद्दा बनेगा और आप उसको कैसे काउंटर करेंगे, श्री सुरजेवाला ने कहा कि पहले तो सवाल के लिए साधुवाद। आज मैं आपके माध्यम से पूछता हूँ, देश के लोगों से, देश के प्रधानमंत्री मोदी जी देश के किसानों से डरते क्यों हैं? क्या देश के प्रधानमंत्री को, देश के अन्नदाता किसान से खतरा हो सकता है? क्या कोई पत्रकार साथी, जो इस सभा में मौजूद है, पत्रकार गोष्ठी में ये कह सकता है? केवल बीजेपी और मोदी जी कह रहे हैं कि किसान से मोदी जी को जान का खतरा है। 



इससे घोर अपमान, इससे बड़ा अपमान देश के 62 करोड़ किसान का क्या हो सकता है। क्या मोदी जी को 3 करोड़ पंजाबियों से जान का खतरा है? क्या भाजपा ये कहना चाहती है कि 3 करोड़ पंजाबी, जिन्होंने देश के लिए अनेको कुर्बानी दी और जो देश की सेनाओं में सबसे अग्रिम योगदान देते हैं, उनकी निष्ठा देश के प्रति कम है? क्या बीजेपी और मोदी जी ये कहना चाहते हैं कि देश के हमारे जो 3 करोड़ पंजाबी भाईबहन हैं, वो राष्ट्रवादी नहीं है?



रणदीप सिंह सुरजेवाला कहा कि,'' 3 करोड़ पंजाबियों से देश के प्रधानमंत्री को खतरा कैसे हो सकता है। ये वो पंजाबी हैं, जो सीना तानकर और छाती पर गोली खाकर देश की भी रक्षा करते हैं और देश की सीमाओं की भी रक्षा करते हैं। इन तीन करोड़ पंजाबियों पर और देश के 62 करोड़ किसानों पर ये इल्जाम जो भाजपा और मोदी जी लगा रहे हैं, ये अपने आप में देश विरोध है। ऐसा करना न्याय संगत तो हो ही नहीं सकता। देश के प्रधानमंत्री को देश के किसान से खतरा नहीं हो सकता। देश के प्रधानमंत्री को 3 करोड़ पंजाबियों से कभी खतरा नहीं हो सकता। न पहले हुआ 75 वर्ष में, न आगे होगा। राजनैतिक रोटियां सेंकने के लिए इस प्रकार से 3 करोड़ पंजाबियों को और 62 करोड़ किसानों को बदनाम करना बंद कीजिए, मैं केवल ये कहूँगा।



एक अन्य प्रश्न पर पंजाब और गोवा, दोनों में आम आदमी पार्टी और तृणमूल कांग्रेस के साथ भी आपकी टक्कर है? श्री रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा कि इन दोनों राज्यों के अंदर केवल और केवल कांग्रेस ही मुख्य विपक्षी दल हैं। कई विपक्षी दल राजनीतिक मजबूरियों के चलते आखिरी क्षण में जो चुनावी समर है, उसके विभाजन के लिए आ गए हैं, उनका अधिकार है, मुझे प्रजातंत्र में किसी के चुनाव लड़ने पर एतराज नहीं। पर हर वोटर को और हर विपक्षी दल को ये आंकलन करना पड़ेगा कि क्या वो वहाँ चुनाव लड़ने आए हैं या कांग्रेस के वोट का विभाजन करने आए हैं। कहीं भारतीय जनता पार्टी को कवर फायर तो नहीं दे रहे हैं? तो इसलिए ये बात है जो मैं वोटर के विवेक पर छोड़ता हूं।



एक अन्य प्रश्न पर कि आपने कहा कि चार राज्यों में आप सरकार बनाने वाले हैं, क्या ये मान लिया जाए कि कांग्रेस उत्तर प्रदेश में पहले से हार मान कर बैठ गई है? श्री सुरजेवाला ने कहा कि जी बिल्कुल नहीं। उत्तर प्रदेश में जिस प्रकार से श्रीमती प्रियंका गांधी जी ने निर्णय किया कि कांग्रेस हर सीट पर लड़ेगी। उत्तर प्रदेश देश का सबसे बड़ा प्रांत है और कांग्रेस के लिए सबसे महत्वपूर्ण प्रांत है। पर राजनीतिक सच्चाई यह है कि हम लगभग तीन दशकों से वहाँ सत्ता में नहीं आ पाए और कांग्रेस संगठन को एक नई गति, एक ताकत और जमीनी स्तर पर एकता की नई लड़ाई श्रीमती प्रियंका गांधी वाद्रा, जो महासचिव प्रभारी उत्तर प्रदेश हैं, उनके नेतृत्व में हमारे प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष, यूपी के नेता, उनके नेतृत्व में हमने दी है। पर हमें ये विश्वास है कि जिस प्रकार से जनता की लड़ाई हमने लड़ी है, हम वहाँ एक सबसे महत्वपूर्ण राजनीतिक दल के तौर पर उभरेंगे और लोग ऐसा देख भी रहे हैं। ये मेरा कहना है।



एक अन्य प्रश्न पर कि कांग्रेस अपने चुनाव प्रचार के लिए सोशल मीडिया पर कैसे आएगी, आगे आपकी रणनीति क्या होगी? श्री सुरजेवाला ने कहा कि आदरणीय मित्र डोर टू डोर कैंपेन, मैंने भी 7-8 चुनाव लड़े हैं, सबसे इफेक्टिव मोड मेरे मुताबिक राजनीति में है। एक है - पर्सन टू पर्सन यानी डोर टू डोर कैंपेन, जिसकी चुनाव आयोग ने आज भी अनुमति दे रखी है। दूसरा है नुक्कड़ सभा, जो किसी भी प्रोटोकॉल के अंदर आ जाती है और जैसा मैंने शुरु में कहा, एक और मित्र ने जब सवाल पूछा, हमें उम्मीद है कि चुनाव आयोग नुक्कड़ सभाओं की अनुमति देगा, कोविड प्रोटोकॉल के साथ। ये अगर दोनों परमिटिड हैं, तो वो लाखों लोगों की भीड़, जो कई बार मोदी जी सरकारी खर्चे पर इकट्ठी करते हैं और उसके माध्यम से आप याद करिए पिछली बार जब सेंकड वेव आई और उससे पहले फर्स्ट वेव आई, तो नमस्ते ट्रंप और मोदी जी की रैली का उसमें बड़ा भयंकर नेगेटिव योगदान था। इस बार भी ओमीक्रॉन जब फैला, तो सबसे ज्यादा ध्यान ओमीक्रॉन के फैलाव पर किसने नहीं दिया- देश के प्रधानमंत्री ने, जो कि सरकारी खर्चे पर लाखों की भीड़ जुटाने की कोशिश कर रहे थे, अपने गुणगान और स्तुतिगान के लिए। हमें इसलिए विश्वास है कि हम डिजिटल कैंपेन भी करेंगे, डिजिटल रैली भी करेंगे, फेसबुक लाइव भी करेंगे, इंस्टाग्राम के माध्यम से भी जाएंगे और डिजिटल रैली के माध्यम से भी जाएंगे और डोर टू डोर कैंपेन उस पर हमारा और नुक्कड़ सभाओं पर सबसे ज्यादा कंसल्टेशन रहेगा।



एक अन्य प्रश्न पर कि आपको लगता है कि ये कैंपेन उत्तर प्रदेश जैसे राज्य में संगठन को एक आधार दे पाएगा? श्री सुरजेवाला ने कहा कि उत्तर प्रदेश में महिलाएं आधी आबादी हैं पूरे देश की तरह और महिला और युवा और किसान ये तीन ऐसे सेक्शन हैं, जिन्हें आप ना जात पर बांट सकते, ना धर्म पर बांट सकते। जो भारतीय जनता पार्टी का एजेंडा है। आज यही तीन सेक्शन जो हैं, वो मोदी जी और महंगाई की, दोनों की मार से झुलस रहे हैं। महिलाएं हों, युवा हों, किसान हों और खेत-मजदूर और गरीब भी इसके अंदर शामिल हैं। तो इसलिए हमें ये विश्वास है कि हमने जो ये कैंपेन चलाया है और लोगों का कैंपेन है, वो चाहे ‘लड़की हूँ, लड़ सकती हूँ', जिसकी अब पूरी दुनिया में चर्चा हो रही है देश के साथ-साथ और उसके साथ-साथ युवाओं का, किसानों का, हम उनकी समस्याओं का भी कैंपेन चला रहे हैं, क्योंकि आज किसी को रुचि नहीं है व्यक्तियों के स्तुतिगान में, जो बीजेपी कर रही है। 



उन्होंने कहा,''बीजेपी केवल महिमामंडन में विश्वास करती है और हम कह रहे हैं कि महिमामंडन अगर करना है तो जनता का करिए और जनता की समस्याओं का निराकरण करिए, उनका हल निकालिए, निराकरण करिए और निराकरण कैसे होगा - वो होगा निर्णयों से और वो निर्णय कैसे होंगे- भाजपा की हार से। इसलिए मैंने कहा कि सुनहरा मौका है, भाजपा को हराइए, महंगाई को हराइए। भाजपा को हराइए, किसानों को न्याय दीजिए। भाजपा को हराइए, बेरोजगारी भगाइए। भाजपा को हराइए, महिलाओं के खिलाफ अत्याचार खत्म करवाइए। भाजपा को हराइए, आप दलितों और पिछड़ों के खिलाफ जो कुठाराघात हो रहा है, उसका अंत करवाइए। इसलिए वोट की चोट मारे जनता उन लोगों को जिन्होंने उनको लूटा है पिछले सात साल में सब्ज बाग दिखाकर।





tvlnews

TVL News (TheViralLines) के संवाददाता। यह रिपोर्ट स्थानीय स्रोतों और उपलब्ध आधिकारिक जानकारी की पुष्टि के बाद प्रकाशित की गई है। किसी तथ्य में सुधार के लिए संपर्क करें या +91 99996 56869 पर WhatsApp करें।

मुफ़्त अलर्ट

ऐसी हर खबर सबसे पहले पाएँ

बस्ती, गोंडा, अयोध्या, गोरखपुर और लखनऊ के अपडेट सीधे आपके WhatsApp पर।

इन्हें भी पढ़ें

टॉप न्यूज़ की सभी खबरें

इस खबर से जुड़े सवाल

यह खबर कब प्रकाशित हुई और आखिरी बार कब अपडेट की गई?

यह रिपोर्ट 8 जनवरी 2022 को TVL News पर प्रकाशित हुई और 9 मई 2025 को अपडेट की गई। नई जानकारी मिलने पर खबर को अपडेट किया जाता है।

इस क्षेत्र की और खबरें कहाँ पढ़ें?

इस क्षेत्र की ताज़ा खबरें TVL News के ज़िला सेक्शन में पढ़ी जा सकती हैं। thevirallines.net पर बस्ती, गोंडा, अयोध्या, गोरखपुर और लखनऊ के अलग-अलग पेज हर दिन अपडेट होते हैं।

इस खबर में कोई तथ्य ग़लत लगे तो क्या करें?

TVL News हर सुधार को गंभीरता से लेता है। +91 99996 56869 पर WhatsApp करें या thevirallines@gmail.com पर लिखें — पुष्टि के बाद खबर तुरंत सुधारी जाती है।