जेमा/गंगटोक: उत्तरी सिक्किम के जेमा में आज शुक्रवार को सेना का एक ट्रक दुर्घटनाग्रस्त हो गया| इस दर्दनाक सड़क हादसे में भारतीय सेना के 16 जवानों की मौत हो गई| चार जवान घायल भी हुए हैं| घायलों को उत्तरी बंगाल के एक सैन्य अस्पताल में हवाई मार्ग से ले जाया गया है| मिली जानकारी के अनुसार, यह दुर्घटना सुबह करीब 8 बजे हुई| चत्तेन से सुबह रवाना होकर थांगू की ओर जा रहे तीन वाहनों के काफिले में शामिल एक ट्रक मोड़ पर सड़क से फिसलकर खाई में गिर गया|
इस हादसे में 16 जवानों की मौत हो गई। जबकि चार जख्मी हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही सेना के अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच गए हैं। राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया गया है। हादसे पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने शोक व्यक्त किया है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने ट्वीट किया, 'सिक्किम में एक सड़क दुर्घटना में भारतीय सेना के वीर जवानों की शहादत के बारे में जानकर दुख हुआ। मृतकों के परिवारों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदनाएं।' मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सिक्किम में सड़क दुर्घटना में सैन्यकर्मियों की मौत पर शोक व्यक्त किया है। मोदी ने सड़क हादसे में घायल हुए सैन्यकर्मियों के शीघ्र स्वस्थ होने की भी कामना की। PMO ने ट्वीट किया,' सिक्किम में एक सड़क दुर्घटना में हमारे बहादुर सैन्यकर्मियों की मौत से दुखी हूं। शोक संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदनाएं। घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं: नरेन्द्र मोदी
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने ट्वीट किया, ''उत्तरी सिक्किम में सड़क हादसे में 16 जवानों की मौत की खबर सामने आई है। इससे गहरे शोक में हूं। राष्ट्र उनकी सेवा और प्रतिबद्धता के लिए हृदय से आभारी है। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी संवेदना। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।
गृह मंत्री अमित शाह ने ट्वीट कर कहा, ''सिक्किम में हमारे बहादुर सेना के जवानों की जान लेने वाले दुखद सड़क हादसे के बारे में जानकर दुख हुआ। मैं शोक संतप्त परिवारों के प्रति हार्दिक संवेदना व्यक्त करता हूं। घायलों को हर संभव सहायता प्रदान की गई है, वे जल्द से जल्द ठीक हो जाएं।
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने ट्वीट कर कहा, जेमा, सिक्किम में हुए दुखद सड़क हादसे की खबर सुनकर स्तब्ध हूं, जिसमें 16 बहादुर सैन्यकर्मियों की जान चली गई। उन्होंने कहा कि शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदना। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना।
हिमाचल प्रदेश सुखविंदर सिंह सुक्खू ने ट्वीट किया,''सिक्किम में सेना के वाहन के दुर्घटनाग्रस्त होने से 16 वीर सैनिकों की मृत्यु का दुखद समाचार है । भगवान शहीद सैनिकों की आत्मा को शांति प्रदान करे, व उनके परिवार वालों को इस दुःख को सहने की हिम्मत दे। इस दुख की घड़ी में हम सब पीड़ित परिवारों के साथ खड़े हैं। ॐ शाँति ।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि ,''सिक्किम में एक सड़क दुर्घटना में सेना के जवानों का निधन अत्यंत दु:खद व पीड़ादायक है। भारत के वीर सपूतों को विनम्र श्रद्धांजलि! मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं। परमपिता परमेश्वर दिवंगत आत्माओं को अपने श्री चरणों में स्थान तथा घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।
उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सिक्किम के जेमा इलाके में सेना के ट्रक के खाई में गिरने से तीन जेसीओ समेत 16 जवानों के निधन पर गहरा शोक जताते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की और संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।