गुवाहाटी: देश के पांच राज्यों में चुनाव की तारीखों का एलान होने के बाद अब विभिन्न राजनीतिक दल सक्रिय हो गए हैं। असम विधानसभा चुनावों की तारीख की घोषणा होने के बाद कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी अपने दो दिवसीय दौरे पर आज असम पहुंचीं। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने गुवाहाटी के कामाख्या मंदिर में दर्शन किए।
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने असम दौरे की शुरुआत मां कामाख्या देवी मंदिर में पूजा अर्चना करके की।कामाख्या मंदिर में पूजा करने के बाद प्रियंका गांधी ने कहा,''मैं कुछ सालों से यहां(कामाख्या मंदिर) आना चाह रही थी, मैं बहुत खुश हूं कि मैं आज यहां आ पाई। चुनाव में हम अच्छा प्रदर्शन करेंगे, हमारे सारे कार्यकर्ता बहुत काम कर रहे हैं|
प्रियंका गांधी ने ट्वीट किया,'' कामाख्ये वरदे देवि नीलपर्वतवासिनि। त्वं देवि जगतां मातर्योनिमुद्रे नमोऽस्तु तेII অসম আৰু অসমীয়াৰ কুশল কামনা কৰি মা কামাখ্যাৰ শ্রীচৰণত সেৱা আগবঢ়ালো आज मां कामाख्या के दर्शन का सौभाग्य मिला। मां कामाख्या से समस्त देशवासियों के कल्याण के लिए प्रार्थना की।
कामाख्या देवी के दर्शन के बाद कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी अपने चुनावी अभियान की शुरुआत करेंगी। प्रियंका गांधी तेजपुर समेत असम के कई शहरों में प्रचार करेंगी और फिर दो मार्च को एक रैली को संबोधित करेंगी।
बता दें कि शुक्रवार को चुनाव आयोग ने चार राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश में होने वाले आगामी विधानसभा चुनाव कार्यक्रम की घोषणा कर दी है। असम में 27 मार्च से तीन चरणों में चुनाव होंगे और वोटों की गिनती दो मई को होगी।