नई दिल्ली: भारत निर्वाचन आयोग (ECI) ने मंगलवार को महाराष्ट्र और झारखंड में विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया है | महाराष्ट्र की 288 विधानसभा सीटों के लिए एक चरण में 20 नवंबर को चुनाव होंगे| झारखंड में दो चरणों में चुनाव कराया जाएगा| पहले चरण का चुनाव 13 नवंबर को और दूसरे चरण का मतदान 20 नवंबर को होगा। दोनों राज्यों चुनाव की मतगणना 23 नवंबर को होगी।" मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने बताया, "झारखंड में चुनाव दो चरण में संपन्न होगा। पहले चरण का चुनाव 13 नवंबर को और दूसरे चरण का चुनाव 20 नवंबर को होगा। मतगणना 23 नवंबर को होगी।"
पहलो चरण में 13 नवंबर को कोडरमा, बरकट्ठा, बरही, बड़कागांव, हजारीबाग, सिमरिया, चतरा, बहरागोड़ा, घाटशिला, पोटका, जुगसलाई, जमशेदपुर पूर्वी, जमशेदपुर पश्चिमी, ईचागढ़, सरायकेला, चाईबासा, मझगांव, जगन्नाथपुर, मनोहरपुर, चक्रधरपुर, खरसांवा, तमाड़, तोरपा, खूंटी, रांची, हटिया, कांके, मांडर, सिसई, गुमला, विशुनपुर, सिमडेगा, कोलेबिरा, लोहरदगा, मनिका, लातेहार, पांकी, डालटेनगंज, विश्रामपुर, छतरपुर, हुसैनाबाद, गढ़वा, भवनाथपुर विधानसभा सीटों पर वोटिंग होगी।
पहला चरण
अधिसूचना: 18 अक्तूबर
नामांकन की आखिरी तारीख: 25 अक्तूबर
नामांकन पत्रों की जांच: 28 अक्तूबर
नाम वापसी: 30 अक्तूबर
मतदान: 13 नवंबर
मतगणना: 23 नवंबर
दूसरे चरण के तहत 20 नवंबर को राजमहल, बोरियो, बरहेट, लिट्टीपाड़ा, पाकुड़, महेशपुर, शिकारीपाड़ा, नाला, जामताड़ा, दुमका, जामा, जरमुंडी, मधुपुर, सारठ, देवघर, पौड़ेयाहाट, गोड्डा, महगामा, रामगढ़, मांडू, धनवार, बगोदर, जमुआ, गांडेय, गिरिडीह, डुमरी, गोमिया, बेरमो, बोकारो, चंदनकियारी, सिंदरी, निरसा, धनबाद, झरिया, टुंडी, बाघमारा, सिल्ली व खिजरी विधानसभा सीटों पर वोटिंग होगी।
दूसरा चरण
अधिसूचना: 22 अक्तूबर
नामांकन की आखिरी तारीख: 29 अक्तूबर
नामांकन पत्रों की जांच: 30 अक्तूबर
नाम वापसी: 1 नवंबर
मतदान: 20 नवंबर
मतगणना: 23 नवंबर
झारखंड विधानसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा पर JMM सांसद महुआ माजी ने कहा, "चुनावों की घोषणा एक महीने पहले ही कर दी गई, इससे कुछ काम जरूर बाधित होंगे लेकिन हम चुनाव के लिए पूरी तरह तैयार हैं क्योंकि हमने शुरू से ही जनता के लिए काम किया है। जनता को पूरा भरोसा है कि यहां फिर से JMM और गठबंधन की सरकार बनेगी..."
झारखंड सरकार वित्त मंत्री रामेश्वर उरांव ने झारखंड में विधानसभा चुनाव की तारीखों के ऐलान पर कहा, "हम इसका स्वागत करते हैं। हम चुनाव का इंतजार कर रहे थे और आज इसकी घोषणा हो गई है। हम पूरी तरह तैयार हैं। हमारी उपलब्धियां ही हमारा मुद्दा हैं। हमने पिछले चुनाव में जो वादे किए थे, जो संकल्प लिए थे उन्हें हमने पूरा किया है।"
बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री और राजद नेता तेजस्वी यादव ने कहा, "बिहार की 4 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव है। महाराष्ट्र और झारखंड में भी चुनाव है। हमारी कोशिश यही होगी कि सभी चुनाव हम जीतें....झारखंड में हम सरकार में हैं, हम INDIA गठबंधन का हिस्सा हैं। हम चाहते हैं कि हम मिलकर चुनाव लड़ें। हमारी कोशिश रहेगी कि फिर से झारखंड में भाजपा को हराएं। कौन कितनी सीटों पर चुनाव लड़ेगा ये कुछ देर में स्पष्ट हो जाएगा।"
कांग्रेस नेता सुबोधकांत सहाय ने झारखंड विधानसभा चुनाव पर कहा, "महाराष्ट्र में एक चरण में चुनाव है। झारखंड में भी एक चरण में चुनाव हो सकता था। झारखंड में दो चरण में चुनाव करके करके हमारे हाथ पैर बांधने का काम किया है। कांग्रेस की तैयारी अच्छी है...20 अक्तूबर तक गठबंधन की सीटों का बंटवारा हो जाना चाहिए। उसके बाद एक साथ कैंपेन पर काम शुरू किया जाए।"
भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने कहा, "झारखंड में भाजपा दो-तिहाई बहुमत से सरकार बनाएगी...आदिवासियों का जनसंख्या 45% से घटकर 27-28% पर आ गई है। अगली जनगणना तक यह 22% तक रह जाएगी। पूरे देश में मुसलमान 4% बढ़े हैं, हमारे यहां(झारखंड) पर मुसलमान 15-16% से बढ़े हैं। ये बांग्लादेशी घुसपैठिए हैं, उन्हें भगाएंगे। NRC लागू करेंगे। आदिवासियों की जो ज़मीन मुसलमानों ने ले ली है उसे वापस आदिवासियों को दिलाएंगे।"
भाजपा नेता अर्जुन मुंडा ने झारखंड विधानसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा पर कहा, "चुनाव आयोग ने आज तारीख की घोषणा कर दी है, जिसके साथ ही मौजूदा सरकार की उल्टी गिनती शुरू हो गई है। मौजूदा सरकार हर मोर्चे पर विफल रही है, युवाओं को ठगा गया है, महिलाओं को प्रलोभन दिया गया है... आम आदमी इनसे त्रस्त है... यहां माफियागिरी चल रही है, कोयला तस्करी चल रही है, घुसपैठियों को संरक्षण दिया जा रहा है... चुनावों की घोषणा के साथ ही इस सरकार की उल्टी गिनती शुरू हो गई है..."
झारखंड प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने झारखंड विधानसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा पर कहा, "हम चुनाव आयोग द्वारा चुनावों की घोषणा का स्वागत करते हैं। हम चुनाव के लिए पूरी तरह तैयार हैं... झारखंड के लोगों ने अपना मन बना लिया है और वे एक बार फिर यहां गठबंधन सरकार चुनेंगे..."
झारखंड विधानसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा होने पर झारखंड के पूर्व कांग्रेस प्रमुख राजेश ठाकुर ने कहा, "2019 के चुनाव से एक महीने पहले 2024 में चुनाव हो रहे हैं। हम पूरी तरह से तैयार हैं... हम चुनाव आयोग का सम्मान करते हैं लेकिन सभी चाहते थे कि कार्यकाल पूरा हो। अगर आपने ऐसा फैसला लेना था तो महाराष्ट्र और हरियाणा में एक साथ चुनाव करवा सकते थे क्योंकि उनकी नियत तिथि 3 नवंबर और 26 नवंबर थी। यहां तो 6 जनवरी थी, इसलिए इतनी जल्दी चुनाव करवाने की जरूरत नहीं थी, लेकिन हमने जो काम किया है, उसके आधार पर हम लोगों के बीच जाएंगे।"
भाजपा प्रवक्ता प्रतुल शाह देव ने झारखंड चुनाव की घोषणा पर कहा, "चुनाव आयोग ने झारखंड में दो चरणों में चुनाव कराने का बहुत अच्छा फैसला लिया है... हमें पूरा भरोसा है कि इस चुनाव से झारखंड में हेमंत सोरेन सरकार की लूट और भ्रष्टाचार का अंत होगा। चुनाव आयोग की इस घोषणा से झारखंड मुक्ति मोर्चा को झटका लगा है... हम चुनाव आयोग के इस फैसले का स्वागत करते हैं।"