नई दिल्ली: कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और सांसद राहुल गांधी की अगुवाई में 'कन्याकुमारी से चली भारत जोड़ो यात्रा 9 राज्यों को पार करते हुए कल दिल्ली पहुंच रही है। तमिलनाडु के कन्याकुमारी से शुरू हुई कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ (Bharat Jodo Yatra) का आज शुक्रवार को (23 दिसंबर, 2022 को) 107वां दिन है। 'भारत जोड़ो यात्रा' इन दिनों हरियाणा में है। हरियाणा में यात्रा का आज (23 दिसंबर, 2022 को) तीसरा दिन है। कल शनिवार सुबह यह यात्रा बदरपुर बॉर्डर से दिल्ली में प्रवेश करेगी|
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने पार्टी नेताओं के साथ पार्टी की भारत जोड़ो यात्रा की शुरुआत गुरुग्राम के सोहना में खेरली लाला से की थी। सुबह छह बजे खेरली लाला से शुरु हुई यात्रा का फरीदाबाद के खोरी गांव में जोरदार स्वागत किया गया। उसके बाद यात्रा आलमपुर, धौज आदि गांवों से होते हुए पाखल गांव में यात्रा रुकी| इसके बाद दोपहर 3 बजे यात्रा पुनः पाली चौक से शुरु हुई| यात्रा पाली चौक से होते हुए शाम 6 बजे
गोपाल गार्डन के बड़खल मोड़ पहुंची| यहाँ गोपाल गार्डन में राहुल गांधी ने एक सभा को संबोधित किया|
पिछले 8 साल में मोदी जी ने हजारों करोड़ रुपए 'मुझे और कांग्रेस पार्टी को बदनाम करने में लगा दिए: राहुल गांधी
फरीदाबाद के गोपाल गार्डन में सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा,“ पिछले 7-8 साल में नरेंद्र मोदी जी ने हजारों करोड़ रुपए मुझे और कांग्रेस पार्टी को बदनाम करने में लगा दिए... भारतीय जनता पार्टी भारत में जितनी (चाहे उतनी) सार्वजनिक बैठकें करा (सकती) है लेकिन जहां भारत जोड़ो यात्रा चल रही है वहां कोविड है|
प्रधानमंत्री जी के पीछे एक लगाम लगी है, सरकार नरेंद्र मोदी की नहीं बल्कि अदानी-अंबानी की है: राहुल गांधी
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा,“मैंने हजारों युवाओं से बात की और उन्होंने बताया कि वह इंजीनियर, डॉक्टर, IAS बनना चाहते हैं। मैंने पूछा कि अब क्या कर रहे हो? तो वह बोलते हैं कि पकोड़े तल रहे हैं... प्रधानमंत्री जी के पीछे एक लगाम लगी है। सरकार नरेंद्र मोदी नहीं बल्कि अदानी-अंबानी की है|
गौरतलब है कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा 7 सितंबर से कन्याकुमारी से शुरू हुई थी जो कि अब तक तमिलनाडु, केरल, आंध्रप्रदेश, कर्नाटक, तलंगाना, महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश, राजस्थान से गुजरते हुए अब हरियाणा में है। भारत जोड़ो यात्रा पहले पड़ाव में 3 दिन तक हरियाणा में रहेगी। यात्रा अंतिम दिन आज 23 तारीख को फरीदाबाद मे रुकेगी, जिसके बाद यात्रा 24 दिसंबर को दिल्ली में प्रवेश कर जाएगी। उसके बाद 9 दिनों का ब्रेक होगा| 3 जनवरी 2023 को यात्रा फिर शुरू होगी।
भारत जोड़ो यात्रा कल दिल्ली में प्रवेश करेगी
कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा शनिवार को बदरपुर बॉर्डर से सुबह करीब 6:30 बजे दिल्ली में प्रवेश करेगी| यात्रा लगभग 10:30 बजे जय देव आश्रम, आश्रम चौक के पास पहुंचेगी और करीब 4:30 बजे लाल किले पर समाप्त होगी
ऐतिहासिक शहर दिल्ली में ऐतिहासिक ''Bharat Jodo Yatra'' का आगमन... प्यार, एकता और अखंडता का संदेश लिए, भारत यात्री तैयार हैं भारत की राजधानी में एक नया इतिहास रचने के लिए : कांग्रेस
कन्याकुमारी से शुरू हुई भारत जोड़ने की यह ऐतिहासिक यात्रा देश की राजधानी दिल्ली पहुंचने वाली है। आइए, देश के नाम... नफ़रत के खिलाफ़ अपने कदम बढ़ाइए और पूरी दुनिया को यह बता दीजिए कि दिल्ली दिलवालों की है जो सिर्फ मोहब्बत में यकीन रखते हैं: कांग्रेस
‘भारत जोड़ो यात्रा’ पांच-छह जनवरी को दोबारा से हरियाणा में आएगी
‘भारत जोड़ो यात्रा’ दूसरे चरण में दोबारा से हरियाणा में आएगी। यात्रा पांच-छह जनवरी को हरियाणा में प्रवेश करेगी। इसमें पानीपत में रैली को राहुल गांधी संबोधित करेंगे। जबकि, कुरुक्षेत्र, करनाल और अंबाला में से एक जगह प्रेसवार्ता करेंगे।
महंगाई, बेरोजगारी, आर्थिक संकट और बंटवारे की राजनीति के खिलाफ पूरा देश एकजुट: प्रियंका गांधी
कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने कहा,''कन्याकुमारी से चली भारत जोड़ो यात्रा 9 राज्यों को पार करते हुए कल दिल्ली पहुंच रही है। सभी राज्यों में यात्रा को अपार जनसमर्थन मिला है। अब तक करोड़ों लोग इस यात्रा का हिस्सा बन चुके हैं। आज महंगाई, बेरोजगारी, आर्थिक संकट और बंटवारे की राजनीति के खिलाफ पूरा देश एकजुट हो रहा है। महंगाई से राहत के लिए, बेरोजगारी मिटाने के लिए, युवाओं के बेहतर भविष्य के लिए, देश की प्रगति के लिए आइए कुछ कदम साथ चलें।
बदरपुर बॉर्डर से लाल किले तक भारी ट्रैफिक रहने की संभावना: दिल्ली यातायात पुलिस
दिल्ली यातायात पुलिस ने कहा,''कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा के मद्देनजर कल दिल्ली में बदरपुर बॉर्डर से लाल किले तक भारी ट्रैफिक रहने की संभावना है। यात्रियों से अनुरोध है कि यदि संभव हो तो प्रभावित सड़कों से बचकर/बाईपास करके सहयोग करें और सार्वजनिक परिवहन का अधिकतम उपयोग करें|
यात्रा कल सुबह करीब 6:30 बजे बदरपुर बॉर्डर से दिल्ली में प्रवेश करेगी और शाम करीब साढ़े चार बजे लाल किले पर समाप्त होगी। ISBT/रेलवे स्टेशनों/हवाई अड्डों की ओर यात्रा करने वाले लोगों से सावधानीपूर्वक योजना बनाने का अनुरोध किया जाता है|