नई दिल्ली: कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और सांसद राहुल गांधी (Rahul Gandhi) की अगुवाई में तमिलनाडु के कन्याकुमारी से शुरू हुई कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ का आज मंगलवार को 123वां दिन है। ‘यात्रा’ इन दिनों पंजाब में है | पंजाब में ‘भारत जोड़ो यात्रा’ का आज (17 जनवरी, 2023 को) सातवां दिन है| राहुल गांधी ने आज रविवार सुबह 7 बजे होशियारपुर के झींगर खुर्द (टांडा) से भारत जोड़ो यात्रा की शुरुआत की। यह यात्रा टांडा के झींगर खुर्द से होते हुए सुबह 11:30 बजे गनुसपुर पहुंची। यहाँ रविवार दोपहर करीब 1 बजे राहुल गांधी ने प्रेस कांफ्रेस की| प्रेस कांफ्रेस के बाद राहुल गांधी दोपहर 3:30 बजे पुनः यह यात्रा गनुसपुर से शुरू करेंगे| यह यात्रा शाम साढ़े छह बजे गनुसपुर से मुकेरियां पहुंचेगी|
पंजाब में भारत जोड़ो यात्रा के दौरान मंगलवार को कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की सुरक्षा में सेंध का मामला सामने आया है। होशियारपुर ज़िले के टांडा में कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के दौरान उनकी सुरक्षा में चूक हुई। यात्रा के दौरान एक शख्स ने सुरक्षा घेरे को तोड़ते हुए राहुल गांधी के पास जा पहुंचा। इसके बाद शख्स ने राहुल गांधी के गले लगने की कोशिश की।
घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है। वीडियो में पीले रंग की जैकेट में एक शख्स राहुल गांधी की ओर आता दिख रहा है। थोड़ी देर बाद शख्स राहुल गांधी की ओर बढ़ता है और उनके गले लगने की कोशिश करता है। इस दौरान राहुल गांधी के पास मौजूद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शख्स को रोक लिया।
पंजाब के IG (लॉ एंड ऑर्डर विंग) GS ढिल्लों ने कहा,''वीडियो से लगता है कि ये सुरक्षा में चूक है। हमने पुख्ता इंतजाम किए हैं। जिस तरीके से उसने राहुल गांधी को गले लगाया उसकी उम्मीद नहीं थी। जब तक मैं आश्वस्त नहीं होता कि वे बुलाने पर आया था या किसी के साथ आ गया था, तब तक मैं कुछ नहीं कह सकता|
बता दें कि राहुल गांधी की सुरक्षा को लेकर सुरक्षा एजेंसियों ने अलर्ट जारी किया है। सुरक्षा एजेंसियों के मुताबिक, कश्मीर में भारत जोड़ो यात्रा के दौरान राहुल गांधी की सुरक्षा में सेंध की आशंका है। एजेंसी की ओर से राहुल गांधी को कश्मीर में यात्रा के दौरान कुछ जगहों पर पैदल नहीं चलने की सलाह दी गई है।