नई दिल्ली: मध्यप्रदेश की खंडवा लोकसभा सीट से भाजपा सांसद नंद कुमार सिंह चौहान का निधन हो गया है। खंडवा के भाजपा सांसद नंद कुमार सिंह चौहान का कल रात दिल्ली के मेदांता अस्पताल में निधन हो गया। वे कोरोना से संक्रमित पाए गए थे और उनका अस्पताल में इलाज चल रहा था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर खंडवा से लोकसभा सांसद नंदकुमार सिंह चौहान के निधन पर दुख जताया।
डॉक्टरों के अनुसार भाजपा नेता के 90 प्रतिशत फेफड़े संक्रमित हो गए थे। उन्हें दिल्ली के अस्पताल में एयरलिफ्ट करके लाया गया था, जहां मंगलवार तड़के उन्होंने अंतिम सांस ली। आज दोपहर को उनका पार्थिव शरीर एयर एंबुलेस के जरिए खंडवा हवाई पट्टी पर लाया जाएगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नंद कुमार सिंह के निधन पर दुख जताया है। उन्होंने कहा, 'खंडवा से लोकसभा सांसद श्री नंद कुमार सिंह चौहान जी के निधन से दुखी हूं। उन्हें संसदीय कार्यवाही, संगठनात्मक कौशल में योगदान और भाजपा को मध्यप्रदेश में मजबूत करने के प्रयासों के लिए याद किया जाएगा। उनके परिवार के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं। ओम शांति।'
केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भाजपा सांसद के निधन पर शोक जताया है। उन्होंने कहा, 'मध्यप्रदेश से सांसद एवं पार्टी के वरिष्ठ नेता श्री नंद कुमार चौहान के निधन से मुझे बहुत दुख हुआ है। उनका पूरा जीवन सामाजिक कार्यों के प्रति समर्पित रहा। ‘नंदू भैया’ ने म. प्र. में भाजपा को मजबूत बनाने में महती भूमिका निभाई। उनके परिवार के प्रति मेरी संवेदनाएं। ॐ शांति!'
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने खंडवा के भाजपा सांसद नंद कुमार सिंह चौहान के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने ट्वीट कर कहा, "BJP ने एक आदर्श कार्यकर्ता, कुशल संगठक, समर्पित जननेता को खो दिया। नंदकुमार सिंह चौहान का जाना मेरे लिये व्यक्तिगत क्षति है।"