नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी की दो दिवसीय राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक दिल्ली के एनडीएमसी कन्वेंशन सेंटर में शुरू हो गई है| प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, 'BJP अध्यक्ष जे.पी. नड्डा, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव , रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर, केंद्रीय मंत्री निर्मला सीतारमण और हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर समेत आदि नेता शामिल है|
इस बैठक में इस साल होने वाले विधानसभा चुनावों और 2024 के लोकसभा चुनाव को लेकर रणनीति पर भी चर्चा होगी| साथ ही पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के कार्यकाल के विस्तार को लेकर चर्चा होने की संभावना है| पीएम मोदी ने इस बैठक में हिस्सा लेने से पहले दिल्ली में एक रोड शो भी किया| प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पटेल चौक से संसद मार्ग तक के लिए रोड शो किया।
BJP सांसद रवि शंकर प्रसाद ने कहा कि,''BJP अध्यक्ष जे.पी. नड्डा ने राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में कहा कि 2023 हमारे लिए बहुत महत्वपूर्ण है, हमें 9 प्रदेशों में चुनाव लड़ना है। उन्होंने कार्यकारिणी से आह्वान किया कि चुनाव के लिए कमर कस लें, हमें सभी 9 राज्यों में जीत दर्ज करनी है|
रवि शंकर प्रसाद ने कहा कि,''देशभर के 100 लोकसभा क्षेत्रों में 72 हजार बूथ चिह्नित किए गए थे जहां भाजपा कमजोर थी और जहां हमें पहुंचना था लेकिन हम 1 लाख 30 हजार बूथों तक पहुंचे और पार्टी की नीतियों का प्रसार किया."