नई दिल्ली: केंद्र ने बुधवार को सरकारी कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के लिए डीए और डीआर में बढ़ोतरी की है| केंद्र ने 48.67 लाख केंद्रीय सरकारी कर्मचारियों के लिए महंगाई भत्ता (डीए) चार प्रतिशत अंक बढ़ाकर 46% कर दिया, साथ ही त्योहारी सीजन और महत्वपूर्ण विधानसभा चुनावों से पहले , 67.95 लाख पेंशनभोगियों के लिए महंगाई राहत (डीआर) में भी समान वृद्धि की।
प्रधानमंत्री की अध्यक्षता में केन्द्रीय मंत्रिमंडल ने केन्द्र सरकार के कर्मचारियों को 01 जुलाई 2023 से महंगाई भत्ते (डीए) और पेंशनभोगियों को महंगाई राहत (डीआर) की एक अतिरिक्त किस्त जारी करने की मंजूरी दे दी है जो मूल्य वृद्धि की भरपाई के लिए मूल वेतन/पेंशन की 42 प्रतिशत की मौजूदा दर पर 4 प्रतिशत की वृद्धि का प्रतिनिधित्व करता है। यह बढ़ोतरी स्वीकृत फॉर्मूले के मुताबिक है, जो 7वें केंद्रीय वेतन आयोग की सिफारिशों पर आधारित है।
महंगाई भत्ता और महंगाई राहत दोनों के कारण राजकोष पर संयुक्त प्रभाव प्रति वर्ष 12,857 करोड़ रुपये होगा। इससे केन्द्र सरकार के करीब 48.67 लाख कर्मचारियों और 67.95 लाख पेंशनभोगियों को फायदा होगा।
केन्द्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने बताया,''आज प्रधानमंत्री मोदी की अध्यक्षता में कैबिनेट की बैठक हुई। केंद्र सरकार के कर्मचारियों का महंगाई भत्ता(DA) और पेंशनरों के महंगाई राहत(DR) में 1 जुलाई 2023 से 4% की बढ़ोतरी करने का निर्णय लिया गया है|