नई दिल्ली: यूपी भाजपा में सियासी खींचतान के बीच प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार शाम गृहमंत्री अमित शाह से मुलाक़ात की| गुरुवार शाम मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दिल्ली पहुंचें| उसके बाद अमित शाह से उनकी मुलाक़ात हुई है| वह शुक्रवार सुबह 11 बजे प्रधानमंत्री मोदी से मुलाक़ात करेंगे| इसके अलावा शुक्रवार 12:30 बजे बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा से भी मिलेंगे|
गृहमंत्री अमित शाह ने ट्वीट किया,''उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी से भेंट की। मुख्यमंत्री कार्यालय, उत्तर प्रदेश ने ट्वीट किया,'केंद्रीय गृहमंत्री Amit Shah जी से आज UP CM योगी आदित्यनाथ जी ने दिल्ली प्रवास के दौरान शिष्टाचार भेंट की।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गृहमंत्री अमित शाह को 'प्रवासी संकट का समाधान' पुस्तक भेंट की| उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा,''आज आदरणीय केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह जी से नई दिल्ली में शिष्टाचार भेंट कर उनका मार्गदर्शन प्राप्त किया। भेंट हेतु अपना बहुमूल्य समय प्रदान करने के लिए आदरणीय गृह मंत्री जी का हार्दिक आभार।
उत्तर प्रदेश में 2022 में विधानसभा चुनाव होने हैं| विधानसभा चुनाव को देखते हुए प्रदेश में सियासी सरगर्मी तेज हो गई है| खबर है कि सुहैलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के अध्यक्ष ओपी राजभर से बीजेपी के नेताओं की बात चल रही है| इस काम में भारतीय जनता पार्टी ने पूर्वांचल के कुछ बड़े नेताओं को काम पर लगाया है| ओपी राजभर बीजेपी से अलग होने के बाद लगातार हमलावर रहे हैं| राजभर बीजेपी को 'भारतीय झूठ पार्टी' तक कह चुके हैं|