Morbi Bridge Collapse: कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने गुजरात के मोरबी में पुल के टूट जाने से हुए हादसे में मृत सैकड़ों लोगों के परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने इसे बहुत बड़ी मानवीय त्रासदी बताया। उन्हें यह जानकर अत्यंत दुःख हुआ है कि मृतकों में ज़्यादातर बच्चे, महिला एवं बुजुर्ग थे।
घटना की जानकारी मिलते ही मल्लिकार्जुन खड़गे ने देर रात गुजरात प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं से लगातार बात कर स्थिति का जायजा लिया और उन्हें निर्देश दिया कि कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं एवं पार्टी के अग्रिम संगठनों के लोग राहत कार्य में फ़ौरन और हर सम्भव मदद करें।
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की ईश्वर से प्रार्थना की।
उन्होंने गुजरात की सरकार से यह अपेक्षा की कि वो घायलों के लिए तुरंत चिकित्सा का इंतज़ाम करें और लापता लोगों की जल्द से जल्द तलाश करें, साथ ही घायलों एवं मृतकों के परिवारों को उचित सहायता राशि भी प्रदान की जाए। उन्होंने हादसे की तहक़ीक़ात के लिए न्यायिक जाँच की भी माँग की। उन्होंने यह भी कहा कि यह राजनीति करने का समय नहीं है परंतु इस दुर्घटना की ज़िम्मेवारी ज़रूर तय होनी चाहिए तभी भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सकेगा।
Morbi Bridge Collapse: गुजरात के मोरबी में ब्रिज 'टूटने' से 141 लोगों की मौत, 177 रेस्क्यू
गुजरात के अहमदाबाद में राजस्थान CM अशोक गहलोत ने कहा कि,''हमारी 'परिवर्तन संकल्प यात्रा' की शुरूआत होनी थी लेकिन मोरबी की घटना के बाद हमने इसे स्थगित करना उचित समझा लेकिन भाजपा के कार्यक्रम जारी हैं। मुझे मोदी जी के कार्यक्रम देखकर दुख हुआ। सरकार को हाई कोर्ट के जज की अध्यक्षता में जांच करानी चाहिए|
गुजरात के मोरबी पुल हादसे में मृतकों की संख्या सोमवार सुबह 141 पहुंच गई। गुजरात के मोरबी के माच्छू नदी पर बना 'केबल ब्रिज' गिरने से मरने वालों की संख्या सोमवार सुबह तक बढ़कर 141 हो गई। जबकि अब तक 177 लोगों को रेस्क्यू किया गया है| वहीं अन्य लोगों की तलाशी के लिए खोज और बचाव अभियान जारी है।