नई दिल्ली: पांच राज्यों- छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, राजस्थान, तेलंगाना और मिज़ोरम में होने वाले विधानसभा चुनाव (Assembly Elections 2023) की तारीखों का ऐलान के बाद शिवसेना (उद्धव ठाकरे गुट) की सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने सोमवार (09 अक्टूबर) को कहा, "जुड़ेगा भारत जीतेगा INDIA... |राजस्थान में इतिहास रचने जा रहा है, जहां कांग्रेस फिर से सत्ता में आ रही है...
प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा, " युवाओं महिलाओं से कहूंगी कि वे आगे आकर अपना मत दें... इस चुनाव में तेलंगाना में BRS और कांग्रेस आमने-सामने है और बाकी चुनावी राज्यों कांग्रेस और भाजपा है... "
बता दें कि आज सोमवार (09 अक्टूबर) को छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, राजस्थान, तेलंगाना और मिज़ोरम विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान हो गया है| छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव 7 नवंबर और 17 नवंबर को दो चरणों में होगा। मध्य प्रदेश में 17 नवंबर; राजस्थान में 23 नवंबर; तेलंगाना में 30 नवंबर और मिजोरम में विधानसभा चुनाव 7 नवंबर को होगा। सभी चुनावी राज्यों की मतगणना 3 दिसंबर को होगी|
काम किया दिल से, कांग्रेस फिर से:प्रताप सिंह खाचरियावास
राजस्थान चुनाव की घोषणा पर राजस्थान सरकार में मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास ने कहा, "...मैं लोगों से अपील करता हूं कि एक तरफ कांग्रेस और दूसरी तरफ भाजपा के केंद्र के काम को रखिए, हमारा काम अच्छा हो तो हमारे साथ आईए। हमने जो काम किया है वह लोगों को दिख रहा है... काम किया दिल से, कांग्रेस फिर से। हमने दिल से काम किया है इसलिए हमें 100% उम्मीद है कि कांग्रेस ही चुनाव जीतेगी।"
राजस्थान की जनता कांग्रेस की सरकार को दोहराएगी: गोविंद सिंह डोटासरा
राजस्थान में विधानसभा चुनाव की तारीखों के ऐलान पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा, "भाजपा अपनों पर ही आक्रामक है... देश के प्रधानमंत्री को बार-बार ये जाकर बताना पड़ रहा है कि हमारा कोई चेहरा नहीं होगा। इसका मतलब ये है कि भाजपा में अंदरूनी फूट है... दूसरी तरफ हम (कांग्रेस) एक हैं। हम एकजुटता के साथ काम करते हैं... हम अब जनता के बीच जाकर राजस्थान सरकार के सभी कामों को बताएंगे और हमें पूरी उम्मीद है कि राजस्थान की जनता कांग्रेस की सरकार को दोहराएगी।"
कांग्रेस राजस्थान में फिर से सरकार बनाएगी:सचिन पायलट
कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने कहा, "...जनता अपना निर्णय सुनाने के लिए उतारू है। पूरी पार्टी मुस्तैदी से चुनाव मैदान में तैयार खड़ी है। मुझे पूरा विश्वास है कि जो पिछले 25-30 साल में नहीं हुआ वो इस बार होगा और कांग्रेस राजस्थान में फिर से सरकार बनाएगी..."