MP Assembly Elections 2023: मध्यप्रदेश में चुनावी बिगुल आज सोमवार (09 अक्टूबर) को बज गया।मध्य प्रदेश में आगामी चुनाव के लिए बीजेपी ने सोमवार (09 अक्टूबर) को 57 उम्मीदवारों की चौथी सूची जारी की। सीएम शिवराज सिंह चौहान बुधनी से चुनाव लड़ेंगे, प्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा दतिया से, गोपाल भार्गव रेहली से, विश्वास सारंग नरेला से और तुलसीराम सिलावट सांवेर से चुनाव लड़ेंगे।
इससे पहले बीजेपी 79 (39-39-1) नामों का ऐलान कर चुकी है| बीजेपी ने पहली लिस्ट में 39 उम्मीदवार, दूसरी में 39 और तीसरी लिस्ट में एक उम्मीदवार के नाम का ऐलान किया है| अब तक कुल 136 उम्मीदवारों के नाम का ऐलान हो चुका है|
बता दें कि आज मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान हो गया है| मध्यप्रदेश में एक ही चरण में मतदान कराया जाएगा। मध्यप्रदेश में 17 नवंबर को मतदान होगा, जबकि मतगणना 3 दिसंबर को होगी।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा, "हम लोग अपने अस्तित्व की संपूर्ण क्षमता झोंक कर कार्यकर्ताओं के साथ काम करेंगे और निश्चित तौर पर भाजपा की सरकार बनाएंगे क्योंकि ये ही प्रदेश की जनता के हित में है। मैं आज हरिद्वार और ऋषिकेश जा रहा हूं। कल दिन भर मुलाकात और चिंतन का दौर जारी रहेगा। हम बुधवार सुबह लौटकर चुनाव अभियान में पूरी ताकत के साथ भिड़ जाएंगे।"