नई दिल्ली: दिल्ली महिला आयोग ने 21 वर्षीय पर्यावरण एक्टिविस्ट दिशा रवि की गिरफ्तारी के मामले में दिल्ली पुलिस को नोटिस जारी किया है | 21 वर्षीय पर्यावरण एक्टिविस्ट दिशा रवि की गिरफ्तारी को लेकर दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने दिल्ली पुलिस साइबर क्राइम सेल दिल्ली पुलिस कमिश्नर को नोटिस भेजा है। दिल्ली महिला आयोग ने पुलिस से एफआईआर की कॉपी मांगी है|
दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने कहा,'दिल्ली पुलिस को दिशा रवि की गिरफ़्तारी के मामले में नोटिस जारी किया है। क्या गिरफ़्तारी में क़ानूनी प्रक्रियाओं का उल्लंघन किया गया..? क्या दिशा को वकील की सुविधा नहीं दो गयी ...? यदि ये गिरफ़्तारी कृषि आंदोलन को समर्थन देने के चलते की गयी है तो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, दिशा को कोर्ट में प्रस्तुत करने से पहले पसंद का वकील नहीं दिया गया, साथ ही कुछ रिपोर्ट्स के अनुसार गिरफ्तारी के दौरान भी कानूनी प्रक्रियाओं का सही तरीके से पालन नहीं किया गया है| फिलहाल आज यानी मंगलवार को दिल्ली की एक अदालत ने जलवायु कार्यकर्ता दिश रवि को गर्म कपड़े, मास्क, किताबें आदि उपलब्ध करने की अनुमति दी। अदालत ने उसे उसकी माँ और परिवार के अन्य सदस्यों से बात करने की भी अनुमति दी। कोर्ट उसे टूलकिट मामले में एफआईआर की कॉपी और उसकी गिरफ्तारी से जुड़े अन्य दस्तावेजों को मुहैया कराने की अनुमति दी है|
टूलकिट केस ( Toolkit conspiracy) में 21 वर्षीय क्लाइमेट एक्टिविस्ट दिशा रवि को किसानों के विरोध प्रदर्शन से संबंधित 'टूलकिट' फैलाने में उसकी कथित भूमिका के लिए बेंगलुरु से गिरफ़्तार किया गया था| दिल्ली पुलिस साइबर सेल ने टूलकिट मामले में शनिवार को यह पहली गिरफ्तारी की थी| शनिवार को 21 साल की क्लाइमेट एक्टिविस्ट दिशा रवि को बेंगलुरु से गिरफ्तार किया गया था और रविवार को पटियाला हाउस कोर्ट में पेश किया गया था, जहां कोर्ट ने उन्हें पांच दिनों की पुलिस हिरासत में भेज दिया था|