Flash News: एक पेज पर ढेर सारी खबरें....
दिल्ली: वीवो मनी लॉन्ड्रिंग मामले में आरोपी चीन के नागरिक को पटियाला हाउस कोर्ट लाया गया। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने पीएमएलए एक्ट के तहत चीनी मोबाइल कंपनी वीवो से जुड़े एक चीनी नागरिक समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
ललन पासवान ने जेडीयू दिया से इस्तीफा
जेडीयू के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक ललन पासवान ने इस्तीफा दे दिया है| उन्होंने जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह को अपना इस्तीफा भेजा है| अपने इस्तीफे पर पूर्व JDU विधायक ललन पासवान ने कहा, "जिस दल में पूरी तरह से तानाशाही हो, जुबान चलाने पर जीभ काट दी जाए, दलितों की बात उठाने वाले को दरकिनार कर दिया जाए, ऐसे दल में रहकर क्या फायदा?... बिहार में लगातार दलितों पर अत्याचार हो रहे हैं... नीतीश कुमार ने जिस सत्ता को उखाड़ कर सरकार बनाई थी, आज वह उसी सत्ता के साथ गलबहियां कर रहे हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री बनने के लिए लालू यादव को सत्ता सौंप दी और उनके चरणों में नतमस्तक हो गए। आज अगर वह(नीतीश कुमार) मुख्यमंत्री नहीं बनते और संघर्ष करते तो बिहार की जागीर और जमीर दोनों बची रहती..."|
315 किलो कट्टे, 2 अधबने कट्टे, 2 कारतूस और कट्टा बनाने की काफी सामग्री ज़ब्त
मध्य प्रदेश: अवैध हथियार फैक्ट्री पर छापेमारी को लेकर SP विक्रम सिंह ने बताया "मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव होना है, जिसे लेकर आचार संहिता प्रभावशील है... हमें सूचना मिली थी कि कुछ लोगों के द्वारा अवैध कट्टे बनाए जा रहे हैं... सूचना मिलने के बाद थाना प्रभारी अन्य पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे तो वहां से आरोपी को राउंडअप किया गया। आरोपी के पास से 315 किलो कट्टे, 2 अधबने कट्टे, 2 कारतूस और कट्टा बनाने की काफी सामग्री ज़ब्त की गई है..."
चिंता नहीं: इजराइल-फिलिस्तीन संघर्ष के बीच ईंधन की कीमतों पर केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी
इजराइल-फिलिस्तीन संघर्ष के बीच ईंधन की कीमतों पर केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा, "हम तीन चुनौतियों से निपट रहे हैं- उपलब्धता, सामर्थ्य और स्थिरता। फिलहाल हमें उपलब्धता को लेकर चिंता नहीं हैं, क्योंकि जिन देशों से हम कच्चा तेल आयात करते हैं, उनकी संख्या 27 से बढ़कर 39 हो गई है... अगर एक क्षेत्र में समस्या है तो हम दूसरे क्षेत्र से अपनी आपूर्ति प्राप्त कर सकते हैं। जहां तक सामर्थ्य का सवाल है, यह उपलब्धता से जुड़ा है... कीमतें बढ़ सकती हैं यदि बाज़ारों में उपलब्ध तेल की मात्रा अचानक कम हो जाती है। स्थिरता के लिए, हमने हरित ऊर्जा संक्रमण में अपनी स्थिति को कमजोर नहीं होने दिया है।"
......दीवाली आ रही कम-से-कम सुतली बम ही बना दो: अखिलेश यादव
समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा, "बड़े-बड़े निवेश, उद्योगपति आए थे... आज वह निवेश ज़मीन पर उतरे? कहीं कारखाने, उद्योग लगे हों तो बताएं। प्रधानमंत्री जी बुंदेलखंड में गए उन्होंने वहां से मिसाइल, टैंक, गोले बनने की बात कही थी। हम कह रहे हैं कि दीवाली आ रही कम-से-कम सुतली बम ही बना दो।"
11 बंग्लादेशियों ने अवैध तरीके से आने की कोशिश की
हमें BSF ने सूचना दी थी कि 11 बंग्लादेशियों ने अवैध तरीके से आने की कोशिश की है। उनकी शिकायत पर थाना घरिंडा में मामला दर्ज़ किया और आगे की कार्रवाई चल रही है... इसमें स्थानीय नागरिक भी शामिल है जिसको पकड़ने की कोशिश कर रहे हैं। इनको कोर्ट में पेश करेंगे: गुरिंदरपाल सिंह नागरा, डीएसपी अटारी (ग्रामीण), अमृतसर
कांग्रेस जबरदस्ती झूठ बोलकर भाजपा पर आरोप लगा रही है: कैलाश विजयवर्गीय
इंदौर: भाजपा नेता कैलाश विजयवर्गीय ने कहा, "प्रियंका गांधी हो या राहुल गांधी हो झूठ के अलावा वे कुछ भी नहीं हैं। पिछले चुनाव में भी राहुल गांधी ने किसानों को धोखा दिया। कांग्रेस अभी भी धोखा देने का काम कर रही है। कल उन्होंने वन अधिकार के पट्टों को लेकर बोला, वन अधिकार के पट्टे सर्वाधिक भाजपा सरकार ने दिए। वनों में आदिवासियों के अधिकार को भाजपा ने सुरक्षित किया है। कांग्रेस जबरदस्ती झूठ बोलकर भाजपा पर आरोप लगा रही है।"
ED के समन को चुनौती देने वाली CM हेमंत की याचिका को हाईकोर्ट ने किया खारिज
झारखंड उच्च न्यायालय ने मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय के समन के खिलाफ सीएम हेमंत सोरेन द्वारा दायर रिट याचिका को खारिज कर दिया है।
आप सांसद संजय सिंह ने अपनी गिरफ्तारी को चुनौती देते हुए दिल्ली HC का रुख किया
आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने दिल्ली आबकारी नीति मामले में अपनी गिरफ्तारी को चुनौती देते हुए दिल्ली उच्च न्यायालय का रुख किया। उन्होंने ट्रायल कोर्ट द्वारा उन्हें दी गई रिमांड को भी चुनौती दी है। दिल्ली हाईकोर्ट (Delhi High Court) ने आम आदमी पार्टी के नेता संजय सिंह की याचिका पर ईडी से जवाब मांगा है। कोर्ट इस मामले पर 17अक्टूबर को सुनवाई करेगा।
15 अक्टूबर के बाद बारिश की संभावना..तब उम्मीद है - अच्छा सुधार आएगा: दिल्ली AQI खराब श्रेणी में पहुंचने पर IMD
दिल्ली: वायु गुणवत्ता सूचकांक के खराब श्रेणी में पहुंचने पर IMD के पर्यावरण निगरानी एवं अनुसंधान प्रमुख विजय कुमार सोनी ने कहा, "कल पूरे दिन AQI खराब श्रेणी में रहा है। आज भी AQI 237 है, जो खराब श्रेणी में आता है। आने वाले समय में इसके खराब श्रेणी में बने रहने की संभावना है। 15 अक्टूबर के बाद बारिश की संभावना है तब उम्मीद है कि अच्छा सुधार आएगा तब ये वापस मध्यम या संतोषजनक श्रेणी में आ जाएगी।"
भारत मदद मांगता नहीं, मदद देता है: ऑपरेशन अजय पर केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर
ऑपरेशन अजय पर केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा, "चाहे वह COVID का समय हो या यूक्रेन-रूस युद्ध का समय हो या अरब स्प्रिंग के दौरान, भारत ने एक के बाद एक ऑपरेशन किए हैं और भारतीयों को बचाया है... पिछले साढ़े 9 साल से यही हो रहा है। सिर्फ अपने नागरिकों को ही नहीं, हमने दूसरे देशों के नागरिकों को भी बचाया है... आज भारत मदद मांगता नहीं, मदद देता है।"
दिल्ली विश्वविद्यालय के पास एयर क्वालिटी इंडेक्स 313 'बहुत खराब' श्रेणी :
SAFAR-India के अनुसार दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स वर्तमान में 'मध्यम' श्रेणी में 190 पर है। दिल्ली विश्वविद्यालय के पास एयर क्वालिटी इंडेक्स 313 'बहुत खराब' श्रेणी में है, और नोएडा (यूपी) में 212 'खराब' श्रेणी में है।
इज़राइल से 212 भारतीय नागरिकों को लेकर पहली उड़ान दिल्ली हवाई अड्डे पर उतरी
इज़राइल से 212 भारतीय नागरिकों को लेकर पहली उड़ान दिल्ली हवाई अड्डे पर शुक्रवार तड़के उतरी। इजराइल से ऑपरेशन अजय के तहत 212 भारतीय नागरिकों को लेकर आ रही पहली उड़ान में यात्रियों द्वारा 'वंदे मातरम' और 'भारत माता की जय' के नारे लगाए गए। फ्लाइट आज सुबह दिल्ली एयरपोर्ट पर उतरी।
केंद्रीय मंत्री राजीव चन्द्रशेखर ने एयरपोर्ट पर नागरिकों का स्वागत किया। केंद्रीय मंत्री राजीव चन्द्रशेखर ने कहा, "हमारी सरकार किसी भी भारतीय को कभी पीछे नहीं छोड़ेगी। हमारी सरकार, प्रधानमंत्री उनकी सुरक्षा के लिए, उन्हें सुरक्षित घर वापस लाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। हम विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर, विदेश मंत्रालय की टीम, एयर इंडिया की इस उड़ान के चालक दल के आभारी हैं जिन्होंने इसे संभव बनाया, हमारे बच्चों को सुरक्षित और स्वस्थ घर वापस लाया और उनके प्रियजनों के पास वापस पहुंचाया।"
इज़राइल से भारत आई सीमा बलसारा ने कहा, "मैं एयर इंडिया की ओर से तेल अवीव में एयरपोर्ट मैनेजर के रूप में कार्यरत थी, मैं वहां पर पिछले 10 महीने से थी, वहां से हमें बाहर निकाला गया। पिछले 4-5 दिनों से वहां की स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है। हमने उस स्थिति का सामना किया और अब हम यहां हैं। मेरा परिवार भारत में ही रहता है, मैं वहां(तेल अवीव) रह रही थी।"
ऑपरेशन अजय के तहत इज़रायल से भारत लाए गए एक भारतीय नागरिक ने कहा, "इज़रायल में युद्ध शुरू होने के बाद हमें भारत से हमारे परिवार और दोस्तों के फोन आने लगे थे, सभी हमारे लिए फिक्रमंद थे। मैं हमारे लिए इस ऑपरेशन के इज़रायल से भारत सुरक्षित लाए जाने पर भारत सरकार और भारत के विदेश मंत्रालय का शुक्रिया अदा करता हूं।"
ऑपरेशन अजय के तहत इज़रायल से भारत लाए गए मनोज कुमार ने कहा, मैं वहां पर बतौर पोस्ट डॉक्टोरल फेलो के रूप में कार्यरत था, मेरा पत्नी और 4 वर्ष की बेटी भी मेरे साथ हैं। तेल अवीव में स्थित भारतीय दूतावास का धन्यवाद करता हूं कि उन्होंने काफी सहयोग किया... इसके साथ ही सुरक्षित रूप से भारत आने के लिए भारत के विदेश मंत्रालय का धन्यवाद करता हूं। इज़रायल की सरकार भी दिन-रात काम कर रही है..."
ऑपरेशन अजय के तहत इज़रायल से भारत आई एक महिला ने कहा, "मेरा बेटा अभी केवल 5 महीने का है, हम जिस स्थान पर थे वह सुरक्षित था लेकिन आगे की परिस्थिति और अपने बेटे के लिए हमने भारत आने का फैसला लिया। पहली रात हम सो रहे थे तभी एक सायरन बजा, हम वहां पर पिछले 2 वर्ष से थे हमने ऐसी परिस्थिति पहले कभी नहीं देखी थी। हम शेल्टर में गए, हम 2 घंटे के लिए शेल्टर में रहे। हम अब काफी बेहतर महसूस कर रहे हैं, मैं भारत सरकार और प्रधानमंत्री का धन्यवाद करती हूं।"
ऑपरेशन अजय के तहत इज़रायल से भारत आई एक महिला स्वाति पटेल ने बताया, "यहां आकर बहुत अच्छा लग रहा है। वहां जब सायरन बजता है तो बहुत डर लगता है। सायरन बजने पर शेल्टर में जाना होता है। यहां हम सुरक्षित महसूस कर रहे हैं। जब भी सायरन बजता था तब हमें 1.5 मिनट में शेल्टर में जाना होता था।"
ऑपरेशन अजय के तहत इज़रायल से भारत आई एक महिला ने कहा, "जब यह सब शुरू हुआ, उसके दूसरे दिन से ही हम भारत सरकार के संपर्क में थे। वे व्हाट्सएप समूहों पर सक्रिय थे और हमारे साथ संपर्क में थे। वे हमारे साथ सहयोग कर रहे थे, सारी जानकारी मुहैया करा रहे थे।"