नई दिल्ली: तमिलनाडु में वायुसेना के चॉपर क्रैश में ज़ख्मी हुए ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह का बेंगलुरु के एक सैन्य अस्पताल में निधन हो गया है| भारतीय वायुसेना ने बुधवार को जानकारी दी है कि,''8 दिसंबर को भारतीय वायुसेना के हेलीकॉप्टर दुर्घटना में जीवित बचे ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह का निधन हो गया है| कैप्टन वरुण सिंह ने आज सुबह आखिरी सांस ली
भारतीय वायु सेना ने बुधवार को कहा कि,''भारतीय वायुसेना को बहादुर ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह के निधन की सूचना देते हुए बेहद दुख है। भारतीय वायुसेना गहरी संवेदना व्यक्त करती है। भारतीय वायुसेना शोक संतप्त परिवार के साथ मज़बूती से खड़ी है|
IAF ने एक ट्वीट में कहा, 'भारतीय वायुसेना गहरे दुख के साथ सूचित कर रहा है कि 8 दिसंबर, 2021 को हेलीकॉप्टर हादसे में घायल हुए साहसी ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह का आज निधन हो गया| भारतीय वायुसेना शोक संतप्त परिवार को सांत्वना देती है और उनके साथ दृढ़ता से खड़ी है|
8 दिसंबर को हुए IAF Mi-17V5 हेलीकॉप्टर क्रैश में कैप्टन वरुण सिंह बुरी तरह जख्मी हो गए थे| कैप्टन वरुण सिंह को इसी साल अगस्त में शौर्य चक्र से सम्मानित किया गया था|
इस साल स्वतंत्रता दिवस पर शौर्य चक्र से अलंकृत सिंह का इलाज वेलिंगटन के सैन्य अस्पताल में चल रहा था, जिसके बाद उन्हें बेंगलुरु के वायु सेना कमांड अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया| हेलीकॉप्टर क्रैश में वह गंभीर रूप से झुलस गए थे|
39 वर्षीय वरुण सिंह एक डिफेंस परिवार से थे| उनके भाई भारतीय नौसेना में सेवारत थे और उनके पिता कर्नल (सेवानिवृत्त) केपी सिंह वायु सेना के हिस्सा थे| उनके परिवार में पत्नी और दो बच्चे हैं|
तमिलनाडु के कुन्नूर के पास 8 दिसंबर को वायुसेना का एक हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया था, जिसमें चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल बिपिन रावत, उनकी पत्नी और अन्य 13 लोगों की मौत हो गई थी| दुर्घटना में ग्रुप कैप्टन अकेले जीवित व्यक्ति बचे थे|
वरुण सिंह के निधन पर राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री सहित कई बड़े नेताओं ने शोक व्यक्त किया
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने कुन्नूर हेलिकॉप्टर हादसे में घायल हुए ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह के निधन पर ट्वीट कर शोक व्यक्त किया।रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कुन्नूर हेलिकॉप्टर हादसे में घायल हुए ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह के निधन पर ट्वीट कर शोक व्यक्त किया।
भारतीय वायुसेना में ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह के निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शोक संवेदना व्यक्त की। उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा, "राष्ट्र के लिए उनकी समृद्ध सेवा को कभी नहीं भुलाया जा सकेगा। उसके परिवार तथा मित्रों के लिए संवेदनाएं।"
गृह मंत्री अमित शाह ने ट्वीट किया कि 'कुन्नूर में हेलीकॉप्टर दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हुए ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह के निधन के बारे में जानकर बेहद दुख हुआ। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दे और उनके परिवार को शक्ति प्रदान करे। मै गहरी संवेदना व्यक्त करता हूँ|
ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह के निधन पर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने ट्वीट किया कि ग्रुप कैप्टन श्री वरुण सिंह जी के निधन का दुखद समाचार मिला। उनके परिजनों के प्रति मेरी गहरी शोक संवेदनाएं। श्री वरुण सिंह जी ने देश के सामने पराक्रम एवं वीरता की अनूठी मिसाल रखी। हम उनके अतुलनीय योगदान को कभी नहीं भूलेंगे।
My heartfelt condolences to the friends and family of Group Captain Varun Singh. This is a sad moment for the country. We all are with you in this grief: कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी
वहीं कांग्रेस पार्टी ने ट्विटर पर शोक जताते हुए लिखा है , 'वीर-हृदय वाले ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह के निधन से हमें अत्यंत दुख हुआ है|उनके परिवार और दोस्तों के प्रति हमारी हार्दिक संवेदना. भारत माता के इस वीर सपूत को शत शत नमन. उनको शांति मिले|