नई दिल्ली: हाथरस में 19 साल की युवती के साथ हुए सामूहिक दुष्कर्म और हत्या के मामले पर भीम आर्मी के नेता चंद्रशेखर ने प्रधानमंत्री पर निशाना साधा। गांधी जयंती के मौके पर चन्द्रशेखर आजाद ने कहा, "प्रधानमंत्री जी कब तक आप चुप रहेंगे, हम आ रहें है इंडिया गेट। आपसे जवाब मांगने।''
भीम आर्मी प्रमुख चंद्रशेखर ने कहा,''भारत के प्रधानमंत्री कहते हैं कि दलितों को मत मारो, मुझे मारो। चुनाव से पहले वो दलितों के पैर धोते हैं, वो नारा देते हैं कि बेटी पढ़ाओ, बेटी बचाओ। जिस उत्तर प्रदेश से चुनकर वो सदन में गए हैं जब उसी उत्तर प्रदेश के हाथरस की बेटी के साथ हैवानियत होती है|
चंद्रशेखर ने आगे कहा,'उसके परिवार को बंधक बना लिया जाता है, तब प्रधानमंत्री एक शब्द नहीं बोलते, प्रधानमंत्री जी आप कब तक चुप रहेंगे? आपको जवाब देना पड़ेगा। आज शाम 5 बजे हम आपसे जवाब मांगने इंडिया गेट आ रहे हैं। आपकी चुप्पी बेटियों के लिए खतरा है, आपको जवाब देना पड़ेगा और न्याय करना पड़ेगा|