नई दिल्ली: हाथरस गैंगरेप पीड़िता की मौत के बाद मंगलवार देर रात यूपी पुलिस ने परिजनों की गैर मौजूदगी में युवती के शव का जबरन अंतिम संस्कार कर दिया| कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने हाथरस सामूहिक दुष्कर्म मामले में उत्तर प्रदेश सरकार पर सवाल उठाए हैं| उन्होंने एक के बाद एक कई सवाल मुख्यमंत्री से पूछा है|
बुधवार को प्रियंका गांधी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से सवाल पूछते हुए कहा कि 14 दिनों तक कोई कार्रवाई क्यों नहीं की गई?और कब तक चलेगा ये सब? कैसे मुख्यमंत्री हैं आप? कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने कहा,''मैं यूपी के मुख्यमंत्री जी से कुछ सवाल पूछना चाहती हूँ- परिजनों से जबरदस्ती छीन कर पीड़िता के शव को जलवा देने का आदेश किसने दिया..? पिछले 14 दिन से कहां सोए हुए थे आप..? क्यों हरकत में नहीं आए? और कब तक चलेगा ये सब..? कैसे मुख्यमंत्री हैं आप..?
हाथरस मामले पर प्रियंका गांधी ने एक वीडियो जारी करते हुए योगी आदित्यनाथ से पूछा कि क्या आपके प्रदेश में महिलाओं की सुरक्षा की कोई चिंता नहीं है?
गौरतलब है कि,''हाथरस गैंग रेप पीड़िता का अंतिम संस्कार यूपी पुलिस ने मंगलवार की रात अंधेरे में करीब 2.30 बजे कर दिया| हाथरस गैंग रेप मामले में पुलिस पर उठ रहे सवालों के बीच पुलिस ने मंगलवार देर रात पीड़िता के शव का अंतिम संस्कार कर दिया| परिवार वाले मना करते रहे लेकिन पीड़िता का देर रात क़रीब 2 30 बजे अंतिम संस्कार कर दिया गया|
साथ ही घरवालों को भी शव के पास भी नहीं आने दिया गया| हाथरस में गैंगरेप के बाद पीड़िता की मौत और पुलिस की भूमिका को संदेह में रखते हुए विपक्ष सवाल उठा रहा है| परिवार का कहना है कि वह अपनी बेटी को आखिरी बार घर तक नहीं लेकर जा पाए|मृतक युवती के भाई का आरोप है कि पुलिस ने उन्हें बताए बिना शव को घर से दूर ले गई और चुपचाप उसका अंतिम संस्कार कर दिया|
अपने घर में बंद होने के सवाल पर हाथरस सामूहिक बलात्कार पीड़िता के भाई ने कहा है,''हम उत्तर प्रदेश सरकार से कहेंगे कि न्यायिक जांच होनी चाहिए और दोषियों को फांसी होनी चाहिए। डर की वजह से हम अंदर(घर के) हैं, प्रशासन ने बहुत दबाव डाला हुआ है|पीड़िता का भाई ने कहा है,''हमने पुलिस को कहा कि हम सुबह अंतिम संस्कार करेंगे, ताकि और भी रिश्तेदार आ जाए लेकिन वे नहीं माने और हमें तुरंत अंतिम संस्कार करने के लिए दबाव डाल रहे थे। उन्होंने कहा कि 24 घंटे हो गए है और उसकी बॉडी खराब हो रही है आपको तुरंत करना चाहिए|
मामला : हाथरस जिले के चंदपा थाना क्षेत्र स्थित एक गांव में 14 सितंबर को चार लोगों ने इस दलित युवती से सामूहिक दुष्कर्म किया| हैवानों ने पीड़िता के साथ दुष्कर्म ही नहीं किया, बल्कि उसकी गर्दन भी तोड़ दी और जीभ भी काट डाली थी| उसकी रीढ़ की हड्डी में भी जख्म थे, जिससे वह लकवा का शिकार हो गयी थी| पुलिस अधीक्षक ने बताया कि लड़की की हालत काफी गंभीर थी| इस कारण उसे अलीगढ़ के जेएन मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया था| वहां हालत में सुधार नहीं होने पर उसे बेहद नाजुक हालत में दिल्ली भेजा गया, जहां उसकी मौत हो गयी| पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है| इस घटना ने लोगों को झकझोर दिया है|हर जगह विरोध-प्रदर्शन हो रहे हैं|लोग न्याय की मांग कर रहे हैं|