नई दिल्ली: भारत में आज (2 जनवरी) से कोरोना वैक्सीन का ड्राई रन शुरू हो चुका है। कोरोना वायरस वैक्सीनेशन की तैयारियों का जायज़ा लेने के लिए आज पूरे देश में कुल 259 जगहों पर ड्राई रन शुरू किया गया है| इस बीच केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने शनिवार को कहा कि कोरोना वायरस वैक्सीनेशन के पहले चरण में उन 3 करोड़ लोगों को मुफ्त वैक्सीन लगाई जाएगी|
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ.हर्षवर्धन ने अपने ट्वीट में लिखा कि कोरोना वायरस वैक्सीनेशन के पहले चरण में देश में प्राथमिकता वाले लाभार्थियों को फ्री वैक्सीन दी जाएगी, जिसमें 1 करोड़ हेल्थकेयर वर्कर और 2 करोड़ फ्रंट लाइन वर्कर शामिल हैं।' प्राथमिकता सूची में बाकी बचे 27 करोड़ लाभार्थियों को जुलाई तक कैसे वैक्सीन लगाई जाएगी, इसे अंतिम रूप दिया जा रहा है|
स्वास्थ्य मंत्री ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि कोरोना वैक्सीन सिर्फ दिल्ली ही नहीं, बल्कि पूरे देश में हर भारतीय को मुफ्त लगाई जाएगी। इसके लिए किसी से भी किसी भी तरह का शुल्क नहीं लिया जाएगा। कोरोना वैक्सीन जैसी दिल्ली में फ्री होगी क्या वैसे ही सभी राज्यों में भी फ्री होगा' सवाल पूछे जाने पर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ.हर्षवर्धन ने कहा कि,''कोरोना वैक्सीन दिल्ली में ही नहीं बल्कि पूरे देश में फ्री होगा|
वैक्सीन के इस्तेमाल को लेकर फैलाई जा रही अफवाहों पर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ.हर्षवर्धन ने कहा,''देश के लोगों को मेरी अपील है कि वो किसी भी अफवाह में न जाएं। भारत की सरकार देश के लोगों को COVID19 से सुरक्षित रखना चाहती है, वैक्सीन का विकास उसी प्रक्रिया का हिस्सा है|