नई दिल्ली: देश में कोरोना वायरस का संक्रमण काबू में आने का नाम नहीं ले रहा है| देश में कोरोना वायरस के संक्रमितों की संख्या में तेजी बरकरार है| कोरोना वायरस की दूसरी लहर घातक साबित हो रही है और हर दिन के साथ सर्वाधिक मौतों का रिकॉर्ड बना रही है। भारत में बुधवार यानी 21 अप्रैल, 2021 को पिछले एक दिन में कोरोनावायरस संक्रमण के नए मामलों के सारे रिकॉर्ड टूट गए हैं| आज सुबह जारी हुए आंकड़ों के मुताबिक, पिछले एक दिन में भारत में पहली बार संक्रमण के लगभग 3 लाख मामले सामने आए हैं, वहीं देश में एक दिन में कोरोनावायरस से सबसे ज़्यादा 2,023 मौतें दर्ज हुईं हैं|
पिछले साल महामारी की शुरुआत से लेकर अब तक एक दिन में कोरोना संक्रमितों की मौत की सर्वाधिक संख्या है। पहली बार देश में एक दिन में दो हजार से अधिक लोगों की कोरोना से मौत हुई है। इसी के साथ सक्रिय मरीजों की संख्या में भी भारी इजाफा हुआ है।
स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा जारी किए गए आंकड़ों के अनुसार,''भारत में पिछले 24 घंटे में COVID19 के 2,95,041 नए मामले आने के बाद कुल पॉजिटिव मामलों की संख्या 1,56,16,130 हुई। 2,023 नई मौतों के बाद कुल मौतों की संख्या 1,82,553 हो गई है। देश में सक्रिय मामलों की कुल संख्या 21,57,538 है और डिस्चार्ज हुए मामलों की कुल संख्या 1,32,76,039 है।
देश में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस की 29,90,197 वैक्सीन लगाई गईं, जिसके बाद कुल वैक्सीनेशन का आंकड़ा 13,01,19,310 हुआ।भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (ICMR) के अनुसार,'''भारत में कल तक कोरोना वायरस के लिए कुल 27,10,53,392 सैंपल टेस्ट किए जा चुके हैं, जिनमें से 16,39,357 सैंपल कल टेस्ट किए गए|