नई दिल्ली: भारत द्वारा G-20 की अध्यक्षता और दिल्ली डिक्लेरेशन पर भारत में संयुक्त अरब अमीरात के राजदूत अब्दुलनासिर अलशाली ने कहा, "भारत में G20 की अध्यक्षता बहुत सफल रही। आप इसकी सफलता को G20 शिखर सम्मेलन के मौके पर हुई सभी द्विपक्षीय, त्रिपक्षीय और बहुपक्षीय वार्ताओं से देख सकते हैं। डिक्लेरेशन पर जो सर्वसम्मति बनी उसके लिए प्रक्रिया काफी समय पहले शुरू हो गई थी... जिससे यह सुनिश्चित किया जा सके कि घोषणा-पत्र भारत की अध्यक्षता में जी-20 के योग्य डिक्लेरेशन हो।''
भारत-सऊदी अरब निवेश फोरम पर केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कहा, "आज स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप काउंसिल की पहली बैठक में दोनों नेताओं, क्राउन प्रिंस और प्रधानमंत्री ने सामूहिक रूप से इसे सबसे निर्णायक रिश्तों में से एक बनाने का फैसला किया। यह रणनीतिक साझेदारी दोनों देशों के लिए बहुमूल्य है। हमने कई क्षेत्रों पर बात कि जिसमें स्वास्थ्य सेवा, पर्यटन, फिल्म उद्योग और दोनों देशों के बीच सांस्कृतिक आदान-प्रदान का विस्तार करने के लिए कैसे मिलकर काम कर सकते हैं जैसे मुद्दे रहें|
सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस और प्रधानमंत्री प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान की राजकीय यात्रा पर सचिव (CPV & OIA) औसाफ़ सईद ने कहा, "सऊदी क्राउन प्रिंस ने भारत को जी-20 की सफल अध्यक्षता के लिए बधाई दी। दोनों देशों ने भारत-मध्य पूर्व-यूरोप इकोनॉमिक कॉरिडोर के लॉन्च पर खुशी जाहिर की, ये भारत की अध्यक्षता में जी-20 की सबसे बड़े परिणामों में से एक है|
औसाफ़ सईद ने कहा,'दोनों पक्षों ने पश्चिमी तट रिफाइनरी परियोजनाओं के शीघ्र कार्यान्वयन के लिए अपना पूरा समर्थन व्यक्त किया...दोनों पक्ष 100 अरब डॉलर के निवेश जिसका सऊदी पक्ष ने वादा किया था, उसे चैनलाइज करने के लिए एक संयुक्त कार्य बल स्थापित करने पर सहमत हुए...यह सुनिश्चित करने के लिए एक निगरानी समिति का गठन किया जाएगा जो इन रिफाइनरी परियोजनाओं में प्रगति दोनों पक्षों द्वारा निर्धारित योजना के अनुसार हो|
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सऊदी अरब साम्राज्य के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान ने भारत-सऊदी अरब रणनीतिक साझेदारी परिषद की बैठक की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान बिन अब्दुलअज़ीज़ अल सऊद ने हैदराबाद हाउस में आयोजित भारत-सऊदी रणनीतिक साझेदारी परिषद की पहली बैठक के कार्यवृत्त पर हस्ताक्षर किए।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने ट्वीट किया, "एजेंडे में ऊर्जा सुरक्षा, व्यापार और निवेश, रक्षा और सुरक्षा, स्वास्थ्य देखभाल, खाद्य सुरक्षा, संस्कृति और सामुदायिक कल्याण मुद्दों सहित द्विपक्षीय सहयोग के व्यापक क्षेत्र शामिल थे।"
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा,महामहिम प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान बिन अब्दुलअज़ीज़ अल सऊद और मेरे बीच बहुत सार्थक बातचीत हुई। हमने अपने व्यापार संबंधों की समीक्षा की और हमें विश्वास है कि आने वाले समय में हमारे देशों के बीच वाणिज्यिक संबंध और भी बढ़ेंगे। ग्रिड कनेक्टिविटी, नवीकरणीय ऊर्जा, खाद्य सुरक्षा, सेमीकंडक्टर और सप्लाई चेन में सहयोग की गुंजाइश बहुत अधिक है।"