नई दिल्ली: भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा ने भाजपा मुख्यालय में संत रविदास की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा, "संत रविदास के जीवन को आत्मसात करते हुए उनके बताए रास्ते के अनुसार हम समाज जीवन में अपना भी उपयोग कर सकें यह ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजली होगी।"
नई दिल्ली में बीजेपी मुख्यालय में संत रविदास जयंती की जयंती पर भाजपा अध्यक्ष जे.पी. नड्डा ने कहा,'भगवान रविदास जी धर्मांतरण के साथ ही साथ नशे के भी विरोधी थे। उन्होंने नशे का विरोध करने के साथ साथ भगवान की भक्ति में लीन होकर समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर चलने का काम किया।
जे.पी. नड्डा ने कहा,''संत रविदास जी के ये शब्द- 'ऐसा चाहूं राज मैं, जहां मिले सबन को अन्न, छोट-बड़ो सब सम बसे, रविदास रहे प्रसन्न'। अगर इस वाक्य को आत्मसात किसी ने किया है तो वह भारतीय जनसंघ और भारतीय जनता पार्टी ने किया है।
नड्डा ने कहा,''प्रधानमंत्री मोदी जी की सभी योजनाएं अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को मजबूती प्रदान करने के लिए हैं। इनके माध्यम से गरीब, वंचित, शोषित,पीड़ित और दलित को मुख्यधारा में लाने का काम हो रहा है।संत रविदास जी के जन्मस्थान पर जाने वाले प्रथम प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी ही हैं। काशी में बहुत बड़ा गुरु रविदास उद्यान बन रहा है, ये काम भी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी ने किया है।ये हमारी जिम्मेदारी बनती है कि गुरु रविदास जी के बताए रास्ते पर चलते हुए एक सशक्त और सामर्थ्यवान भारत हमें बनाना है। इसमें जो प्रधानमंत्री मोदी जी की योजनाएं हैं, उनको नीचे तक फलीभूत करने के लिए काम करेंगे, यहीं संत रविदास जी को हमारी सच्ची श्रद्धांजलि होगी।