नई दिल्ली: कारगिल विजय दिवस के मौके पर आज देश भारत मां के उन वीर सपूतों को याद कर रहा है, जिन्होंने भारत की रक्षा के लिए अपने प्राणों की कुर्बानी दी। वहीं, इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह और कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने ट्वीट कर शहीदों को उनके अदम्य साहस के लिए नमन किया।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री श्रीपद नाइक और तीनों सेना प्रमुखों ने कारगिल विजय दिवस पर राष्ट्रीय युद्ध स्मारक पर श्रद्धांजलि अर्पित की।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने वीर जवानों को नमन करते हुए कहा कि, कारगिल विजय दिवस पर मैं समस्त देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं। कारगिल की विजय दिलाने वाले सेना के जवानों की शहादत सदैव हमारे लिए प्रेरणा के स्त्रोत के रूप में काम करेगी| कारगिल विजय की 21वीं वर्षगांठ पर, मैं भारतीय सशस्त्र बलों के उन बहादुर सैनिकों को सलाम करना चाहूंगा जो चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में दुश्मन से लड़े|
राजनाथ सिंह ने कहा कि,''राष्ट्रीय सुरक्षा के दायरे में हम जो कुछ भी करते हैं, वह हमेशा आत्मरक्षा के लिए करते हैं, आक्रमण के लिए नहीं। अगर दुश्मन देश ने कभी हमारे ऊपर आक्रमण किया, तो हमने यह भी साबित कर दिया कि कारगिल की तरह हम उसे मुंहतोड़ जवाब भी देंगे|हम शांति चाहने वाले देश हैं पर किसी संकट के समय अपनी राष्ट्रीय एकता और संप्रभुता के लिए बड़े से बड़ा कदम उठाने के लिए भी हम हमेशा तैयार हैं: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह
राजनाथ सिंह ने कहा कि,''हाल ही में मुझे लेह-लद्दाख जाने और वहां से कारगिल के वीर सपूतों को श्रद्धांजलि देने का अवसर प्राप्त हुआ था। मुझे कहते हुए खशी हो रही है कि 20 वर्ष पहले के मुकाबले मैंने लद्दाख में बहुत बड़ा बदलाव देखा, वो चाहे इक्विमेंट प्रोफाइल हो, बंदूकें हों या ऐरियल एसेट्स हों: रक्षा मंत्री
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और वायनाड सांसद राहुल गांधी ने वीर सपूतों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने ट्वीट कर कहा, 'कारगिल विजय दिवस पर मैं उन वीरों को नमन करता हूं जो सब कुछ समर्पित करके भी भारत की रक्षा करते हैं। जय हिंद।'
प्रधानमंत्री ने शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए ट्वीट कर कहा, 'कारगिल विजय दिवस के मौके पर, हम अपने सशस्त्र बलों के साहस और दृढ़ संकल्प को याद कर रहे हैं, जिन्होंने 1999 में हमारे देश की रक्षा की। उनकी वीरता पीढ़ियों को प्रेरित करती है।'
वहीं, गृह मंत्री अमित शाह ने शहीदों को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि जवानों का बलिदान दृढ़ नेतृत्व का प्रतीक है। उन्होंने कहा, 'करगिल विजय दिवस भारत के स्वाभिमान, अद्भुत पराक्रम और दृढ़ नेतृत्व का प्रतीक है। मैं उन शूरवीरों को नमन करता हूं, जिन्होंने अपने अदम्य साहस से करगिल की दुर्गम पहाड़ियों से दुश्मन को खदेड़ कर वहां पुनः तिरंगा लहराया। मातृभूमि की रक्षा के लिए समर्पित भारत के वीरों पर देश को गर्व है।'