मुंबई: कृषि कानूनों के खिलाफ दिल्ली की सीमाओं पर किसानों का विरोध प्रदर्शन जारी है।केंद्र सरकार की ओर से लाए गए तीनों कृषि कानूनों के खिलाफ दिल्ली की कई सीमाओं पर बैठे किसानों का आंदोलन आज 62वां दिन है| गणतंत्र दिवस पर कल होने वाली किसानों की ट्रैक्टर रैली से पहले गाज़ीपुर बॉर्डर पर ट्रैक्टर पहुंच रहे हैं|
तीन नए कृषि कानूनों के खिलाफ दो महीने से आंदोलन कर रहे किसान 26 जनवरी यानी गणतंत्र दिवस के दिन ट्रैक्टर रैली निकालने वाले हैं। दिल्ली पुलिस ने इसके लिए शर्तों के साथ इजाजत दे दी है| किसानों ने शर्तों के साथ रैली निकालने की इजाजत को ख़ारिज कर दिया| रविवार को दिल्ली पुलिस ने शर्तों के साथ 26 जनवरी की ट्रैक्टर रैली निकालने की अनुमति दी थी,लेकिन सोमवार को किसानों ने कहा, शर्तों के साथ रैली निकालने की बात को हम नामंजूर करते हैं|
किसान मजदूर संघर्ष कमेटी पंजाब के नेता सुखविंदर सिंह सभरा ने कहा, शर्तों के साथ रैली निकालने की बात को हम नामंजूर करते हैं। सुबह 10 बजे हमारी पुलिस के साथ बैठक है उसमें तय किया जाएगा कि कौन से रूट पर रैली निकालनी है और कितने बजे रैली निकालनी है। 12 बजे रैली निकालने का कोई तुक नहीं बनता है|
संयुक्त मोर्चा ने रिंग रोड का जो प्रोग्राम बनाया था, हम उसी प्रोग्राम पर कायम हैं। हमें दिल्ली पुलिस के रूट पर आपत्ति है। हम पुलिस से अनुरोध करेंगे, इजाजत देना या ना देना सरकार का है। हमारी तरफ से ऐसा कुछ नहीं होगा जिससे टकराव हो: श्रवण सिंह पंढेर, किसान मज़दूर संघर्ष कमेटी
हमारा रूटमैप कुल 500 किलोमीटर का है। हमने रूटमैप बना लिया है और कल नेट पर डाल देंगे। सरकार इंतजाम करे ताकि कुछ गड़बड़ न हो। हमने 3,000 वालंटियर की फोर्स बनाई है ताकि कुछ गड़बड़ न हो। ट्रैक्टर रैली शांतिपूर्वक होगी: किसान नेता हरिंदर सिंह लखोवाल
रविवार को दिल्ली पुलिस के स्पेशल सीपी दीपेंद्र पाठक ने कहा कि किसान रैली दिल्ली के तीन मुहाने से शुरू होगी। सिंघु बॉर्डर से सिंघु बॉर्डर से 62 किलो मीटर का रूट, टिकरी बॉर्डर से 63 किलो मीटर का रूट और गाजीपुर बॉर्डर से 46 किलो मीटर का रूट है। इस दौरान दिल्ली के अंदर कुछ दूर तक जाने की इजाजत होगी। उन्होंने कहा कि हमारी प्राथमिकता सुरक्षा देना है और शांतिपूर्ण तरीके से ट्रैक्टर रैली को संपन्न करवाना है। दीपेंद्र पाठक ने यह भी कहा कि पाकिस्तान से कुल 308 ट्विटर हैंडल किसान ट्रैक्टर रैली को प्रभावित करने के लिए काम कर रहे हैं।
दिल्ली पुलिस के स्पेशल सीपी ने कहा कि किसान ट्रैक्टर रैली को लेकर किसान नेताओं और दिल्ली पुलिस के अधिकारियों संग बैठक हुई। हमने संयुक्त किसान मोर्चा के साथ लंबी और कई दौर की बातचीत की। हमने अनुरोध किया कि गणतंत्र दिवस राष्ट्रीय गौरव का विषय है, इसका ध्यान रखा जाए। उन्होंने बताया कि संयुक्त किसान मोर्चा और अन्य किसान प्रतिनिधियों के साथ अच्छी बातचीत हुई।
दीपेंद्र पाठक ने कहा कि किसानों की इच्छा थी कि गणतंत्र दिवस के दिन दिल्ली में ट्रैक्टर रैली निकालें। हमने इसका ध्यान रखते हुए दिल्ली के तीन मुहाने सिंघु बॉर्डर, टिकरी बॉर्डर और गाजीपुर बॉर्डर से रैली निकालने की इजाजत दे दी है। उन्होंने कहा कि ट्रैक्टर रैली को भी सुरक्षा देना हमारी प्राथमिकता है। शांति व्यवस्था के साथ ही सभी को सुरक्षित रखने पर बात हुई।
किसान ट्रैक्टर रैली पर योगेंद्र यादव ने कहा कि दिल्ली नहीं, दिल जीतने आ रहे हैं। किसान पांच रूट पर ट्रैक्टर रैली निकालेंगे। पांच रूट पर इजाजत दी गई है। पुलिस ने इसके लिए लिखिल इजाजत दे दी है। यादव ने कहा कि किसान शांति पूर्ण तरीके से रैली निकालेंगे। कोई हथियार नहीं रहेगा। उन्होंने बताया कि कम से कम एक लाख ट्रैक्टर इस रैली में शामिल होंगे। हालांकि दिल्ली पुलिस के स्पेशल सीपी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में सिर्फ तीन रूट्स की ही जानकारी दी।