UPDATE NEWS:
पटना: AIIMS पटना के पहले दीक्षांत समारोह में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा, "जब मैं 2005 में मुख्यमंत्री बना, तो मैंने कहा कि AIIMS(पटना) के लिए काम तेज किया जाना चाहिए... मैंने इसके लिए क्षेत्र का चयन भी किया...''
INDIA गठबंधन बरकरार: कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी
दिल्ली: मध्य प्रदेश चुनाव के लिए एसपी द्वारा उम्मीदवारों की सूची जारी करने और यूपी कांग्रेस प्रमुख अजय राय के बयान पर कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने कहा, "मुझे नहीं पता कि किसने क्या कहा, चुनाव से पहले यह आखिरी दिन नहीं है। हमें इंतजार करना चाहिए, INDIA गठबंधन बरकरार है। हमने रामगोपाल यादव का बयान सुना है, वहां कोई 'अगर' या 'लेकिन' नहीं है। हर बात पर बयान नहीं दिया जा सकता। मैं बस इतना कह सकता हूं, सब ठीक है।"
भाजपा की संगत में....: हिमंत बिस्वा सरमा के बयान पर NCP सांसद सुप्रिया सुले
सतारा, महाराष्ट्र: असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के बयान पर NCP सांसद सुप्रिया सुले ने कहा, "मैं हिमंत बिस्वा सरमा को वर्षों से जानती हूं। उनका डीएनए मेरे जैसा ही है, वह मूल रूप से कांग्रेस से हैं... मुझे लगता है कि भाजपा की संगत में कुछ दिक्कत हुई है। उन्होंने कभी बयान नहीं दिया, ये पहली बार सुना है...''|
केसीआर और उनके परिवार पर भाजपा का कोई नेता आक्रमण नहीं करता: राहुल गांधी
तेलंगाना: कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा, "... मेरे ऊपर 24 केस लगाए गए, मेरी संसद की सदस्यता रद्द की गई, मेरा घर मुझसे छीना गया। आपके मुख्यमंत्री के ऊपर इन्होंने कितने केस लगाए? केसीआर और उनके परिवार पर भाजपा का कोई नेता आक्रमण नहीं करता है। कोई ED, IT, CBI नहीं, क्योंकि केसीआर भाजपा की पूरी मदद करते हैं। दोनों मिले हुए हैं... दूसरी तरफ AIMIM के लोग भाजपा की मदद करने के लिए हर विधानसभा में अपने उम्मीदवार खड़े कर देते हैं... यह तीनों एक साथ मिले हुए हैं..."
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने करीमनगर में कहा, "मेरा आपके साथ पारिवारिक रिश्ता है... चुनाव में कांग्रेस पार्टी जीतने वाली है। हम जैसे ही जीतेंगे उसके बाद हमने जो गारंटी दी है वह पूरी की जाएगी..."
KCRमुख्यमंत्री की तरह नहीं बल्कि राजा की तरह काम करते हैं:राहुल गांधी
पेद्दापल्ली, तेलंगाना: कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा, "सच तो यह है कि दस साल बाद भी सोनिया जी और आपका सपने को आपके मुख्यमंत्री ने पूरा नहीं किया... एक तरफ आपके मुख्यमंत्री और उनका परिवार महत्वपूर्ण सरकारी विभागों को नियंत्रित कर रहा है...आपके मुख्यमंत्री और उनका परिवार सरकार के सबसे ज़रूरी विभाग को नियंत्रित रखता है, चाहे वह ज़मीन हो, रेत हो, या शराब हो। वे मुख्यमंत्री की तरह नहीं बल्कि राजा की तरह काम करते हैं...''
INDIA कुनबे को इकट्ठा होने में संकट: बृजभूषण
उत्तर प्रदेश: भाजपा सांसद बृज भूषण शरण सिंह ने कहा, "INDIA गठबंधन को देख कर लगता है कि ये लोग(विपक्षी दल) खुद ही अपने-अपने दल का अस्तित्व समाप्त करने वाले हैं। भाजपा पार्टी कोई काम नहीं कर रही है, ये स्वयं अपने अस्तित्व को समाप्त करने की ओर आगे बढ़ रहे हैं... देश की जनता समझदार है... प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा की सरकार बनेगी... अभी इनके(INDIA) कुनबे को इकट्ठा होने में भी संकट है..."
कश्मीर के पर्यटन को बढ़ावा देगा: नाउगाम रेलवे स्टेशन पर विशेष ट्रेनों के उद्घाटन पर
श्रीनगर: घाटी के आम लोगों के लाभ के लिए नाउगाम रेलवे स्टेशन पर विशेष ट्रेनों के उद्घाटन पर पूर्व मुख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला ने कहा, "इस ट्रेन से जो लोग यहां पर सफर करेंगे उन्हें सहूलियत होगी... यह कश्मीर के पर्यटन को बढ़ावा देगा, खासकर बनिहाल से कटरा तक का लिंक अगले वर्ष शुरू होगा फिर यह ट्रेन पूरे मुल्क में चलेगी।"
2-4 हफ्तों में चीनी का उत्पादन शुरू हो जाएगा
दिल्ली: चीनी भंडारण पर खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण विभाग के सचिव संजीव चोपड़ा ने बताया, "देश के कई भागों में गन्ना रोपाई शुरू हो गई है। आने वाले 2-3 हफ्तों में चीनी का नया भंडार आना शुरू हो जाएगा। अभी ढ़ाई महीने का भंडार मौजूद है। आने वाले 2-4 हफ्तों में चीनी का उत्पादन शुरू हो जाएगा। चीनी की मात्रा में कमी होने या दामों में वृद्धि होने की संभावना नहीं लगती है।"
इंदौर संभाग की 37 सीटों पर रथ रवाना: BJP
इंदौर: भाजपा नेता कैलाश विजयवर्गीय ने कहा, "... इंदौर संभाग की 37 सीटों पर रथ रवाना हो रहे हैं, इन रथों पर केंद्र सरकार और प्रदेश सरकार ने प्रदेश के विकास की जितनी भी योजनाएं हैं इस रथ के माध्यम से जनता तक पहुंचाने की कोशिश है..."
महाराष्ट्र में 511 प्रमोद महाजन ग्रामीण कौशल विकास केंद्रों का शुभारंभ
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए महाराष्ट्र में 511 प्रमोद महाजन ग्रामीण कौशल विकास केंद्रों का शुभारंभ किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "भारत आज सिर्फ अपने लिए ही नहीं बल्कि दुनिया के लिए भी स्कील प्रोफेशनल को तैयार कर रहा है। जो नए कौशल विकास केंद्र महाराष्ट्र के गांवों में खुलने जा रहे हैं, ये सभी युवाओं को दुनियाभर के अवसरों के लिए तैयार करेंगे। इन केंद्रों में कंस्ट्रक्शन से जुड़े कौशल सिखाए जाएंगे ... महाराष्ट्र में मीडिया और एंटरटेनमेंट के काम के लिए भी केंद्र स्थापित होंगे..."
"आज मेरे जीवन का सुनहरा दिन: गडकरी
अमृतसर: केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा, "आज मेरे जीवन का सुनहरा दिन है। मैं पहली बार बाघा बॉर्डर पर आया हूं... सबसे ऊंचा एक झंडा यहां लगाया गया है। ये जगह राष्ट्रभक्ति कि लिए प्रेरित करने वाली जगह है। जब परेड देखते हैं तो रोमांचित होते हैं। आज उसका अनुभव भी मुझे मिलेगा। मेरे जीवन में अनेक काम हुए हैं लेकिन ये सबसे अभूतपूर्व काम है..."
अजय ऑपरेशन के तहत 5 फ्लाइट में 1200 लोग वापस आए
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने कहा, "अजय ऑपरेशन के तहत 5 फ्लाइट में 1200 लोग वापस आए हैं इनमें से 18 नागरिक नेपाल के भी हैं और फ्लाइट भेजने का प्लान चल रहा है। परिस्थिति का जायज़ा लिया जा रहा है। गाज़ा में पहले तकरीबन 4 लोग थे लेकिन हमारे पास पुख्ता आंकड़े नहीं हैं, वेस्ट बैंक में 12-13 लोग थे। गाज़ा में स्थिति ऐसी है कि वहां से निकलना थोड़ा मुश्किल है..."
भाजपा ने 40 प्रचारकों की सूची जारी की
भाजपा ने 40 प्रचारकों की सूची जारी की जो छत्तीसगढ़ चुनाव के पहले चरण के लिए पार्टी उम्मीदवारों के लिए प्रचार करेंगे। पीएम नरेंद्र मोदी, बीजेपी प्रमुख जेपी नड्डा, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह और अन्य लोग प्रचार करेंगे।
हम इज़रायल के लोगों के साथ खड़े रहेंगे:ब्रिटिश पीएम
तेल अवीव में इज़रायली पीएम बेंजामिन नेतन्याहू और ब्रिटिश पीएम ऋषि सुनक ने संयुक्त प्रेस वार्ता की। ब्रिटिश के प्रधानमंत्री ऋषि सुनक ने कहा, "...पिछले दो हफ़्तों में यह(इज़रायल) देश कुछ ऐसे दौर से गुज़रा है जिसे किसी भी देश नहीं सहना चाहिए... मुझे पता है कि हमास के आतंकवादियों के बिल्कुल विपरीत आप नागरिकों को नुकसान पहुंचाने से बचने के लिए हर सावधानी बरत रहे हैं...मैं आपको उस समर्थन के लिए भी धन्यवाद देना चाहता हूं जो आपकी सरकार ने इस भयावहता में फंसे ब्रिटिश नागरिकों के परिवारों को दिया है, जिसमें बंधकों को रिहा करने, उनकी रिहाई सुनिश्चित करने के आपके प्रयास भी शामिल हैं... मैं यह भी कह सकता हूं कि हमने पिछले दिनों ऐसे दृश्य देखे हैं, जिन्होंने हम सभी को झकझोर कर रख दिया है, खासकर अस्पताल में मारे गए लोग और उसके अलावा मारे गए हर निर्दोष व्यक्ति, हर धर्म के नागरिकों, हर राष्ट्रीयता के नागरिकों की मौत पर हम संवेदना व्यक्त करते हैं। हम यह भी मानते हैं कि फ़िलिस्तीनी लोग भी हमास के पीड़ित हैं इसीलिए मैं कल आपके उस फैसले का स्वागत करता हूं जो आपने यह सुनिश्चित करने के लिए लिया कि गाजा में मानवीय सहायता के प्रवेश के लिए रास्ते खोले जाएंगे... मुझे इज़राइल के सबसे बुरे समय में आपके साथ यहां खड़े होने पर गर्व है... हम आपके लोगों के साथ खड़े रहेंगे और हम यह भी चाहते हैं कि आप जीतें।"
यह दुनिया का सबसे काला समय
नेतन्याहू ने कहा हैं, "यह केवल हमारी लड़ाई नहीं है बल्कि यह पूरी दुनिया की लड़ाई है... यह हमारा सबसे काला समय है, यह दुनिया का सबसे काला समय है। हमें एक साथ खड़े होने और जीतने की जरूरत है..."
पक्के घरों के पुनर्निर्माण के लिए 10 लाख और कच्चे घरों के पुनर्निर्माण के लिए 5 लाख रुपये
इंफाल: मणिपुर हिंसा के दौरान विस्थापित हुए लोगों के पुनर्वास पर मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह ने कहा, "नष्ट हुए घरों में से पक्के घरों के पुनर्निर्माण के लिए 10 लाख और कच्चे घरों के पुनर्निर्माण के लिए 5 लाख रुपये दिए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री सहायता योजना के तहत ये राशि दी जाएगी। इसके अलावा 'एक परिवार एक आजीविका' के तहत प्रत्येक संकटग्रस्त परिवार को सुविधा दी जाएगी। इस राशि को 10 लाख रुपये तक बढ़ाया जा सकता है जो सरकार द्वारा प्रदान की जाएगी।"
मां दुर्गा की मूर्तियों के विसर्जन के लिए सभी इंतजाम
दिल्ली: AAP मंत्री सौरभ भारद्वाज ने कहा, "...मां दुर्गा की मूर्तियों के विसर्जन के लिए सभी इंतजाम किए गए हैं। विभिन्न स्थानों पर कृत्रिम तालाब बनाए गए हैं...दुर्गा पूजा पंडालों को स्लॉट दिए गए हैं... हाइड्रा क्रेन का उपयोग किया जाएगा, जिससे देवी दुर्गा की मूर्तियों के विसर्जन में मदद मिलेगी...हमने दुर्गा पूजा समिति के सदस्यों और अग्निशमन, पुलिस, DDA, MCD,PWD और स्वास्थ्य जैसे अन्य विभागों के साथ दो बार बैठकें की हैं..."
कांग्रेस पार्टी खत्म होने की कगार पर है:तेजस्वी सूर्या
इंदौर: भाजपा सांसद तेजस्वी सूर्या ने कहा, "...देश में कांग्रेस पार्टी खत्म होने की कगार पर है। यही स्थिति तेलंगाना में भी होगी। सभी पांच राज्यों में भाजपा जीतेगी... जो नेता जड़ों से जुड़े होते हैं वे राज्य की जनता को समझते हैं..."
"कांग्रेस शासन के दौरान नक्सलवाद बढ़ा: शाह
कोंडागांव (छत्तीसगढ़): केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, "कांग्रेस शासन के दौरान नक्सलवाद बढ़ा, जबकि भाजपा ने नक्सलवाद से होने वाली हिंसा को 70 प्रतिशत कम करने का काम किया...कांग्रेस ने आदिवासियों के विकास के लिए कभी कुछ नहीं किया और केवल वादे किए जो कभी पूरे नहीं हुए।"
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, "मैं आज भूपेश बघेल से पूछना चाहता हूं कि 2018 में इसी कोंडागांव में राहुल गांधी ने जो वादे किए थे उसका क्या हुआ? उन्होंने कहा था कि बिजली का बिल आधा कर देंगे..क्या बिल आधा हुआ? बेरोजगारी भत्ता देंगे..क्या ये मिल रहा है?.......हर साल 4 गैस सिलेंडर मुफ्त में देंगे, मिला क्या?, भूमिहीन परिवारों को घर देंगे लेकिन उन्होंने तो नहीं दिया लेकिन पीएम मोदी ने 11 लाख परिवारों को घर देने का काम किया।"
हम सब एकजुट हैं:अशोक गहलोत
दिल्ली: राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा, "एक बार एक महिला ने मुझसे कहा था कि भगवान की इच्छा है कि आप चौथी बार मुख्यमंत्री बनें... मैंने उनसे कहा कि मैं मुख्यमंत्री पद छोड़ना चाहता हूं लेकिन यह पद मुझे नहीं छोड़ रहा है।" सचिन पायलट के साथ सत्ता संघर्ष पर राजस्थान के सीएम और कांग्रेस नेता अशोक गहलोत ने कहा, " हम सब एकजुट हैं। मैंने किसी भी एक उम्मीदवार (पायलट पक्ष के) का विरोध नहीं किया है।"
राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा, ''देश में क्या हो रहा है?...किसी भी पार्टी की सरकार हो, जिस तरह से न्यायपालिका पर दबाव बनाया जा रहा है, ED, इनकम टैक्स और CBI का दुरुपयोग किया जा रहा है, लोकतंत्र में यह तरीका उचित नहीं कहा जा सकता। आचार संहिता घोषित होने के बाद भी आप विपक्षी दलों पर छापेमारी करवा रहे हैं...''
Modi सरकार ने अडानी को लाखों करोड़ रुपए दिया हुआ है, बैंक से लोन लेता है....कर्जा माफ हो जाता है: राहुल गांधी
पेद्दापल्ली (तेलंगाना): कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा, "हिंदुस्तान की सरकार ने उसको (अडानी) लाखों करोड़ रुपए दिया हुआ है.....बैंक से लोन लेता है तो उसका कर्जा माफ हो जाता है, आपके मुख्यमंत्री का परिवार लोन लेता है तो उसका कर्जा माफ हो जाता है लेकिन तेलंगाना का किसान लोन लेगा तो उसका कर्जा कभी नहीं माफ होगा.... अब हम पता लगाना चाहते हैं कि किसके पास हिंदुस्तान का धन है... इसलिए हम जाति जनगणना करवाना चाहते हैं ये काम जैसे ही हमारी सरकार तेलंगाना में आएगी वैसे ही ये काम करवा दिया जाएगा। मेरा पीएम मोदी और केसीआर से सवाल है कि आप एक्सरे से क्यों डरते हो?..."
आज कोई व्यक्ति भूखा नहीं रह सकता: योगी
अलीगढ़: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, "...आज कोई व्यक्ति भूखा नहीं रह सकता क्योंकि प्रधानमंत्री मोदी ने पुख्ता व्यवस्था की है कि हर व्यक्ति को राशन मिल सके... पढ़ाई के साथ-साथ सफाई की व्यवस्था हो सके और फिर कमाई के साथ-साथ उत्तम स्वास्थ्य की भी व्यवस्था हो सके... ये समाज के अंतिम पायदान पर बैठे व्यक्ति को संसाधन के साथ जोड़ने का प्रयास होता है..."
" इस बार हमें छत्तीसगढ़ में तीन दिवाली मनानी है:शाह
जगदलपुर: छत्तीसगढ़ में परिवर्तन संकल्प महासभा को संबोधित करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, " मैं भूपेश बघेल से पूछना चाहता हूं कि केंद्र में 10 वर्ष तक आपकी (कांग्रेस) सरकार थी, आप जनजातीय मंत्रालय को कितना रुपए देते थे..उन्होंने देश भर में आदिवासी कल्याण के लिए मात्र 29,000 करोड़ रुपये दिए। लेकिन मोदी जी के प्रधानमंत्री बनने के बाद 1,32,000 करोड़ रुपये आदिवासी कल्याण पर खर्च किए गए।"
शाह ने कहा, " इस बार हमें छत्तीसगढ़ में तीन दिवाली मनानी है पहली दिवाली- दिवाली त्योहार की , दूसरी दिवाली- 3 दिसंबर को जब यहां पर बीजेपी की सरकार बनेगी और तीसरी दिवाली- जब अयोध्या में जनवरी में प्रभु श्री राम का मंदिर होगा तब भी दिवाली मनाई जाएगी।"
बीजेपी-बीआरएस एक साथ काम कर रही है: राहुल गांधी
तेलंगाना: कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा, "बीजेपी-बीआरएस-एआईएमआईएम ये तीनों पार्टियां कांग्रेस पार्टी पर हमला करती हैं...बीजेपी विपक्ष को डराने के लिए केस करती है। मैं आपसे सवाल पूछना चाहता हूं कि आपके मुख्यमंत्री के पीछे ED, CBI क्यों नहीं लगी? मैं बीजेपी से लड़ता हूं तो वो मुझ पर 24 केस कर रखे हैं.....बीजेपी और आपके मुख्यमंत्री मिले हुए हैं, बीजेपी-बीआरएस एक साथ काम कर रही है।"
कौन किसकी B टीम है?...: जी. किशन रेड्डी
कांग्रेस नेता राहुल गांधी के '''BJP की B टीम है BRS''' बयान पर केंद्रीय मंत्री जी. किशन रेड्डी ने कहा, "मैं राहुल गांधी को बताना चाहता हूं कि 2004 में कांग्रेस पार्टी ने TRS के साथ गठबंधन रखते हुए चुनाव लड़ा था। मनमोहन सिंह की सरकार में KCR मंत्री थे... कौन किसकी B टीम है?... मैं इस विषय पर राहुल गांधी से खुली बहस के लिए तैयार हूं... कागज पर लिखा हुआ भाषण देना बड़ी बात नहीं है लेकिन आप पहले इतिहास समझ लीजिए..."
अदालत में क्या जाति धर्म के आधार पर फैसले आते हैं: राजभर
फर्जी जन्म प्रमाण पत्र मामले में सपा प्रमुख अखिलेश यादव के बयान पर सुभासपा प्रमुख ओम प्रकाश राजभर ने कहा, "...समाजवादी पार्टी की तानाशाही और गुंडागर्दी के चलते ये जातीय प्रमाण पत्र बनवाया गया होगा... गलती है, गलती को स्वीकार करना चाहिए। अदालत में क्या जाति धर्म के आधार पर फैसले आते हैं?... जो रिपोर्ट न्यायालय में जाती है उसी आधार पर फैसले होते हैं...:
दिल्ली एक्साइज पॉलिसी मामले में सीबीआई केस की सुनवाई 22 नवंबर तक के लिए स्थगित
दिल्ली की राऊज एवेन्यू कोर्ट ने दिल्ली एक्साइज पॉलिसी मामले में सीबीआई केस की सुनवाई 22 नवंबर तक के लिए स्थगित कर दी है। दिल्ली के पूर्व डिप्टी सीएम और AAP नेता मनीष सिसौदिया को एक्साइज पॉलिसी मामले में सुनवाई के लिए दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट लाया गया था।
कांग्रेस ने मध्य प्रदेश को बीमारू प्रदेश बनाया था:शिवराज सिंह चौहान
मध्य प्रदेश: शिवराज सिंह चौहान ने कहा, "कांग्रेस ने मध्य प्रदेश को बीमारू प्रदेश बनाया था, जहां बुनियादी सुविधाओं का आकाल था... प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली डबल इंजन की सरकार ने प्रदेश में चमत्कार किया है... हम जनता को जाकर अपने काम बता रहे हैं और कुछ लोग श्मसान घाट में तांत्रिक क्रियाएं करवा रहे हैं... क्या इससे प्रदेश और प्रदेश की जनता का भला होगा?... कांग्रेस ने योजनाएं बंद करने का पाप किया है।"
देश में सबसे ज्यादा भ्रष्टाचार तेलंगाना में है: राहुल गांधी
तेलंगाना: कांग्रेस सांसद राहुल गांधी भूपालपल्ली से पन्नूर गांव तक पार्टी की 'विजयभेरी यात्रा' में शामिल हुए।| कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा, "मुझे लग रहा है कि केसीआर चुनाव में हारने वाली है......राजा और प्रजा के बीच लड़ाई है। आपने तेलंगाना का सपना देखा था, पहले दूर से लोग आप पर राज करते थे लेकिन आप चाहते थे कि तेलंगाना की जनता तेलंगाना पर राज करे और पता लगा कि आपके मुख्यमंत्री आपसे दूर होते गए। आपने सोचा कि जनता का राज होगा लेकिन सिर्फ एक परिवार का राज तेलंगाना में हुआ है। पूरा का पूरा कंट्रोल एक परिवार के हाथ में है, देश में सबसे ज्यादा भ्रष्टाचार तेलंगाना में है।"
तेलंगाना के लोगों के बारे में राहुल गांधी को चिंता करने की ज़रूरत नहीं: BRS
BRS MLC के. कविता ने कहा,, "कांग्रेस नेता राहुल गांधी तेलंगाना के दौरे पर हैं, उन्होंने कुछ परियोजनाओं को लेकर तेलंगाना सरकार पर 1 लाख करोड़ रुपये का भ्रष्टाचार करने का आरोप लगाया... तेलंगाना के लोगों के बारे में राहुल गांधी को चिंता करने की ज़रूरत नहीं है... अपना राज्य खुद कैसे चलाना है ये हम जानते हैं। प्रति व्यक्ति आय के मामले में, धान उत्पादन और सिंचाई परियोजना के मामले में हम देश में नंबर एक राज्य हैं...'"
विधायक खरीदने में माहिर है असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा :बघेल
छत्तीसगढ़: असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के बयान पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा, "हिमंत बिस्वा सरमा वही व्यक्ति है जिसके खिलाफ ये लोग(भाजपा) पानी पीकर जांच करते थे। जब से वह भाजपा में शामिल हुए हैं उनके खिलाफ जांच रुक गई है... ये लोग हमें तो बहुत ATM कहते हैं... छत्तीसगढ़ सरकार ने 1,75,000 रुपये वितरित किए हैं... असम के मुख्यमंत्री जो विधायक खरीदने में माहिर हैं वो तो सीधा-सीधा बैंक हैं, जो विधायकों की खरीद-फरोख्त करते हैं।"
हमास के लिए लड़ने के लिए सुप्रिया सुले को गाजा भेजेंगे शरद पवार: हिमंत बिस्वा सरमा
दिल्ली: इजराइल-फिलिस्तीन संघर्ष पर NCP प्रमुख शरद पवार के कथित बयान पर असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा, "मुझे लगता है कि शरद पवार हमास के लिए लड़ने के लिए सुप्रिया (सुले) को गाजा भेजेंगे।"
यह एक मानवीय संकट है....: मनोज झा
असम के सीएम हिमंत बिस्वा सरमा के बयान पर राजद सांसद मनोज झा ने कहा, "यह एक मानवीय संकट है और वे इसका घरेलू फायदा उठाना चाहते हैं..आप एक बार रिविजट करिए कि फिलिस्तीन को लेकर देश का क्या नजरिया रहा है...."
महिलाओं के प्रति अपमानजनक है भाजपा : सुप्रिया सुले
हिमंत बिस्वा सरमा के बयान पर NCP सांसद सुप्रिया सुले ने कहा, "मैं आश्चर्यचकित हूं क्योंकि हिमंत बिस्वा सरमा का डीएनए मेरे जैसा ही है, वह मूल रूप से कांग्रेस से हैं। उनका और मेरा डीएनए एक ही है... आप जानते हैं कि भाजपा महिलाओं के प्रति कैसे अपमानजनक है। मुझे हिमंत बिस्वा सरमा से उम्मीदें थीं......बीजेपी आईटी सेल को शरद पवार ने जो कहा है उसे ध्यान से समझने और सुनने की जरूरत है।"
असम के सीएम जिस पार्टी (BJP) में हैं वह हमास से कम नहीं है :राउत
हिमंत बिस्वा सरमा के बयान पर शिवसेना (UBT) सांसद संजय राउत ने कहा, "असम के सीएम जिस पार्टी में हैं वह हमास से कम नहीं है..... उन्हें पहले इतिहास पढ़ना और समझना चाहिए। वो बीजेपी में हैं तो उन्हें पलेस्टाइन-इजराइल के बारे में पूर्व पीएम अटल बिहारी वाजपेयी की क्या भूमिका रही है उन्हें जानना चाहिए।"
कांग्रेस पार्टी आतंकवाद के खिलाफ थी और है
दिल्ली: इज़राइल-हमास संघर्ष पर कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने कहा, "कांग्रेस पार्टी आतंकवाद के खिलाफ थी और है। इज़राइल फिलिस्तीन में आतंकवाद के नाम पर जिस तरह से निर्दोष नागरिकों की हत्या कर रहा है, मैं उसकी निंदा करता हूं। अस्पताल में जिस तरह से धमाका हुआ वो निंदनीय है। इज़राइल की धरती पर आतंकवादी गतिविधि नहीं होनी चाहिए। निर्दोष व्यक्तियों की हत्या कहीं भी नहीं होनी चाहिए।"
बीजेपी का मतलब ही है लोगों में भ्रम फैलाना:तेजस्वी यादव ने
पटना: कृषि रोड मैप पर बिहार के डिप्टी सीएम और राजद नेता तेजस्वी यादव ने कहा, "प्रत्येक कृषि रोड मैप का एक्शन प्लान और बजट होता है और सबको पता है कि बिहार में कितना उत्पादन बढ़ा है चाहे वो चावल, सब्जियों और फलों का उत्पादन हो। बीजेपी का मतलब ही है लोगों में भ्रम फैलाना है। ये लोग उसी पर लगे हुए हैं।"
ईरान के बैलिस्टिक मिसाइल और यूएवी कार्यक्रमों का मुकाबला करने के लिए नए प्रतिबंध:
अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन ने कहा, "आज, संयुक्त राज्य अमेरिका ईरान के बैलिस्टिक मिसाइल और यूएवी कार्यक्रमों का मुकाबला करने के लिए नए प्रतिबंध लगा रहा है|
AIU त्रिची ने 24K शुद्धता वाली 717 ग्राम सोना जब्त किया
त्रिची सीमा शुल्क उपायुक्त ने कहा, "AIU त्रिची ने 24K शुद्धता वाली 717 ग्राम सोना जब्त किया है, जिसकी कीमत 42.91 लाख रुपए है। 17 अक्टूबर को त्रिची हवाई अड्डे पर कुआलालंपुर से आए एक यात्री द्वारा मलाशय में छुपाए गए कैप्सूल में रखे गए सोने के पेस्ट से सोने की ईंट निकाली गई थी|
खदानें, एयरपोर्ट, रेलवे सब अडानी को जा रहा है:भूपेश बघेल
छत्तीसगढ़: कांग्रेस नेता राहुल गांधी के (अडानी जी इंडोनेशिया से कोयला खरीदते हैं और जब वो कोयला हिंदुस्तान पहुंचता है तो उसका दाम बढ़ जाता है। इस तरह से अडानी जी ने करीब 12 हजार करोड़ रुपए सीधे हिंदुस्तान के नागरिकों की जेब से निकाला है। अडानी ने कोयले के दाम को बढ़ाया, जिससे बिजली महंगी हो गई।) बयान पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा, "खदानें, एयरपोर्ट, रेलवे सब अडानी को जा रहा है... ऐसा क्या है जो सभी चीज़ें अडानी के हाथों में दी जा रही हैं?... राहुल गांधी सही कह रहे हैं... आज अगर बिजली बिल बढ़ा है तो अडानी के द्वारा महंगा कोयला खरीदने के कारण ही बढ़ा है..."
आजम खान मुसलमान हैं इसलिए उन्हें.....:अखिलेश यादव
रामपुर MP-MLA कोर्ट द्वारा फर्जी जन्म प्रमाण पत्र मामले में सपा नेता आजम खान, उनकी पत्नी तंजीम फातिमा और उनके बेटे अब्दुल्ला आजम खान को सजा सुनाए जाने पर सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा, 'आजम खान और उनके परिवार को न्याय मिलेगा। उनके खिलाफ बड़ी साजिश रची जा रही है। इस साजिश का ही परिणाम है कि आज उन्हें इस तरह की सजा का सामना करना पड़ रहा है... भाजपा के अंदर जो लोग बैठे हैं उनका कहना है कि आजम खान मुसलमान हैं इसलिए उन्हें इस तरह की सजा का सामना करना पड़ रहा है।"''