Russia Ukraine Crisis: रूस और यूक्रेन बीच युद्ध के दौरन खारकीव शहर में मंगलवार सुबह गोलाबारी में एक भारतीय छात्र की मौत पर PM मोदी, कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी समेत कई नेताओं ने शोक व्यक्त किया है| बता दें रूस के हमले के बाद यूक्रेन में जारी युद्ध में यह किसी भारतीय व्यक्ति की मौत का पहला मामला है| मृतक छात्र की पहचान 21 वर्षीय नवीन शेखरप्पा के रूप में हुई है, जो कर्नाटक के चलागेरी का रहने वाला था| देशभर के लोगों ने इस घटना को लेकर दुख व्यक्त किया है| साथ ही विपक्ष ने केंद्र सरकार पर निशाना भी साधा है|
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यूक्रेन के खार्किव में आज सुबह गोलीबारी में मारे गए एक भारतीय छात्र नवीन शेखरप्पा के पिता से बात की। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने ट्वीट किया, "भारतीय छात्र नवीन की यूक्रेन में जान गंवाने की दुखद खबर मिली| उनके परिवार और दोस्तों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदना. मैं दोहराता हूं, भारत सरकार को सुरक्षित निकासी के लिए एक रणनीतिक योजना की आवश्यकता है| हर मिनट कीमती है|
भारत में यूक्रेन के राजदूत डॉ. इगोर पोलिखा ने कहा,''यूक्रेन के खार्किव में गोलाबारी में मारे गए भारतीय छात्र नवीन शेखरप्पा की मौत पर मैं अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। पहले सैन्य स्थलों पर गोलाबारी बमबारी की जा रही थी लेकिन अब नागरिक क्षेत्रों में भी हो रही है:
कांग्रेस सांसद अधीर चौधरी ने ट्वीट कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा और कहा, "भारतीय छात्र की मौत की दिल दहला देने वाली घटना के बारे में जानकर मैं बिल्कुल स्तब्ध और व्यथित हूं... नरेंद्र मोदी जी को चुनाव के बजाय युद्धग्रस्त यूक्रेन से भारतीय छात्रों को निकालने पर ध्यान देना चाहिए| स्थिति बद से बदतर होती जा रही है| भारत के उन लाचार छात्रों के साथ पूरा देश खड़ा है| भगवान उन्हें बचाए|
कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने दुःख जताया है| उन्होंने कहा कि यूक्रेन में फंसे भारतीय छात्र नवीन की मृत्यु की खबर बहुत ही दुखदाई है| उनके परिजनों के प्रति मेरी गहरी शोक संवेदनाएं| ईश्वर उन्हें इस दुख की घड़ी में साहस दें| प्रियंका गांधी वाड्रा ने ट्वीट में कहा- मेरा सरकार से निवेदन है कि हरसंभव प्रयास कर जल्द से जल्द हमारे सभी छात्र-छात्राओं को वापस लाया जाए|
समाजवादी पार्टी के नेता अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधा| पूर्व सीएम ने कहा कि "यूक्रेन युद्ध में एक भारतीय छात्र नवीन की मृत्यु का समाचार बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है. भावभीनी श्रद्धांजलि!"...उन्होंने कहा "भाजपा सरकार की ढिलाई की वजह से आज एक परिवार ने अपना बच्चा खोया है| जनता सब देख रही है, मंत्रियों के पास चुनाव में प्रचार करने का समय है लेकिन भारतीयों को बचाने का नहीं दुःखद|"
राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने ट्वीट किया, "यूक्रेन के खारकीव में भारतीय छात्र नवीन की मृत्यु का समाचार दुखद है| मैं भारत सरकार से पुन: निवेदन करता हूं कि उच्चतम स्तर पर वार्ता कर सभी भारतीयों को यूक्रेन से सुरक्षित बाहर निकाला जाए| यूक्रेन की परिस्थितियों में भारतीयों को अपने हाल पर नहीं छोड़ा जाना चाहिए|
कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सूरजेवाला ने निशाना साधते हुए ट्वीट किया, "मोदी जी, आपकी सरकार की संवेदन शून्यता के कारण कर्नाटक के जिस परिवार ने अपने बच्चे को खो दिया, उन्हें क्या कहेंगे ? यूक्रेन रूस युद्ध के बीच 20000 हज़ार भारतीयों की ज़िन्दगी हर पल ख़तरे में है और आप ये सब करने में जुटे हैं? हज़ारों बच्चों को सुरक्षित लाने की जिम्मेदारी किसकी है?
कवि कुमार विश्वास ने ट्वीट किया,''हे ईश्वर हमें क्षमा करना. नवीन
हम अपना-अपना वर्तमान बचाने में लगे हैं, शायद इसलिए देश का भविष्य नहीं बचा पा रहे।