नई दिल्ली: अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मौत के मामले पर नेशनलिस्ट कांग्रेस पार्टी के प्रमुख शरद पवार ने कहा कि मैंने पिछले 50 वर्षों से महाराष्ट्र और मुंबई पुलिस को देखा है और मुझे उन पर भरोसा है। मैं इस पर टिप्पणी नहीं करना चाहता कि दूसरों ने उन पर क्या आरोप लगाए हैं। अगर किसी को लगता है कि सीबीआई या किसी अन्य एजेंसी को मामले की जांच करनी चाहिए तो मैं इसका विरोध नहीं करूंगा|
नेशनलिस्ट कांग्रेस पार्टी के प्रमुख शरद पवार ने कहा कि,''यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि एक व्यक्ति आत्महत्या करके मर गया, लेकिन इसकी इतनी चर्चा क्यों हो रही है? मुझे नहीं लगता कि यह इतना बड़ा मुद्दा है। एक किसान ने मुझे बताया कि 20 से अधिक किसान आत्महत्या करके मर चुके हैं, किसी ने इस बारे में बात नहीं की|
अजीत पवार के बेटे पार्थ पवार की ओर से सीबीआई जांच की मांग किए जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि,''पार्थ पवार की मांग को हम महत्व नहीं देते हैं, क्योंकि वह अपरिपक्व है| उन्होंने कहा कि,''यह राज्य सरकार और सीबीआई के बीच का मुद्दा है| मैं विवरण में नहीं जाना चाहता|लेकिन मुझे महाराष्ट्र की पुलिस पर पूरा भरोसा है| अगर इस मामले में कोई CBI या अन्य एजेंसियों से विस्तृत जांच चाहता है तो मैं इसका विरोध नहीं करूंगा|
शरद पवार ने कहा कि मैं परसों सतारा में था| वहां एक किसान ने आकर मेरा हाथ पकड़ लिया और मुझसे कहा कि मीडिया में सुशांत की आत्महत्या की बहुत चर्चा हो रही है, लेकिन मेरे जिले में कम से कम 20 किसानों ने आत्महत्या की है, कोई यहां उनका नाम तक नहीं पूछता है| तब मुझे पता चला कि इस मामले में जनता क्या सोचती है|