नई दिल्ली: राज्यसभा में विपक्ष के जोरदार हंगामे के बीच रविवार को कृषि क्षेत्र से जुड़े दो विधेयक संसद में पास हो गए| किसान बिल पास होने के बाद केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा,इन दोनों बिल से न तो APMC समाप्त हो रही है और न ही MSP समाप्त हो रही है। इससे पहले भी हमारी सरकार ने बराबर MSP बढ़ाया है। और जो वादा किया था कि किसानों की आमदनी को दोगुना करेंगे इस लक्ष्य को भी काफी हद तक कामयाब हुए हैं|
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा,''कृषि के ये दोनों विधेयक किसान और कृषि इन दोनों के लिए ऐतिहासिक है। इसे लागू करने से स्वाभाविक रूप से किसानों की आमदनी बढ़ेगी। लेकिन किसानों के बीच गलतफहमी पैदा की जा रही हैं| इससे किसानों की आय बढ़ेगी। परन्तु किसानों के बीच गलतफहमी पैदा की जा रही है कि MSP खत्म कर दी जाएगी जबकि ऐसा नहीं है किसी भी सूरत में MSP समाप्त नहीं होगा
उन्होंने कहा कि,''केवल भ्रामक तथ्यों के आधार पर कुछ विपक्षी दलों द्वारा दुष्प्रचार करने की कोशिश की जा रही है कि MSP को सरकार ख़त्म करने जा रही है। मैं स्वयं किसान हूँ। मैं दो टूक शब्दों में किसानों को स्पष्ट बताना चाहता हूँ कि MSP और APMC की व्यवस्था हर क़ीमत पर आगे भी जारी रहेगी।
राजनाथ सिंह ने कहा,''आज राज्य सभा में जब कृषि से संबंधित दो विधेयकों पर चर्चा चल रही थी, उस समय राज्य सभा में जो कुछ भी हुआ वो दु:खद, दुर्भाग्यपूर्ण और अत्यधिक शर्मनाक था| राज्य सभा के डिप्टी चेयरमैन के साथ जो दुर्व्यवहार हुआ है उसे सारे देश ने देखा है। संसदीय परंपराओं में विश्वास रखने वाला कोई भी व्यक्ति आज इस प्रकार की घटना से आहत होगा|
राजनाथ सिंह ने कहा,''संसद की कार्यवाही चलाने के लिए जहां तक सत्ता पक्ष की आवश्यकता होती है वहीं पर विपक्ष का भी सहयोग आपेक्षित है। लेकिन किसानों में गलतफहमी पैदा करके केवल निहित राजनीतिक स्वार्थ को साधने की जो कोशिश की जा रही है, वो स्वस्थ्य लोकतांत्रिक परंपराओं के अनुकूल यह नहीं है।
राजनाथ सिंह ने कहा,''बड़े ही हर्ष का विषय है कि राज्यसभा में पारित होने के बाद कृषि क्षेत्र में व्यापक सुधार लाने में सक्षम दो विधेयकों, किसान उत्पादन व्यापार और वाणिज्य (संवर्धन और सुविधा) विधेयक और किसान (सशक्तिकरण और संरक्षण) मूल्य आश्वासन और कृषि सेवा समझौता विधेयक को संसद की मंजूरी मिल गई है।
राजनाथ सिंह ने कहा प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में और कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर के दिशानिर्देशन में आज ‘आत्मनिर्भर कृषि’ की मजबूत नींव रख दी गई है | संसद में इन दोनों विधायकों के पारित हो जाने के बाद कृषि क्षेत्र में वृद्धि और विकास का एक नया इतिहास लिखा जायेगा।इन दोनों विधेयकों के पारित होने में न केवल भारत की खाद्य सुरक्षा मजबूत होगी बल्कि किसानों की आय को दोगुना करने की दिशा में भी यह एक बड़ा प्रभावी कदम सिद्ध होगा | इस अभूतपूर्व कृषि सुधार के लिए मै प्रधानमंत्रीजी का हार्दिक अभिनन्दन करते हुए कृषिमंत्री जी को धन्यवाद देता हूं