नई दिल्ली: केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने कहा,'''ऑक्सीजन पर्याप्त मात्रा में पहले भी था और अब तो इसे और भी बढ़ाया गया है। लोगों को ऑक्सीजन के बारे में सही ज्ञान आवश्यक है। जिसे जरूरत है उसे ऑक्सीजन मिलनी चाहिए। अपने आप अस्पताल न भागें। डॉक्टर कहते हैं कि अस्पताल में रहने की जरूरत है तो जरूर जाएं|
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने कहा,'लेडी हार्डिंग मेडिकल कॉलेज में कुछ ही दिनों में 400 से ज्यादा बेड शुरू होंगे। ये ऑक्सीजन सपोर्टेड होंगे और अधिकांश पर वेंटिलेटर की सुविधा होगी। मैंने इनका खुद निरीक्षण किया है। मुझे आश्वासन मिला है कि हफ्ते के अंदर ये बेड शुरू हो जाएंगे|
हर्षवर्धन ने कहा,'कल कोविन प्लैटफॉर्म को शुरू करने के 3 घंटे के अंदर 88 लाख नौजवान वैक्सीनेशन के लिए बुक कर चुके थे। जिस तेजी से लोग वायरस की चपेट में आ रहे हैं उतनी ही तेजी से ठीक भी हो रहे हैं। हमारी मृत्यु दर शायद दुनिया में सबसे कम 1.11% है|
हर्षवर्धन ने कहा,'हमारा सबसे बड़ा हथियार कोविड अनुरूप व्यवहार है। मास्क से बड़ा कोई हथियार नहीं है। जो मर्जी हो करें लेकिन कोविड अनुरूप व्यवहार मत भूलिये। दो गज की दूरी को मत भूलिये और थोड़े भी लक्षण हैं तो टेस्ट जरूर कराएं|