नई दिल्ली: मणिपुर हिंसा और महिलाओं को 'नग्न' घुमाने की घटना पर आज यानी सोमवार को (24 जुलाई 2023 को संसद के दोनों सदनों में सोमवार को जमकर हंगामा हुआ| मणिपुर मुद्दे पर सदन में विपक्ष के विरोध के दौरान राज्यसभा सभापति ने AAP सांसद संजय सिंह को मानसून सत्र की शेष अवधि के लिए निलंबित कर दिया। राज्यसभा सभापति द्वारा आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह को संसद से पूरे सत्र के लिए निलंबित किए जाने के बाद आम आदमी पार्टी के सांसद राघव चड्ढा ने उनके (संजय सिंह के) निलंबन का 'खंडन' और 'विरोध' किया।
राज्यसभा से पूरे सत्र के लिए निलंबित किए जाने के बाद आम आदमी पार्टी के नेता संजय सिंह ने कहा कि,देश के प्रधानमंत्री सदन में आकर मणिपुर की हिंसा पर जवाब क्यों नहीं दे रहे हैं। एक कारगिल के योद्धा की पत्नी को नंगाकर परेड कराया गया। भारत के 140 करोड़ लोगों का सर शर्म से झुक गया है। लेकिन प्रधानमंत्री सदन में आकर जवाब देने के लिए तैयार नहीं है|
राज्यसभा सभापति द्वारा आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह को संसद से पूरे सत्र के लिए निलंबित किए जाने कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने कहा कि, भारत में जितने राजनीतिक दल हैं वे सब संजय सिंह के साथ हैं। सभी (राजनीतिक दल) के प्रतिनिधि यहां मौजूद हैं। हम सब संजय सिहं जी के साथ गांधी जी की प्रतिमा के पास जाकर विरोध करेंगे|
कांग्रेस सांसद दिग्विजय सिंह ने कहा कि,'जब यह प्रधानमंत्री बनकर आए थे उन्होंने नौटंकी की थी, उन्होंने इस लोकतंत्र की मंदिर पर संविधान को धोक दिया था। पिछले 9 सालों उन्होंने लोकतांत्रिक और संसदीय परंपराओं को तिलांजली दी है। मणिपुर 2.5 महिने से जल रहा है... प्रधानमंत्री को सदन में बोलना चाहिए। सदन से बाहर उन्होंने इसका राजनीतिकरण किया। मणिपुर के जैसे हालात किस राज्य में हैं जो उन्होंने राजस्थान और छत्तीसगढ़ से जोड़ा? अगर उन्होने (संजय सिंह) वेल में ???कर कुछ कह दिया तो उन्होंने ऐसा कौन सा अपराध कर दिया कि उनको पूरे सत्र के लिए निलंबित कर दिया? हम इसकी निंदा करते हैं|
सपा सांसद जया बच्चन ने कहा कि,'मणिपुर के विषय में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चर्चा हो रही है लेकिन हमारे देश में नहीं हो रही... यह शर्म की बात है|
सांसद संजय राउत ने कहा कि,'हम चाहते हैं कि संजय सिंह का निलंबन वापस लिया जाए। निलंबन क्यों किया गया? हम बार-बार सभापति का ध्यान मणिपुर की ओर आकर्षित कर रहे थे लेकिन वे सुनने को तैयार नहीं थे इसलिए हमारे पास उनके सामने जाकर बोलने के अलावा और कोई रास्ता नहीं था...प्रधानमंत्री को चर्चा के लिए आने में क्या दिक्कत है? वे आते हैं तो उनका बड़प्पन और बढ़ जाएगा|
राउत ने कहा कि,''जिस तरह से मणिपुर में हिंसा भड़क रही है, महिलाओं की हत्याएं हो रही हैं, क्या उसके लिए हम सदन में आवाज नहीं उठा सकते? सरकार से सवाल नहीं पूछ सकते?...इस पर हम सदन में चर्चा करना चाहते हैं और यह पूरी चर्चा हमारे प्रधानमंत्री मोदी सुनें, बाद में वे जवाब दें|
कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने कहा कि,'मुझे लगता है कि इस मुद्दे(मणिपुर) को प्रधानमंत्री द्वारा सदन में उपस्थित होने से आसानी से हल किया जा सकता है जिसके वे खुद भी सदस्य हैं और इसके प्रति वह जवाबदेह हैं। हम एक ऐसी स्थिति देख रहे हैं जो इतनी महत्वपूर्ण है कि सरकार के मुख्य कार्यकारी से कम कोई भी इस पर शुरुआत में नहीं बोल सकता है। गृह मंत्री और अन्य लोग अपनी भूमिका निभा सकते हैं, मुझे यकीन है लेकिन प्रधानमंत्री ने संसद के बाहर मीडिया से बात करना उचित समझा, जब सत्र चल रहे हैं तब यह स्वीकार्य नहीं|
कांग्रेस सांसद अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि,'अगर प्रधानमंत्री आकर मणिपुर के मुद्दे पर चर्चा करेंगे तो आसमान तो नहीं फट जाएगा? पूरी दुनिया में इस मुद्दे पर चर्चा हो रही है...हमारी बस छोटी सी मांग है कि मणिपुर में आज जो गंभीर हालात हैं उसपर प्रधानमंत्री चर्चा के लिए आए|
यह भी पढ़ें: मणिपुर में भीड़ ने महिलाओं को निर्वस्त्र कर घुमाया, फिर किया गैंगरेप, एक अपराधी गिरफ़्तार
कांग्रेस सांसद शक्तिसिंह गोहिल ने कहा कि,'मणिपुर जल रहा है और प्रधानमंत्री, गृह मंत्री कर्नाटक के चुनाव में लगे थे... वे (प्रधानमंत्री) तब बोले जब देश के सुप्रीम कोर्ट ने उनको फटकार लगाई तब उन्होंने सदन के बाहर कुछ सेकंड के लिए कहते हैं कि मुझे बहुत दर्द हुआ। चाणक्य ने सही कहा है कि किसी शासक को यह अधिकार नहीं है कि वे सार्वजनिक तौर पर कहे कि मुझे दर्द हुआ। यह उनकी ज़िम्मेदारी है कि दर्द, क्रोध आए ऐसी घटना न घटे वह देखने का काम शासक का है|
यह भी पढ़ें: मणिपुर में महिलाओं को 'नग्न' घुमाने की घटना पर SC सख्त, कहा- सरकार कार्रवाई करे वरना हम...
लोक जनशक्ति पार्टी के अध्यक्ष चिराग पासवान ने कहा कि,'पहले आप(विपक्ष) चर्चा तो शुरु करें। जब तक चर्चा शुरु नहीं करेंगे तब तक जनता तक ये बात कैसे जाएगी कि विपक्ष क्या सोच रहा है या सत्ता पक्ष क्या सोच रहा है...सड़क पर उतरकर हंगामा करके कुछ नहीं होने वाला|
भाजपा सांसद सुशील कुमार मोदी ने कहा कि,'हम मणिपुर पर बहस के लिए तैयार हैं लेकिन इसके साथ बिहार में जो लाठीचार्ज हुआ, बंगाल में जो हिंसा हुई, उस पर भी बहस कराने के लिए मैंने नोटिस दिया था और स्पीकर ने उसको स्वीकार कर लिया। आज AAP सांसद संजय सिंह ने जिस प्रकार हंगामा शुरु किया कि मजबूरन सदन को उनको निष्कासित करना पड़ा है। जब सरकार चर्चा के लिए तैयार है तो फिर ये(विपक्ष) सदन को क्यों नहीं चलने दे रहे|