नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज 6 लाईट हाउस प्रोजेक्ट (एलएचपी) का शिलान्यास किया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए छह राज्यों में ग्लोबल हाउसिंग टेक्नोलॉजी चैलेंज इंडिया (GHTC-India) के तहत लाइट हाउस परियोजनाओं की आधारशिला रखी। छह राज्यों -- मध्य प्रदेश में इन्दौर, गुजरात में राजकोट, तमिलनाडु में चेन्नई, झारखण्ड में रांची, त्रिपुरा में अगरतला और उत्तर प्रदेश में लखनऊ को लाईट हाउस प्रोजेक्ट के तहत आवास बनाने के लिए चुना है।
प्रधानमंत्री मोदी ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि,''ये 6 प्रोजेक्ट वाकई लाइट हाउस यानी प्रकाश स्तंभ की तरह हैं। ये 6 प्रोजेक्ट देश में हाउसिंग कंस्ट्रक्शन को नई दिशा दिखाएंगे। देश के हर क्षेत्र से राज्यों का इस अभियान में जुड़ना कॉपरेटिव फेडरलिज्म की हमारी भावना को और मजबूत कर रहा है|हर जगह एक साल में 1,000 घर बनाए जाएंगे, इसका मतलब प्रतिदिन 2.5-3 घर बनाने का औसत आएगा। अगली 26 जनवरी से पहले इस काम में सफलता पाने का इरादा है|
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि,'' देश में ही आधुनिक हाउसिंग तकनीक से जुड़ी रिसर्च और स्टार्टअप्स को प्रमोट करने के लिए आशा इंडिया प्रोग्राम चलाया जा रहा है। इसके माध्यम से भारत में ही 21वीं सदी के घरों के निर्माण की नई और सस्ती तकनीक विकसित की जाएगी|घर बनाने से जुड़े लोगों को नई तकनीक से जुड़ी स्किल अपग्रेड करने के लिए सर्टिफिकेट कोर्स भी शुरू किया जा रहा है ताकि देशवासियों को घर निर्माण में दुनिया की सबसे अच्छी तकनीक और मटेरियल मिल सके|
प्रधानमंत्री ने कहा कि,'लोगों के पास अब RERA जैसे कानून की शक्ति है। RERA ने लोगों में ये भरोसा लौटाया है कि जिस प्रोजेक्ट में वो पैसा लगा रहे हैं, वो पूरा होगा, उनका घर अब फंसेगा नहीं| उन्होंने कहा,'जो लोग हमारे मज़दूर के सामर्थ्य को स्वीकार नहीं करते थे कोरोना ने उन्हें स्वीकार करने के लिए मज़बूर कर दिया। शहरों में हमारे श्रमिकों को उचित किराए पर मकान उपलब्ध नहीं होते हैं। हमारे श्रमिक गरिमा के साथ जीवन जिये ये हम सब देशवासियों का दायित्व है| इसी सोच के साथ सरकार उद्योगों के साथ और दूसरे निवेशकों के साथ मिलकर उचित किराए वाले घरों का निर्माण करने पर बल दे रही है और कोशिश ये भी है कि जहां वो काम करते हैं उसी इलाके में उनका मकान हो|
इस दौरान उत्तर प्रदेश CM योगी आदित्यनाथ ने कहा,''सबके लिए आवास की इस योजना में शहरी क्षेत्र में यूपी ने अब तक 17 लाख 58 हजार से अधिक परिवारों को एक-एक आवास उपलब्ध कराया है। जिनमें 6 लाख 15 हजार आवास पूर्ण होकर सभी गरीब परिवारों को उपलब्ध कराए जा चुके हैं| आज आदरणीय प्रधानमंत्री जी की प्रेरणा से आवासन व शहरी कार्य मंत्रालय भारत सरकार के ग्लोबल हाउसिंग टेक्नोलॉजी चैलेंज इंडिया के प्रारम्भ होने के अवसर पर आदरणीय प्रधानमंत्री जी का मैं हृदय से अभिनंदन करता हूं|
उत्तर प्रदेश CM योगी आदित्यनाथ ने कहा,'विश्वास के साथ कहा जा सकता है लाइट हाउस प्रोजेक्ट मील का पत्थर साबित होगा। आदरणीय पीएम जी के मार्गदर्शन में देश के अंदर सबके लिए आवास की योजना में यूपी ने आज जो स्थान प्राप्त किया मैं पीएम जी की प्रेरणा व मार्गदर्शन को श्रेय देता हूं|