नई दिल्ली: महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में मौसम का बुरा हाल है| भारी बारिश के साथ तूफानी हवाओं ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं| पीएम नरेंद्र मोदी ने महाराष्ट्र के सीएम उद्धव ठाकरे से भारी बारिश के कारण मुंबई और आसपास के इलाकों में व्याप्त स्थिति के बारे में बात की। पीएम ने हरसंभव मदद का आश्वासन दिया| प्रधानमंत्री कार्यालय ने इस बात की जानकारी दी|
उधर मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने बुधवार को मुंबई और आसपास के इलाकों में हो रही मूसलाधार बारिश के मद्देनजर लोगों से जरूरी नहीं होने पर घर से बाहर नहीं निकलने की अपील की है| सीएम ने हालात का जायजा लिया और बीएमसी से कहा कि पुलिस, रेलवे अधिकारियों, स्वास्थ्य महकमे और एनडीआरएफ के साथ समन्वय करें ताकि यह सनिश्चित किया जा सके कि लोगों को कोई परेशानी नहीं हो|
मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी बयान में कहा गया कि सीएम ठाकरे ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे भारी बारिश की वजह से जलजमाव,पेड़ उखड़ने और बिजली आपूर्ति बाधिक होने जैसी स्थितियों की निगरानी करें| बयान के मुताबिक मुंबई महानगर क्षेत्र विकास प्राधिकारण के अधिकारियों से यह सुनिश्चित करने को कहा गया कि मेट्रो रेल निर्माण के कार्यस्थल पर कोई अप्रिय हादसा नहीं हो|
गौरतलब है कि मुंबई और पड़ोसी ठाणे और पालघर जिले में बुधवार को भारी बारिश हुई और रेल पटरियों पर पानी जमा हो जाने से उपनगरीय रेल सेवा प्रभावित हुई|
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के नई दिल्ली स्थित राष्ट्रीय मौसम पूर्वानुमान केंद्र/क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार: आज, 5 अगस्त,को भारतीय मानक समय के अनुसार सुबह 08:30 बजे से 17:30 बजे के दौरान मुंबई में हुई वर्षा (≥ 20 सेमी) अत्याधिक भारी वर्षा पहले ही मुंबई के कई हिस्सों में देखी जा चुकी है: कोलाबा: 22.9 सेमी, सांताक्रूज: 8.8 सेमी।
मुंबई के ऊपर चली सतही हवा: कोलाबा के ऊपर 60-70 किमी प्रति घंटे की हवा रिपोर्ट की गई है। आज भारतीय मानक समय के अनुसार 17:00-17:15 बजे के दौरान वायु की गति बढ़ कर कोलाबा के ऊपर 107 किमी प्रति घंटे तक पहुंच गई थी।
मुंबई एवं निकटवर्ती कोंकण तट के साथ तेज हवा, जिसकी गति 70 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, के 06 अगस्त की सुबह तक जारी रहने का अनुमान है और उसके बाद धीरे-धीरे उसमें कमी आने की उम्मीद है।आज रात मुंबई के ऊपर अत्यधिक भारी वर्षा जारी रहने और कल 06 अगस्त से उसमें कमी आने का अनुमान है।